हर महीने सैलरी आते ही खर्च शुरू हो जाता है और महीना खत्म होने से पहले ही पैसा खत्म हो जाता है। कई लोग सोचते हैं कि उनकी कमाई कम है, इसलिए बजट बिगड़ता है। असली वजह कमाई नहीं, बल्कि उन खर्चों को भूल जाना है, जो हर महीने नहीं होते हैं।
कैसे बनाएं घर का बजट?
घर का बजट बनाना सिर्फ सब्जी और किराने का हिसाब रखना नहीं है। बजट तब बिगड़ता है, जब अचानक स्कूल की फीस, इंश्योरेंस का प्रीमियम, घर की मरम्मत या दवाइयों का खर्च सामने आ जाता है। अगर इन खर्चों की पहले से तैयारी कर ली जाए तो सैलरी से पूरा महीना आराम से चल सकता है।
महीने की शुरुआत में लगता है कि इस बार सब कुछ ठीक चलेगा, लेकिन बीच महीने में ही कोई न कोई ऐसा खर्च आ जाता है, जिसकी कोई तैयारी नहीं होती है। फिर उधार लेना पड़ता है या सेविंग से पैसा निकालना पड़ता है। ज्यादातर घरों में यही होता है। बजट बिगड़ने की सबसे बड़ी वजह ये 5 खर्च हैं, जिन्हें लोग अक्सर भूल जाते हैं। इनको समझ लिया तो बजट संभालना आसान हो जाएगा।
Photo Credit: Magnific
1. फीस और रिन्यूअल का खर्च
ये खर्च हर महीने नहीं आते, लेकिन साल भर के बजट पर बड़ा असर डालते हैं। बच्चों की स्कूल या कॉलेज की सालाना फीस, सेमेस्टर फीस, हेल्थ इंश्योरेंस का प्रीमियम, गाड़ी का इंश्योरेंस, पीयूसी, रजिस्ट्रेशन रिन्यूअल, इंटरनेट, ओटीटी और ऐप के सब्सक्रिप्शन का रिन्यूअल, जिम या क्लब की मेंबरशिप, ये सब इसी में आते हैं।
क्या करें?
साल की शुरुआत में ऐसे सभी खर्चों की एक लिस्ट बनाएं। फिर उनको 12 महीनों में बांटकर हर महीने थोड़ा-थोड़ा पैसा अलग रख दें। रिन्यूअल की तारीख पहले से नोट कर लें। इससे ये खर्च अचानक नहीं आएंगे और बजट भी नहीं बिगड़ेगा।
2. छोटी-मोटी मरम्मत का खर्च
घर के रोज के खर्च में मरम्मत का खर्च अक्सर शामिल नहीं किया जाता है। पानी की टोंटी, पाइप या लीकेज ठीक कराना, बिजली का स्विच, वायरिंग ठीक कराना, पंखा, लाइट या छोटे उपकरण की मरम्मत, दरवाजे-खिड़की की फिटिंग, दीवार की छोटी रिपेयर या पेंट, ये काम समय-समय पर निकलते ही रहते हैं।
क्या करें?
हर महीने बजट में ''Home Maintenance'' के लिए एक छोटी राशि अलग रखें। साल में 1-2 बार घर की जरूरी चीजों की जांच कर लें। इससे छोटी मरम्मत समय पर हो जाएगी और आगे बड़ा खर्च नहीं करना पड़ेगा। घर की चीजें भी लंबे समय तक चलेंगी।
Photo Credit: Magnific
3. त्योहार और पारिवारिक कार्यक्रम का खर्च
त्योहार और पारिवारिक कार्यक्रम खुशियां लाते हैं, लेकिन बजट पर असर भी डालते हैं। दिवाली, होली जैसे बड़े त्योहार, शादी, सगाई, जन्मदिन, सालगिरह, गृह प्रवेश, रिश्तेदारों और दोस्तों के लिए उपहार, घर पर मेहमानों की आवभगत, ये सब खर्च अचानक बड़े लगने लगते हैं।
क्या करें?
