स्टेज पर भाषण देने जाना हो...जॉब का इंटरव्यू हो... एग्जाम का वायवा हो या किसी खास फोन का फोन कॉल आना हो, अक्सर इससे पहले पेट में गुदगुदी महसूस होती है या कई बार ऐसा लगता है मानो पेट में तितलियां उड़ रही हैं। हम सभी के साथ ऐसा कभी न कभी जरूर हुआ होगा। यह पूरी तरह नॉर्मल है। पेट में 'हलचल' महसूस होना तनाव की एक आम प्रतिक्रिया है, न कि इस बात का संकेत कि आपके पेट में कोई समस्या है। चलिए एक्सपर्ट से समझते हैं कि ऐसा क्यों होता है, आखिर क्यों एंग्जायटी, तनाव या नर्वसनेस में पेट में तितलियां उड़ने लगती हैं? इस बारे में Dr. Somnath Gupta, Senior Consultant Physician and Diabetologist, Clinical Director, Yashoda Hospitals, Hyderabad जानकारी दे रहे हैं।

तनाव या घबराहट में क्यों महसूस होती है पेट में गुदगुदी?

स्ट्रेस हार्मोन होते हैं रिलीज

तनाव या किसी पैनिक की स्थिति में पेट में 'हलचल' या 'गुदगुदी' महसूस होना तनाव के प्रति हमारी बॉडी का रिएक्शन है। असल में जब आपका दिमाग किसी खतरे, तनाव, उत्साह या अनिश्चितता को महसूस करता है, तो वह 'फाइट-ऑर-फ्लाइट' वाली प्रतिक्रिया को सक्रिय कर देता है। जब तनाव के संकेत ऑटोनोमिक नर्वस सिस्टम (स्वायत्त तंत्रिका तंत्र) से गुजरते हैं, तो एड्रेनालाईन और अन्य तनाव हार्मोन रिलीज होते हैं। ये हृदय गति और सतर्कता को बढ़ाते हैं, साथ ही पाचन तंत्र से मांसपेशियों की ओर रक्त के प्रवाह को तेज करते हैं, जिससे आपका शरीर तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार हो जाता है।

पाचन हो जाता है धीमा

एंग्जायटी या स्ट्रेस में पाचन प्रक्रिया धीमी हो जाती है या उसमें गड़बड़ी आ सकती है। पेट में होने वाली यह हलचल, बेचैनी या तितलियों के उड़ने जैसा महसूस होना, रक्त प्रवाह में कमी, आंतों की गति में बदलाव और पेट की मांसपेशियों के खिंचाव के कारण हो सकता है। असल में आंत और दिमाग, 'गट-ब्रेन एक्सिस' और 'वेगस नर्व' के जरिए लगातार एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं, इसलिए भावनाओं का पाचन पर तुरंत असर पड़ सकता है और पाचन संबंधी परेशानी का असर आपके मूड पर भी पड़ सकता है।

क्या एंग्जायटी होने पर पेट में हलचल होना नॉर्मल है?

  • सार्वजनिक रूप से बोलने, परीक्षा, इंटरव्यू या पहली डेट से पहले पेट में थोड़ी हलचल महसूस होना सामान्य है और आमतौर पर वह घटना खत्म होने के बाद अपने आप ठीक हो जाती है।
  • नाक से धीरे-धीरे सांस लेना, उस पल पर ध्यान केंद्रित करना, हल्का-फुल्का हिलना-डुलना, कैफीन का सेवन कम रखना और पहले हल्का भोजन करना फायदेमंद हो सकता है।
  • अगर यह एहसास बार-बार हो या बहुत तेज हो या इसके साथ लगातार पेट दर्द, उल्टी, मल में खून आना, बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना, बेहोशी आना, या ऐसे लक्षण दिखें जो आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करें, तो डॉक्टर को जरूर दिखाएं।
  • इन स्थितियों में एंग्जायटी डिसऑर्डर (चिंता संबंधी विकार), रिफ्लक्स, इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS) या पाचन तंत्र से जुड़ी अन्य समस्याओं की जांच कराने की जरूरत हो सकती है।

यह भी पढ़ें- क्या तनाव की वजह से भी हो सकता है कब्ज? समझें आपके गट और इमोशन का कनेक्शन

हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।