Denim Styling Tips: हर महिला का फिगर अलग होता है। किसी की कमर पतली होती है, किसी के हिप्स चौड़े होते हैं, किसी की हाइट छोटी होती है। इसलिए, जींस खरीदने से पहले अपना बॉडी टाइप समझना सबसे जरूरी है। सही जींस फिगर को स्लिम भी दिखाती है और स्टाइलिश भी। कई बार जींस पसंद आ जाती है, लेकिन पहनने के बाद वह वैसी नहीं लगती है, जैसी दुकान में लगी थी। इसकी वजह साइज नहीं, बॉडी टाइप होता है।

क्यों जरूरी जानना है बॉडी टाइम?

बॉडी टाइप को आमतौर पर 5 हिस्सों में बांटा जाता है- पीयर, एप्पल, आवरग्लास, स्ट्रेट और पेटाइट। हर बॉडी टाइप पर अलग स्टाइल की जींस अच्छी लगती है। एक ही जींस किसी पर परफेक्ट लगेगी और किसी पर अजीब। इसलिए, जींस खरीदने से पहले अलग-अलग स्टाइल ट्राई करके देखना चाहिए। जो जींस बॉडी को बैलेंस करे और कॉन्फिडेंस बढ़ाए, वही सबसे बेस्ट होती है।

1. पीयर शेप बॉडी

पीयर शेप वाली महिलाओं के हिप्स और थाइज, कमर और कंधों के मुकाबले चौड़े होते हैं। ऐसे फिगर के लिए मकसद हिप्स को कम दिखाना और पूरे लुक को लंबा और स्लिम दिखाना होता है। इसके लिए बूटकट, फ्लेयर्ड, हाई-वेस्टेड, स्ट्रेट-लेग, वाइड-लेग और रिलैक्स्ड-फिट जींस सबसे अच्छी मानी जाती हैं। डार्क वॉश वाली जींस चुनें। डार्क कलर कर्व्स को स्मूथ दिखाता है और फिगर को ज्यादा स्ट्रक्चर्ड और स्लिम लुक देता है।

Photo Credit: Pinterest (Magdelena)

2. एप्पल शेप बॉडी

एप्पल शेप वाली महिलाओं के पेट के आसपास ज्यादा फुलनेस होती है, जबकि हिप्स और पैर पतले होते हैं। ऐसी बॉडी के लिए स्ट्रेच वाली जींस सबसे अच्छी होती है। स्ट्रेच फैब्रिक पेट को आराम देता है और साथ ही फिटिंग को भी अच्छा रखता है। मिड-राइज और हाई-राइज जींस कमर पर अच्छा शेप बनाती हैं। लो-राइज जींस से बचना चाहिए। लो-राइज जींस पेट के सबसे चौड़े हिस्से पर कटती है, जिससे पेट और ज्यादा नजर आने लगता है और लुक छोटा लगने लगता है।

Photo Credit: Pinterest (designscreate)

3. आवरग्लास शेप बॉडी

आवरग्लास फिगर में बस्ट और हिप्स बराबर होते हैं और कमर एकदम पतली और शेप में होती है। ऐसे फिगर को और निखारने के लिए हाई-राइज जींस सबसे परफेक्ट होती है। हाई-राइज जींस कमर के सबसे पतले हिस्से पर आकर फिट होती है, जिससे कमर और ज्यादा पतली दिखती है। स्किनी, बूटकट और फ्लेयर्ड स्टाइल भी इस बॉडी पर बहुत अच्छे लगते हैं।मिड-राइज या लो-राइज जींस से बचना चाहिए। इससे कमर के आसपास उभार आ जाता है और फिगर का नैचुरल बैलेंस बिगड़ जाता है।

Photo Credit: Pinterest (ER.Anjali)

4. स्ट्रेट या एथलेटिक बॉडी

स्ट्रेट या एथलेटिक बॉडी में कर्व्स बहुत कम होते हैं। ऐसे फिगर के लिए मकसद नीचे के हिस्से में वॉल्यूम लाकर कर्व्स का लुक बनाना होता है। बूटकट और फ्लेयर्ड जींस इसके लिए सबसे अच्छी हैं। ये नीचे से चौड़ी होती हैं, जिससे हिप्स का शेप अच्छा दिखने लगता है। लाइट वॉश, डिस्ट्रेस्ड डिटेल और एम्बेलिशमेंट वाली जींस भी फिगर को ज्यादा कर्वी दिखाती हैं। बैक पॉकेट पर डिजाइन वाली जींस भी अच्छी लगती हैं। इससे पीछे से फिगर को अच्छा शेप मिलता है।

Photo Credit: Pinterest (Cherry21 Finds)

5. पेटाइट बॉडी

पेटाइट यानी छोटी हाइट वाली महिलाओं को ऐसी जींस चाहिए, जो पैरों को लंबा दिखाए और लुक को एकदम क्लीन रखे। हाई-राइज जींस इसके लिए बेस्ट है। हाई-राइज जींस पैरों को लंबा दिखाती है। बूटकट और स्ट्रेट-लेग जींस भी बिना ज्यादा बल्क के क्लीन लाइन देती हैं। स्किनी जींस, एंकल-लेंथ या क्रॉप्ड स्टाइल और बहुत ज्यादा वाइड-लेग बॉयफ्रेंड जींस से बचना चाहिए। ये स्टाइल छोटे कद पर भारी लगते हैं और हाइट को और छोटा दिखाते हैं।

Photo Credit: Pinterest (BABY GIRL)

जींस खरीदते समय इन बातों का ध्यान रखें

  •  जींस हमेशा दिन की रोशनी में ट्राई करें। डार्क वॉश स्लिम लुक देता है, लाइट वॉश कर्व्स को हाइलाइट करता है।
  •  जींस का फैब्रिक थोड़ा स्ट्रेच वाला हो तो पहनने में आराम रहता है।
  •  बहुत टाइट जींस से बचना चाहिए, इससे फिगर का शेप बिगड़ा हुआ लगता है।
  •  सही फिट वाली जींस ही फिगर को सबसे अच्छा दिखाती है।

जींस का स्टाइल बॉडी टाइप के हिसाब से ही चुनना चाहिए। सही जींस फिगर को बैलेंस करके कॉन्फिडेंस भी बढ़ाती है। इसलिए, ट्रेंड के पीछे भागने की बजाय अपने बॉडी टाइप के हिसाब से जींस चुनना ही सबसे समझदारी वाला फैसला है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।