साल की शुरुआत में अनुमानित त्योहारों और कार्यक्रमों की लिस्ट बनाएं। हर महीने थोड़ी सी राशि "Festival Fund" के लिए अलग रखें। गिफ्ट, शॉपिंग और सजावट के लिए पहले से बजट तय कर लें। इससे त्योहार की खुशियां भी पूरी होंगी और मासिक बजट भी बिना तनाव के चलेगा।
4. दवाइयों और अचानक होने वाले खर्च
बीमारी बता कर नहीं आती है। मेडिकल खर्च अक्सर बिना बताए आ जाता है और उस समय बजट बिगड़ जाता है। अचानक बुखार, वायरल या मौसमी बीमारी, छोटी-मोटी चोट का इलाज, डॉक्टर की जांच और जरूरी टेस्ट जैसे ब्लड टेस्ट, घर के बड़े सदस्यों की नियमित दवाइयां, इमरजेंसी में अस्पताल जाने का खर्च, ये सब इसी में आते हैं।
क्या करें?
अपने बजट में "Medical & Emergency Fund" जरूर रखें। हर महीने कमाई का 5% से 10% अलग रखें। घर के सभी सदस्यों की जरूरी दवाइयों की लिस्ट बनाकर रखें। इससे अचानक आने वाले मेडिकल खर्च में उधार लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी और मासिक बजट भी कंट्रोल में रहेगा।
यह भी पढ़ें- Sukanya Samriddhi Account: बेटी की नागरिकता बदलने पर खाते और जमा पैसों का क्या होगा? जानें पूरी बात
5. इंश्योरेंस
इंश्योरेंस भी बजट का जरूरी हिस्सा है। ये खर्च हर महीने नहीं आएंगे, लेकिन साल में एक या कुछ बार जरूर आएंगे। हेल्थ इंश्योरेंस, वाहन बीमा, टर्म या लाइफ इंश्योरेंस, इनकम टैक्स या आईटीआर से जुड़ा भुगतान, लाइसेंस और मेंबरशिप का रिन्यूअल, ये सब इसी में आते हैं।
क्या करें?
साल की शुरुआत में सालाना भुगतानों की लिस्ट बनाएं। बड़े भुगतान जैसे इंश्योरेंस और आईटीआर के लिए पहले से पैसा अलग रखें। रिन्यूअल की तारीख नोट करके रिमाइंडर सेट करें। इससे अचानक बड़ा खर्च आने पर बजट नहीं बिगड़ेगा और आपकी वित्तीय सुरक्षा भी बनी रहेगी।
Photo Credit: Magnific
सैलरी को मैनेज करने का आसान तरीका
बजट का मतलब कंजूसी करना नहीं है। बजट का मतलब है कि पैसा कहां जा रहा है, ये पता होना। महीने की शुरुआत में ही 5 हिस्से बना लें। एक हिस्सा घर के रोज के खर्च के लिए, दूसरा हिस्सा सालाना खर्चों के लिए, तीसरा हिस्सा मरम्मत और त्योहार के लिए, चौथा हिस्सा मेडिकल और इमरजेंसी के लिए और पांचवां हिस्सा सेविंग के लिए।शुरुआत में ये थोड़ा मुश्किल लगेगा, लेकिन 2-3 महीने में आदत बन जाएगी। जब हर खर्च के लिए पहले से पैसा अलग होगा, तो महीने के आखिर में पैसों की कमी नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- Money Saving Hacks: ₹30,000 की सैलरी में हर महीने बचाएं ₹7,000, जानें कम सैलरी में बचत करने के आसान टिप्स?
बजट बिगड़ना आपकी गलती नहीं है, बल्कि प्लानिंग की कमी है। ज्यादातर लोग सिर्फ महीने के खर्चों का हिसाब रखते हैं और साल भर में आने वाले बड़े खर्चों को भूल जाते हैं। यही वजह है कि महीना खत्म होने से पहले ही जेब खाली हो जाती है। छोटी सी प्लानिंग और सही आदत आपकी सैलरी को पूरे महीने के लिए काफी बना सकता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
-1794315301568_m.webp)