सुबह उठते ही कई बार पेट फूला फूला होता है या शरीर बहुत ही थका हुआ लगता है। इस तरह की परेशानियां होना नींद की कमी या गलत खान-पान का नतीजा समझ लिया जाता है। असल में ये दोनों लक्षण शरीर में पनप रही एक साइलेंट बीमारी का शुरुआती संकेत हो सकते हैं। इस बीमारी का नाम फैटी लिवर डिजीज है, जो कई सालों तक बिना किसी बड़े लक्षण के लिवर को नुकसान पहुंचाती रहती है।
क्या होता है फैटी लिवर डिजीज?
फैटी लिवर को साइलेंट किलर इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसके लक्षण बहुत आम होते हैं। सुबह उठने के बाद भी शरीर में सुस्ती रहना, दिनभर शरीर में एनर्जी कम रहना और खाने के बाद पेट में भारीपन या ब्लोटिंग होना, इसके मुख्य शुरुआती संकेतों में से एक है। दिल्ली के श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टिट्यूट की चीफ डाइटिशियन प्रिया पालीवाल के मुताबिक, 'फैटी लिवर बिना बताए धीरे-धीरे बढ़ता है और पता चलने तक बहुत ही देर हो जाती है।'
जब लिवर की कोशिकाओं में सामान्य से अधिक फैट जमा हो जाता है, तो इसे ही फैटी लिवर कहा जाता है। इसके कई प्रमुख कारण होते हैं- मेटाबॉलिक डिसऑर्डर जैसे मोटापा, डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल और अधिक मात्रा में शराब का सेवन।
Photo Credit: Magnific
थकान और ब्लोटिंग को साइलेंट सिग्नल क्यों माना जाता है?
लिवर शरीर का एनर्जी और डाइजेशन का मुख्य सोर्स होता है। जब लिवर में फैट बढ़ जाता है तो मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है। इससे खाना ठीक से नहीं पचता है और शरीर में टॉक्सिन्स जमा होने लगते हैं। यही कारण है कि नींद पूरी होने के बाद भी थकान बनी रहती है और पेट फूला हुआ महसूस होता है। इसके साथ ही पसलियों के नीचे हल्का दर्द या भारीपन भी महसूस होने लगता है। जब फैटी लिवर की बीमारी गंभीर रूप ले लेती है तो इससे पेट में पानी जमा होना, त्वचा और आंखों में पीलापन बढ़ना और पैरों में सूजन, जैसी समस्याएं भी हो जाती हैं।
बचाव और लाइफस्टाइल में बदलाव
फैटी लिवर की समस्या गंभीर है, लेकिन सही प्रिकॉशन लेकर इस बीमारी को ठीक भी किया जा सकता है।
- प्रतिदिन 30 से 45 मिनट एक्सरसाइज करें।
- साबुत अनाज, हरी सब्जियां और पर्याप्त पानी का सेवन करना।
- जंक फूड, मीठी चीजों, मैदा और शराब से परहेज करें।
- वजन को नियंत्रित रखना।
अगर 2-3 हफ्ते से लगातार थकान और ब्लोटिंग हो रही है या पेट में सूजन, पीलिया, उल्टी में खून जैसा कुछ समस्याएं दिखे तो तुरंत लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT) और अल्ट्रासाउंड कराएं।
Photo Credit: Magnific
फैटी लिवर में क्या खाएं?
- हरी सब्जियां जैसे पालक, ब्रोकली, लौकी, तोरई, पत्ता गोभी। फलों में पपीता, सेब, नींबू और आंवला।
- हेल्दी फैट खा सकते हैं जिसमें भीगे हुए बादाम, अखरोट, अलसी के बीज, चिया सीड्स आदि।
सुबह थकान और पेट फूलने जैसी समस्याओं को सामान्य समझकर अनदेखा करना सेहत के लिए जोखिम भरा हो सकता है। फैटी लिवर एक साइलेंट बीमारी है जो शुरुआत में कम संकेत देती है। समय पर पहचान और रूटीन में सुधार से इसे पूरी तरह रोका जा सकता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
-1793601710773_m.webp)