Swine Flu के मामले इन दिनों दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। इसके कंफर्म्ड केसेज में लगातार इजाफा हो रहा है। इन दिनों बारिश और उमस के बीच सर्दी-जुकाम और खांसी कई लोगों को परेशान कर रही है और अक्सर इसे हम नजरअंदाज कर देते हैं या फिर इसके लिए घरेलू नुस्खे आजमाते हैं, लेकिन ऐसे ही कुछ लक्षण H1N1 वायरस की चपेट में आने पर भी नजर आते हैं, जिन पर समय रहते ध्यान देना बहुत जरूरी है। H1N1 Virus कैसे फैलता है, इसके शुरुआती लक्षण क्या होते हैं, इससे बचने के लिए क्या सावधानियां बरतनी चाहिए और किन लोगों को इसका खतरा ज्यादा है? इन सवालों के जवाब जानने के लिए हमने Dr. Shrey Srivastava, Senior Consultant- Internal Medicine, Sharda Hospital, Greater Noida से बात की। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा?
स्वाइन फ्लू के बारे में डॉक्टर की सलाह
स्वाइन फ्लू, इन्फ्लूएंजा A (H1N1) वायरस से होने वाला एक संक्रमण है। इन्फ्लूएंजा ए वायरस सबटाइप H1N1 (A/H1N1 ) इन्फ्लूएंजा ए वायरस (IAV) का एक सबटाइप है। इस तरह का वायरस सीधे आपके रेस्पिरेटरी सिस्टम को अपनी चपेट में लेता है और सांस से जुड़ी बीमारी का कारण बनता है। इस बीमारी के शुरुआती लक्षणों को पहचानना सबसे जरूरी है। शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
स्वाइन फ्लू के लक्षण
स्वाइन फ्लू के लक्षण अचानक दिखाई देते हैं और कई बार ये मौसमी जुकाम-बुखार जैसे नजर आते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। अगर आपको इनमें से कोई भी 2-3 लक्षण नजर आ रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
- बुखार
- खांसी
- गले में खराश
- नाक बंद होना
- सिरदर्द
- मांसपेशियों में दर्द
- कंपकंपी
- थकान
- कुछ लोगों को उल्टी और दस्त की समस्या भी हो सकती है। इन्फ्लूएंजा के गंभीर मामलों में निमोनिया, सांस लेने में दिक्कत या अन्य जटिलताएं हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें- हर दूसरे दिन हो जाती है सर्दी-खांसी और मौसमी इंफेक्शन करते हैं परेशान? जानें कारण और बचाव के उपाय
स्वाइन फ्लू से बचने के लिए क्या करें?
स्वाइन फ्लू के खतरे से बचने के लिए आपको कुछ खास सावधानियां बरतनी चाहिए।
- साबुन और पानी से बार-बार हाथ धोएं।
- अपनी आंखों, नाक और मुंह को छूने से बचें।
- अपने आस-पास हवा के अच्छे आवागमन (वेंटिलेशन) का ध्यान रखें।
- अगर आपको फ्लू जैसे लक्षण दिखें, तो घर पर ही रहें और दूसरों के संपर्क में आने से बचें।
- खांसते या छींकते समय टिश्यू पेपर का इस्तेमाल करें और दूसरों के आस-पास अच्छी तरह फिट होने वाला फेस मास्क पहनें।
- हर साल इन्फ्लूएंजा का टीका लगवाने से फ्लू और गंभीर जटिलताओं से बचाव में मदद मिल सकती है।
स्वाइन फ्लू का किन लोगों को ज्यादा खतरा है?
यूं तो कोई भी व्यक्ति इसकी चपेट में आ सकता है, लेकिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों और प्रेग्नेंट महिलाओं को इसका ज्यादा खतरा है। इसके अलावा अगर आपकी इम्यूनिटी कमजोर है या आपको पहले से कोई बीमारी है, तो अपना खास ख्याल रखें।
यह भी पढ़ें- मानसून में पाचन रहेगा एकदम सही, बस इन छोटी-छोटी बातों का रखें ध्यान
स्वाइन फ्लू से बचने के लिए डॉक्टर श्रेय श्रीवास्तव के बताए टिप्स को जरूर फॉलो करें। हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Freepik
