शादी के बाद महिलाओं की जिंदगी में कई बदलाव आते हैं। नई जिम्मेदारियों के बीच घर का बजट, परिवार के खर्च और भविष्य की प्लानिंग भी अहम हो जाती है। ऐसे में कई बार महिलाएं अपनी बचत और आर्थिक जरूरतों को पीछे छोड़ देती हैं। ऐसे में आर्थिक रूप से सेफ रहने के लिए जरूरी है कि महिलाएं अपने पैसों, बैंक और निवेश को लेकर जागरूक रहें। चाहे वह नौकरी करती हों या घर संभालती हों, अपनी जरूरतों के लिए बचत करना और फ्यूचर सिक्योर करना बहुत ही जरूरी है। आइए ICICI गाजियाबाद ब्रांच की मैनेजर स्वाथी सिंह से जानते हैं कि शादी के बाद महिलाओं को अपनी सेविंग्स को लेकर किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

शादी के बाद जान लें पैसों से जुड़ी ये बातें

शादी के बाद घर और परिवार की जिम्मेदारियां बांटना करना जरूरी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि महिलाएं अपनी आर्थिक जरूरतों को नजरअंदाज कर दें। अपनी कमाई, बचत और निवेश की जानकारी होना आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम कदम होता है। भविष्य में अचानक आने वाले खर्चों, नौकरी छूटने या सेहत से जुड़ी जरूरतों के लिए अपनी सेविंग्स होना काफी मददगार साबित हो सकता है। इसलिए, शादी के बाद भी महिलाओं को फाइनेंशियल बातों के बारे में भी जानकारी होनी चाहिए।

Photo Credit: Magnific

1. अपना बैंक अकाउंट जरूर बनाएं

शादी के बाद भी महिलाओं के लिए अपना पर्सनल बैंक अकाउंट होना जरूरी है। इसमें वे अपनी कमाई, बचत और दूसरे स्रोतों से मिलने वाले पैसों को रख सकती हैं। इससे उन्हें अपने खर्चों और पैसों का हिसाब रखने में आसानी होती है। जॉइंट अकाउंट परिवार के साझा खर्चों के लिए उपयोगी हो सकता है, लेकिन पर्सनल अकाउंट होने से अपनी बचत पर नियंत्रण बनाए रखने में मदद मिलती है।

2. हर महीने बचत के लिए पैसे निकालें

महीने का बजट बनाते समय बचत को भी प्राथमिकता दें। सैलरी मिलते ही कोशिश करें कि एक फिक्स्ड अमाउंट को अलग खाते में ट्रांसफर करें। साथ ही, अपनी आय और खर्च के हिसाब से बचत तय करें ताकि नियमित रूप से छोटी रकम बचाने से समय के साथ अच्छा फंड तैयार हो सके।

3. इमरजेंसी फंड बनाना न भूलें

अचानक मेडिकल खर्च, नौकरी में बदलाव या दूसरी परेशानियों में इमरजेंसी फंड काम आता है। कोशिश करें कि धीरे-धीरे कम से कम तीन से छह महीने के जरूरी खर्चों के बराबर रकम जमा हो जाए। इस पैसे को ऐसी जगह रखें, जहां जरूरत पड़ने पर आसानी से निकाला जा सके।

4. निवेश और भविष्य की प्लानिंग करें

सिर्फ पैसे बचाना ही नहीं, बल्कि भविष्य के लक्ष्यों के मुताबिक निवेश करना भी जरूरी है। इमरजेंसी सेविंग्स के अलावा रिटायरमेंट, घर खरीदने या दूसरे बड़े लक्ष्यों के लिए अलग योजना बनाएं। निवेश करते समय जोखिम और रिटर्न को समझें। जरूरत हो तो इसमें बैंक में काम कर रहे व्यक्ति की सलाह लें।

Photo Credit: Magnific

5. बीमा और लोन की जानकारी रखें

अपने हेल्थ बीमा, जीवन बीमा और परिवार की दूसरी वित्तीय जिम्मेदारियों की जानकारी भी अपने पास रखें। अगर आपके नाम पर कोई लोन है, तो उसकी रकम, ब्याज और किस्तों का हिसाब अपने पास रखें। क्रेडिट कार्ड या पर्सनल लोन का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें।

6. पैसों से जुड़े फैसलों में भाग लें

घर खरीदने, निवेश करने, लोन लेने या बड़ी खरीदारी जैसे फैसलों में सक्रिय रूप से हिस्सा लें। परिवार की आय, खर्च और प्रॉपर्टी की जानकारी रखें। इससे आप अपने और परिवार के भविष्य के लिए बेहतर वित्तीय निर्णय ले सकेंगी।

Photo Credit: Magnific

आर्थिक सुरक्षा के लिए आज से करें शुरुआत

शादी के बाद अपनी बचत और आर्थिक लक्ष्यों पर ध्यान देना स्वार्थ नहीं, बल्कि समझदारी है। पर्सनल बैंक, बचत, इमरजेंसी फंड और सही निवेश की आदतें भविष्य में आर्थिक मजबूती दे सकती हैं। सबसे जरूरी है कि महिलाएं अपने पैसों से जुड़े फैसलों को समझें और अपनी जरूरतों के लिए भी योजना बनाएं। आर्थिक आत्मनिर्भरता उन्हें जीवन के अलग-अलग पड़ावों पर अधिक आत्मविश्वास के साथ फैसले लेने में मदद करती है।

पर्सनल अकाउंट और फ्यूचर प्लानिंग की आदत हर शादीशुदा महिला के लिए जरूरी है। ये आदतें सिर्फ पैसे नहीं बचातीं, बल्कि मुश्किल घड़ी में आपको आत्मविश्वास और सुरक्षा दोनों देती हैं। इसलिए अपनी कमाई या बचत को नजरअंदाज न करें। आज से ही बचत और निवेश की शुरुआत करें, क्योंकि जो महिला पैसों के मामले में स्वतंत्र होती है, वह जीवन की हर चुनौती का सामना ज्यादा मजबूती से करती है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।