इसी साल रिलीज हुई 'धुरंधर 2' फिल्म ने देशभर में काफी धमाल मचाया था। सिर्फ फिल्म ही नहीं, इसके गानों ने भी लोगों का दिल जीता था। अब इसी फिल्म से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जिसने एक बार फिर 'धुरंधर: द रिवेंज' को चर्चा में ला दिया है।

पिछले कुछ दिनों से ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 को लेकर फिल्म का नाम काफी चर्चे में है और अब फिल्म के फेमस गाने 'फिर से...' को लेकर सिंगर अरिजीत सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक अपडेट शेयर कर बताया है कि गाने को 69वें ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए कंसीडरेशन लिस्ट में जगह मिल गई है।

ग्रैमी 2027 के लिए शॉर्टलिस्ट हुआ 'फिर से' सॉन्ग

अरिजीत सिंह ने इंस्टाग्राम पर आज यानी मंगलवार को एक पोस्ट शेयर कर जानकारी दी है कि 'धुरंधर: द रिवेंज' के इमोशनल गाने 'फिर से...' को 69वें ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए विचार किए जाने वाले गानों की लिस्ट में शामिल कर लिया गया है। अभी इसे कंसीडरेशन लिस्ट में जगह मिली है, यह फाइनल नॉमिनेशन नहीं है।

सिंगर ने पोस्ट में लिखा है कि मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि धुरंधर: द रिवेंज का गाना फिर से... 'विज़ुअल मीडिया के लिए लिखे गए बेस्ट गाने' की कैटेगरी में ग्रैमी के लिए विचार किए जाने वाले टॉप गानों की लिस्ट शामिल हुआ है। इतने प्यार के लिए धन्यवाद।

image credit- arijit singh (instagram)

'धुरंधर 2' में कब आया था'फिर से...' गाना?

'धुरंधर 2' में 'फिर से...' गाना उस वक्त आता है जब फिल्म के लास्ट में जसकीरत अपने परिवार वालों से मिलने जाता है। अरिजीत सिंह की आवाज में यह सैड सॉन्ग सीधा दिल को छू जाता है और इसे सुनते ही लोगों की आंखें नम हो जाती हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह गाना ग्रैमी 2027 के फाइनल नॉमिनेशन तक अपनी जगह बना पाता है या नहीं।

कब होंगे ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027?

69वें ग्रैमी अवॉर्ड्स अगले साल 7 फरवरी 2027 को आयोजित किए जाएंगे। इसकी आधिकारिक नॉमिनेशन की घोषणा 16 नवंबर 2026 को होगी। हर साल की तरह इस बार भी नेशनल एकेडमी ऑफ रिकॉर्डिंग आर्ट्स एंड साइंसेज (NARAS) द्वारा इस भव्य अवॉर्ड शो का आयोजन किया जाएगा और दुनियाभर के बेस्ट गानों, एल्बम और कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा।

क्या गाने को मिलेगा ग्लोबल म्यूजिक प्लेटफॉर्म?

अगर 'फिर से...' फाइनल नॉमिनेशन तक पहुंचता है, तो यह बॉलीवुड म्यूजिक के लिए काफी बड़ी बात होगी। अब तक ग्रैमी में भारतीय फिल्म के काफी गानों की मौजूदगी रही है। अगर ऐसा होता है, तो इंटरनेशनल लेबल्स और म्यूजिक प्रोड्यूसर्स का ध्यान हिंदी फिल्म म्यूजिक पर और ज्यादा बढ़ सकता है।