40 की उम्र के बाद हमारी स्किन पहले जैसी नहीं रह जाती है। ऐसे में कई महिलाएं चेहरे पर निखार लाने के लिए अलग-अलग क्रीम और फेस पैक का इस्तेमाल करती हैं, लेकिन हर बार ऐसा बाजार का फेस पैक लगाना जरूरी नहीं है, क्योंकि इसमें केमिकल होते हैं। इस उम्र में स्किन को सावधानी से संभालने की जरूरत हाेती है।
ऐसे में अगर आप त्वचा को जवां बनाए रखने के लिए घर का काेई देसी नुस्खा आजमाना चाहती हैं तो सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट और और Eatfit24/7 की फाउंडर श्वेता शाह ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में स्पेशल फेस मास्क के बारे में जानकारी दी है। इसे आपको चंदन, जौ और गुलाब जल से बनाना है। आइए जानते हैं कि आप इस फेस पैक काे कैसे बना सकती हैं और इस्तेमाल करने का तरीका क्या है?
40+ स्किन के लिए कैसे काम करेगा यह फेस पैक?
40 की उम्र के बाद स्किन केयर का मतलब सिर्फ चेहरे पर फौरन चमक लाना नहीं होता बल्कि स्किन की अंदर से सही देखभाल करना होता है। यह फेस पैक कोई मैजिक नहीं करेगा कि लगाते ही टैनिंग गायब हो जाए या एकदम से चमक आ जाए। इसका काम चेहरे की देखभाल करना है। इससे आपकी त्वचा जवां बनी रह सकती है।
फेस पैक बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
इस फेस पैक को तैयार करने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए घर पर आसानी से मिलने वाली कुछ चीजें लेनी हैं।
- सफेद चंदन पाउडर
- जौ का पाउडर
- गुलाब जल
- 2 से 3 बूंद कुमकुमादि तेल
बस इन चीजों की मदद से फेस पैक तैयार किया जा सकता है।
ऐसे तैयार करें फेस पैक
फेस पैक बनाने के लिए सबसे पहले चेहरे को कच्चे दूध से साफ कर लें। इसके बाद एक छोटी कटोरी में सफेद चंदन पाउडर और जौ का पाउडर लें। अब इसमें 2 से 3 बूंद कुमकुमादि तेल डालें। इसके बाद जरूरत के हिसाब से गुलाब जल मिलाते हुए सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। बस ध्यान रखें कि पेस्ट बहुत ज्यादा गाढ़ा या बहुत पतला न हो। ऐसा पेस्ट बनाएं जिसे चेहरे पर आसानी से लगाया जा सके।
चेहरे पर ऐसे लगाएं फेस पैक
पेस्ट तैयार होने के बाद इसे चेहरे पर एक पतली और बराबर लेयर में लगा लें। इसे बहुत मोटी लेयर में लगाने की जरूरत नहीं है। अब इस फेस पैक को चेहरे पर करीब 5 से 6 मिनट तक लगा रहने दें। इसके बाद इसे सादे पानी से धीरे-धीरे साफ कर लें। चेहरा साफ करते समय बहुत जोर से रगड़ना भी नहीं है। इस फेस पैक का इस्तेमाल हफ्ते में एक बार कर सकती हैं।
फेस पैक लगाते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप घर का बना फेस पैक इस्तेमाल कर रहीं हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखना होगा। जैसे-
- फेस पैक को चेहरे पर बहुत मोटी लेयर में न लगाएं।
- इसे 5 से 6 मिनट से ज्यादा चेहरे पर रखने की जरूरत नहीं है।
- चेहरा साफ करते समय स्किन को जोर से न रगड़ें।
- इसे हफ्ते में एक बार ही इस्तेमाल करें।
- फेस पैक इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
यह भी पढ़ें- Skincare Tips: 35 की उम्र में भी बना रहेगा 25 वाला ग्लो, बस रोज सुबह अपनाएं ये स्किनकेयर रूटीन
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Cover Image Credit- shutterstock
