बाजूबंद को आज लोग सिर्फ फैशन के लिए पहना हुआ गहना समझते हैं। असल में इसका इतिहास हजारों साल पुराना है। यह सिर्फ हाथ को सुंदर बनाने के लिए नहीं पहना जाता था, बल्कि इसे ताकत, रक्षा और सौभाग्य से जोड़कर देखा जाता था। राजा हो या रानी, देवी-देवताओं की मूर्तियां हों या आम औरत, बाजूबंद हर दौर में नजर आया है। राजस्थान के चमकते सोने के बाजूबंद से लेकर गुजरात के नाजुक चांदी के बाजूबंद तक, हर बाजूबंद के पीछे एक कहानी छुपी है।
बाजूबंद का खास इतिहास
अगर हम इतिहास उठाकर देखें तो हम सबने मोहनजोदड़ो की मशहूर डांसिंग गर्ल की मूर्ति ध्यान से देखी है, उसके हाथ में भी बाजूबंद नजर आता है। मतलब ये गहना आज का नहीं, सिंधु घाटी सभ्यता के समय से चला आ रहा है। सदियों तक ये गहना मंदिरों की मूर्तियों, राजाओं के दरबार और दुल्हनों के श्रृंगार का हिस्सा बना रहा है। कभी यह रुतबे की निशानी बना, तो कभी सुहाग और वफादारी का प्रतीक। आइए IJRAR के रिसर्च पेपर Indian Traditional Jewellery's से जानते हैं, बाजूबंद का पूरा इतिहास और इसका छुपा हुआ मतलब।
Photo Credit: Wikipedia
सिंधु घाटी सभ्यता में बाजूबंद का पहला रूप
बाजूबंद को आर्मलेट या बाजू का कड़ा भी कहा जाता है। भारतीय उपमहाद्वीप में ये गहना सैकड़ों सालों से पहना जा रहा है। पुरातत्व और मूर्तियों से मिले सबूत बताते हैं कि ऊपरी बांह पर पहने जाने वाले गहने सिंधु घाटी सभ्यता के समय से ही थे।
मोहनजोदड़ो की डांसिंग गर्ल की मूर्ति इसका सबसे पुराना उदाहरण मानी जाती है। इसके बाद गांधार कला, मंदिरों की मूर्तियों और प्राचीन शिल्प में भी बाजूबंद नजर आने लगा। संस्कृत साहित्य और धार्मिक ग्रंथों में भी बाजू के गहनों का जिक्र मिलता है। इससे पता चलता है कि बाजूबंद सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा और पूजा-पाठ का हिस्सा भी था।
Photo Credit: Pinterest (ETSY)
मुगल काल तक का सफर
बाजूबंद का सबसे पुराना लिखित जिक्र 6वीं शताब्दी के संस्कृत ग्रंथ 'वीरमित्रोदय' में मिलता है। इस ग्रंथ में इसे भारतीय आभूषणों और रीति-रिवाजों का हिस्सा बताया गया है। मुगल काल में बाजूबंद धन और रुतबे का प्रतीक बन गया था। राजा और बादशाह सोने के भारी बाजूबंद पहनते थे, जिन पर बारीक नक्काशी होती थी।
18वीं शताब्दी तक आते-आते यह फैशन भारत के दूसरे हिस्सों में भी फैल गया। शुरुआत में बाजूबंद एक साधारण सा गहना था, लेकिन धीरे-धीरे ये और ज्यादा सुंदर और भारी डिजाइन वाला बनता गया। पहले यह सिर्फ सोने-चांदी से बनता था, बाद में पीतल, तांबे और दूसरी धातुओं से भी बनने लगा।
Photo Credit: Pinterest (FMQ)
क्या है बाजूबंद का मतलब?
बाजूबंद को शक्ति और ताकत का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि ये पहनने वाले को बुरी नजर और नकारात्मक ऊर्जा से बचाता है और सौभाग्य लाता है। हिंदू परंपरा में बाजूबंद का खास महत्व है। शादीशुदा महिलाएं इसे अपने पति के प्रति समर्पण और वफादारी की निशानी के रूप में पहनती हैं। साथ ही इसे समृद्धि और सफलता से भी जोड़कर देखा जाता है। कई जगहों पर बाजूबंद को उर्वरता का प्रतीक भी माना जाता है। इस पर बने फूल, पत्तियां, मोर और देवी-देवताओं के डिजाइन सिर्फ सजावट नहीं होते, बल्कि पहनने वाले की सोच और व्यक्तित्व को भी दर्शाते हैं।
यह भी पढ़ें- History of Indian Earrings: हड़प्पा से मुगलों तक! जानिए भारत में कान के आभूषणों का 5,000 साल पुराना दिलचस्प इतिहास
बाजूबंद पहनने का सही तरीका
- बाजूबंद को आमतौर पर कोहनी के थोड़ा ऊपर, ऊपरी बांह पर पहना जाता है।
- परंपरा के हिसाब से इसे दाईं बांह पर पहनते हैं, लेकिन बाईं बांह पर भी पहना जा सकता है।
- कुछ लोग इसे कलाई या टखने पर भी पहन लेते हैं।
- एक बात का ध्यान रखें, बाजूबंद को बहुत कसकर न पहनें। इससे दर्द और निशान पड़ सकता है।
- पहनने से पहले धातु को साफ रखें और डिजाइन को चमकाकर रखें। इसे पानी और पसीने से बचाकर रखना चाहिए, ताकि ये लंबे समय तक खराब न हो।
Photo Credit: Pinterest (Jaipur Jewels)
बाजूबंद सिर्फ एक पुराना गहना नहीं है, बल्कि ये भारतीय संस्कृति की पहचान है। सिंधु घाटी से शुरू हुआ ये सफर आज भी दुल्हनों और फैशन प्रेमियों के बीच जारी है। जो गहना कभी राजाओं की ताकत दिखाता था, वही आज हर औरत की सुंदरता और आत्मविश्वास को बढ़ा रहा है।
यह भी पढ़ें- History Of Indian Necklace: हर श्रृंगार की जान हैं भारतीय नेकलेस! जानिए सदियों पुराने हार का अनोखा इतिहास
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
