Gardening Tips: नींबू का पौधा घर में हो तो बहुत काम आता है। कई बार इस पौधे में फूल तो खूब आते हैं, पर फल बनने से पहले ही गिर जाते हैं। मेहनत भी होती है और मन भी खराब हो जाता है। इसके पीछे कई कारण होते हैं, जैसे कीड़े लग जाना या खाद खराब हो जाना।
नींबू के पौधे में ऐसे बनेंगे ज्यादा फल
अगर आपके नींबू के पौधा के साथ भी यही हो रहा है तो घबराने की जरूरत नहीं है। माली के बताए 5 आसान तरीके अपनाकर आप इस समस्या को खत्म कर सकते हैं। इनसे फूल कम झड़ेंगे और नींबू इतने लगेंगे कि पौधा झुक जाएगा। आइए जानते हैं, उन सभी टिप्स के बारे में।
फूल झड़ने की असली वजह क्या है?
नींबू के फूल गिरने की सबसे बड़ी वजह गलत पानी देना है। फूल आने पर ज्यादा पानी देने से पौधा फूल गिरा देता है। इसके अलावा कम धूप, खाद की कमी और कीड़े लगना भी बड़ी वजह है। अगर इन 3 चीजों पर ध्यान दे दिया जाए, तो आधा काम वहीं हो जाता है।
Photo Credit: Pinterest
नींबू के पौधे की स्पेशल खाद के लिए सामग्री
- 1 किलो वर्मीकम्पोस्ट या गोबर की खाद
- 20 ग्राम पोटाश
- 20 ग्राम नीम खली
- 20 ग्राम बोन मील
- 20 ग्राम माइक्रोन्यूट्रिएंट
Photo Credit: Magnific
फूल गिरने से रोकने और ज्यादा फल पाने के 5 आसान स्टेप
स्टेप 1
फूल आने पर रोज पानी देना बंद कर दें। पौधे को थोड़ा प्यासा रखना ही सही है। पहले मिट्टी को पूरी तरह सूखने दें। जब ऊपर की मिट्टी सूख जाए, तब सिर्फ थोड़ा सा पानी दें, लगभग 100 ML। ज्यादा पानी ही फूल गिरने की सबसे बड़ी वजह होती है। इस समय पौधे को पानी से नहीं, बल्कि धूप से ताकत मिलती है।
स्टेप 2
नींबू धूप वाला पौधा है। इसे छांव में रखने से फूल तो आ जाते हैं, पर फल नहीं बनते हैं। पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां रोज 5 से 6 घंटे सीधी धूप आती हो। छत, बालकनी या आंगन इसके लिए सबसे अच्छी जगह है। जितनी ज्यादा धूप मिलेगी, उतने ज्यादा फूल और फल आएंगे।
स्टेप 3
फूल से फल बनाने के लिए पौधे को ताकत चाहिए होती है। उसके लिए खाद चाहिए। गमले की ऊपर की 2 इंच मिट्टी हटा दें। मिट्टी से खाद का 100 ग्राम मिक्स डालें और फिर से मिट्टी से ढक दें। ये खाद पौधे को फल लाने की ताकत देगी।
Photo Credit: Pinterest (Fefi)
स्टेप 4
खाद डालने के बाद पौधे को एक बार भरकर पानी दें। इसे डीप वॉटरिंग कहते हैं। इससे खाद मिट्टी में अच्छे से मिल जाती है। इसके बाद अगला पानी तभी दें, जब ऊपर की मिट्टी पूरी तरह सूख जाए। रोज-रोज थोड़ा-थोड़ा पानी देने से जड़ें कमजोर हो जाती हैं।
स्टेप 5
कई बार फूलों को कीड़े खा जाते हैं, जिससे फूल गिर जाते हैं। लीफ माइनर और थ्रिप्स जैसे कीड़े नींबू के पौधे में बहुत लगते हैं। इसके लिए 1 लीटर पानी में 3 ML नीम का तेल मिलाएं। इसे पूरे पौधे के पत्तों पर अच्छे से स्प्रे करें। हर 15 दिन में इस स्प्रे को दोहराएं। इससे पौधा कीड़ों से बचा रहेगा और हरा-भरा रहेगा।
ये तरीका और किन पौधों पर काम करेगा?
ये 5 टिप्स सिर्फ नींबू पर ही नहीं, बल्कि संतरा, मौसमी, अमरूद और गमले में लगे हर फल वाले पौधे पर काम करते हैं। अगर आपके घर में कोई भी फल वाला पौधा है और उसके फूल गिर रहे हैं, तो यही तरीका अपनाएं।
Photo Credit: Pinterest (ETSY)
पौधे की देखभाल में ये गलती ना करें
- फूल आने पर पौधे को बार-बार जगह न बदलें। जगह बदलने से पौधा परेशान हो जाता है और फूल गिरा देता है।
- इसके अलावा फूल आने के समय ज्यादा केमिकल वाली खाद भी न डालें। हमेशा जैविक खाद ही इस्तेमाल करें।
नींबू के फूल गिरना कोई बड़ी बीमारी नहीं है, बस देखभाल में थोड़ी सी गलती होती है। पानी कम देना, धूप ज्यादा देना, सही खाद डालना और नीम का स्प्रे करना, बस इतना करने से ही आपके पौधे में बंपर पैदावार होगी। थोड़े से धैर्य के साथ इन टिप्स को अपनाएं, जल्द ही आपका गमला नींबू से लद जाएगा।
यह भी पढ़ें- नर्सरी जैसे घने और रंग-बिरंगे फूलों से महकेगा घर! जानिए पौधों की सही ग्रोथ बढ़ाने वाले 4 आसान सीक्रेट्स
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
