हम सभी के घर में कुछ न कुछ लोग ऐसे होते हैं जो पुरानी चीजें देखकर तुरंत कहते हैं- 'अरे, इसे संभालकर रखो, कभी काम आएगी'। फिर चाहे वह साल पुरानी चिट्ठी हो, स्कूल की कॉपी, बचपन का खिलौना, पुरानी फोटो या किसी का दिया हुआ गिफ्ट। चीज भले ही अब किसी काम की न हो, पर उसे फेंकने का बिल्कुल मन नहीं करता है। पूछने पर एक ही जवाब मिलता है 'इससे मेरी यादें जुड़ी हैं।'
अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो यह सिर्फ कबाड़ या सामान इकट्ठा करने की आदत नहीं है। साइकोलॉजी कहती है कि पुरानी चीजों और हमारी यादों के बीच डीप कनेक्शन होता है। अक्सर ये पुरानी चीजें हमें हमारी लाइफ के किसी खास समय या किसी खास इंसान की याद दिला देती हैं। इस पर कई रिसर्च भी हुई हैं। आइए इसके बारे में जानते हैं-
image credit- ai
पुरानी चीज देखते ही याद आ जाता है बीता समय
क्या कभी कोई पुराना गाना सुनकर आपको अपने स्कूल के दिन याद आए हैं? या कोई पुरानी फोटो देखकर उस समय की पूरी कहानी एकदम ताजा हो गई हो? चीजों के साथ भी बिल्कुल ऐसा ही होता है। रिसर्च बताती है कि हमारी पर्सनल चीजें बीती हुई यादों को झट से वापस ले आती हैं। सोचिए किसी के पास 20 साल पुरानी घड़ी है। घड़ी भले ही अब बंद हो चुकी हो, फिर भी वह उसे फेंक नहीं पाता। हो सकता है कि वह घड़ी उसे किसी खास इंसान ने गिफ्ट की हो। ऐसे में उस घड़ी की कीमत पैसों में नहीं बल्कि उससे जुड़ी यादों में होती है।
सामान के साथ जुड़ जाती हैं फीलिंग्स
कुछ चीजें हमारी जिंदगी के सबसे खास पलों की निशानी बन जाती हैं। जैसे- हमारी पहली जॉब से जुड़ा कोई सामान, बचपन की कोई पुरानी बुक, माता-पिता की चिट्ठी या किसी अपने का दिया हुआ गिफ्ट। दूसरों को भले ही यह सब फालतू या कबाड़ लगे, पर जिसके पास यह है, उसके लिए इनकी कीमत बहुत ज्यादा होती है। साल 2021 में हुई एक रिसर्च में भी यह बात सामने आई थी कि हम अपनी पर्सनल चीजों से इसलिए जुड़े रहते हैं क्योंकि वे हमारी पुरानी यादों को संभालकर रखती हैं और जब चाहें तब हमें पुराने अच्छे दिनों की याद दिला देती हैं।
सामान बन जाता है हमारी अपनी कहानी का हिस्सा
हमारी जिंदगी के अलग-अलग दौर की ये चीजें धीरे-धीरे हमारी खुद की कहानी बन जाती हैं। जैसे-
- स्कूल की पुरानी किताब हमें हमारा बचपन याद दिला देती है।
- कॉलेज का कोई सामान उस समय की मस्ती को ताजा कर देता है।
- घर की कोई पुरानी चीज अपनों और रिश्तों की याद दिलाती है।
क्या पुरानी चीजें संभालने वाले लोग ज्यादा इमोशनल होते हैं?
सिर्फ इस आदत को देखकर ऐसा कह देना सही नहीं होगा। हर इंसान की वजहें अलग हो सकती है। जैसे-
- कोई पुरानी चीज इसलिए रखता है क्योंकि उससे उसकी यादें जुड़ी होती हैं।
- किसी के लिए वह परिवार की कोई अनमोल निशानी हो सकती है।
- कोई यह सोचकर सामान संभालता है कि शायद आगे कभी काम आ जाए।
यह भी पढ़ें- त्योहारों से पहले ही नहीं, तनाव में भी सफाई क्यों करने लगती हैं कुछ महिलाएं? जानें इसके पीछे की वजह
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Source-
https://www.sciencedirect.com/science/article/abs/pii/S2352250X20301214
https://www.sciencedirect.com/science/article/abs/pii/S2352250X20301597
Image Credit-Ai
