भागदौड़ भरी जिंदगी के चलते अधिकतर घरों में एक साथ बहुत सारा खाने-पीने का सामान खरीद लिया जाता है। इसके अलावा खाना बनाते वक्त सही अंदाजा न होने की वजह से कई बार खाना फेंकने में चला जाता है। अगर आपके घर में भी हर दिन खाना बचता है और आप इसे न चाहते हुए भी रोजाना फेंक देती हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आज इस लेख में हम आपको कुछ बेहद आसान तरीके बताएंगे, जिनकी मदद से आप खाना फेंकने की आदत से बच सकती हैं।

रसोई का वेस्ट खत्म करने के 3 असरदार तरीके

अगर आप भी रोज निकलने वाले किचन वेस्ट और खाने की बर्बादी की वजह से परेशान हैं, तो थोड़ी सी समझदारी और स्मार्ट प्लानिंग की मदद से आप अपनी रसोई को 'जीरो वेस्ट किचन' में कन्वर्ट कर सकती हैं। आइए जानते हैं इन स्मार्ट तरीकों के बारे में।

1. स्मार्ट शॉपिंग और मील प्लानिंग अपनाएं

घर की किचन में जरूरत से ज्यादा खाना रोजाना बर्बाद होने की वजह से मन दुखी हो जाता है। ऐसे में इन बातों का ध्यान रखें -

  • जब भी आप सुपरमार्केट या बाजार जाएं, तो जाने से पहले सामान की एक लिस्ट जरूर तैयार कर लें। एक साथ बहुत सारे फल और सब्जियां खरीदने के बजाय वही चीजें लाएं जिनकी आपको तुरंत जरूरत है और जो कुछ दिनों तक फ्रेश रह सकें।
  • जब भी आप बाजार से कोई नया सामान या खाने की चीज लाएं, तो उसे फ्रिज में रखने से पहले पुरानी चीजों को चेक करें। जो सामान पहले का रखा है, उसका इस्तेमाल पहले करें। अगर कोई चीज खराब या एक्सपायर हो गई है, तो उसे हटा दें।
  • हफ्ते में एक दिन बैठकर पूरे सप्ताह का 'मील प्लान' तैयार कर लें। इसमें तय कर लें कि सोमवार से रविवार तक खाने में क्या बनेगा और कितनी मात्रा में बनाना सही रहेगा।

2. बचे हुए खाने से बनाएं नई और स्वादिष्ट डिशेस

अगर तमाम प्लानिंग के बावजूद भी आपके घर में रात की बची हुई रोटी, चावल या दाल जैसी चीजें बच जाती हैं, तो आप नए तरीकों से इनका इस्तेमाल कर सकती हैं -

  • रात के बचे हुए सादे चावलों को आप री-फ्राई करके पुलाव या जीरा राइस तैयार कर सकती हैं। इसके अलावा बचे हुए चावल के क्रिस्पी पकोड़े भी बनाए जा सकते हैं, जो बच्चों और बड़ों सभी को खूब पसंद आएंगे।
  • अगर रात की बहुत सारी रोटियां बच गई हैं, तो आप उनसे स्वादिष्ट मसालेदार चूरमा बना सकती हैं। इसके अलावा रोटी नूडल्स या चटपटे नमकीन पराठे भी तैयार किए जा सकते हैं।
  • अगर रात की रखी हुई सूखी सब्जी या ग्रेवी बच गई है, तो आप इसे आटे में गूंथकर स्वादिष्ट पराठे बना सकती हैं। ग्रेवी का इस्तेमाल किसी नई कढ़ी या सूप का बेस बनाने में भी किया जा सकता है।  

3. गीले कचरे से घर पर ही बनाएं ऑर्गेनिक खाद

अगर खाना ज्यादा पुराना हो गया है, बदबू देने लगा है या खराब हो गया है, तो इसे सीधे डस्टबिन में फेंकने के बजाय आप इसका इस्तेमाल पौधे के लिए कर सकती हैं -

  • सब्जी-फलों के छिलकों और गीले कचरे को घर के किसी बड़े गमले या कंपोस्ट बिन में इकट्ठा कर लें।
  • इसमें थोड़ी सूखी पत्तियां और मिट्टी मिलाकर कुछ हफ्तों के लिए छोड़ दें। इससे आपके पौधों के लिए घर पर ही बेहतरीन और नेचुरल ऑर्गेनिक खाद बनकर तैयार हो जाएगी।

निष्कर्ष: अगर आपके घर में भी अभी तक फल-सब्जियां या रात का बचा हुआ खाना ऐसे ही फेंकने में जा रहा था, तो अब आप ऊपर बताई गई इन आसान टिप्स को आजमाकर खाने की बर्बादी रोक सकती हैं। साथ ही बचे हुए खाने से नई डिशेस बनाकर अपने परिवार को खुश कर सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।