पाचन से जुड़ी परेशानियों जैसे खाना खाने के बाद पेट फूलना, गैस बनना, एसिडटी या सीने में जलन होना और पेट खुलकर साफ न होने को हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन असल में इन पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। जब डाइजेशन दुरुस्त होता है, तो शरीर को सही एनर्जी और न्यूट्रिशन मिलता है, लेकिन अगर पाचन सही न हो तो शरीर में न केवल जरूरी न्यूट्रिएंट्स की कमी होने लगती है, बल्कि इसका असर हमारी इम्यूनिटी और ओवरऑल हेल्थ पर भी होता है। ऐसे में गट हेल्थ का दुरुस्त होना बहुत जरूरी है।
पेट से जुड़ी कई छोटी-छोटी परेशानियां गट हेल्थ से जुड़े बड़े संकेत देती हैं और अगर इन पर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो यह हमारी सेहत पर भारी पड़ सकता है। चलिए इस बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। इस बारे में डाइटीशियन मनप्रीत कालरा जानकारी दे रही हैं। वह हार्मोन और गट हेल्थ कोच हैं और रीबूट गट हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली की फाउंडर और डायरेक्टर हैं।
बार-बार पेट फूलना और गैस बनना
खाना खाने के बाद कभी-कभी पेट फूलना या गैस बनना सामान्य है, लेकिन अगर आपके पेट में अक्सर गैस बनती है, हर दूसरे दिन पेट फूलता है या पेट में भारीपन बना रहता है, तो इस पर तुरंत ध्यान दें।
पेट का खुलकर साफ न होना
कभी-कभार कब्ज होना या पेट खुलकर साफ न होना बिल्कुल नॉर्मल है। पानी कम पीना, फाइबर की कमी, तनाव, दवाइयां, स्ट्रेस, नींद पूरी न होना या खानपान में बदलाव इसकी वजह हो सकते हैं, लेकिन अगर आपको अक्सर कब्ज बनी रहती है, तो यह गट हेल्थ में गड़बड़ी का संकेत हो सकता है।
पेट में दर्द और एसिडिटी होना
कुछ लोगों को हर दूसरे दिन सीने में जलन, एसिडिटी या पेट में दर्द महसूस होता है, इसे भी हल्के में नहीं लेना चाहिए। जल्दी पेट भर जाना या भूख खुलकर न लगना भी इस बात का संकेत है कि आपका पाचन तंत्र ठीक से काम नहीं कर रहा है।
Gut Health बेहतर रखने के लिए क्या करें?
अगर आपको गैस, एसिडिटी, बदहजमी या पेट से जुड़ी अन्य दिक्कतें महसूस हों, तो डॉक्टर को जरूर दिखाएं। साथ ही डाइट और लाइफस्टाइल में बदलाव करें। हेल्दी और बैलेंस डाइट लें। डाइट में फल, सब्जियां, साबुत अनाज और पर्याप्त पानी को शामिल करें।
हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:magnific, shutterstock
