रंग-बिरंगी लाइट्स, खूबसूरत रंगोली, जगमगाते दीये और फूलों की खुशबू दिवाली के त्योहार की रौनक को दोगुना करने का काम करते हैं। लेकिन कई बार घर की साफ-सफाई, ढेर सारी शॉपिंग और त्योहार की दूसरी तैयारियों में इतना समय निकल जाता है कि सजावट के लिए अलग से वक्त ही नहीं मिल पाता। ऐसे में मन में यही सवाल आता है कि आखिर कम समय में घर को सुंदर और आकर्षक कैसे बनाया जाए? अगर आप भी इस दिवाली आखिरी समय में अपने घर को सजाने की सोच रहे हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। यहां हमने 6 ऐसे आसान आइडिया के बारे में बताया है, जिससे आप मिनटों में अपने घर को जगमगा सकते हैं।
दीयों और मोमबत्तियों से घर को दें रोशनी का खूबसूरत अंदाज
दिवाली का नाम आते ही सबसे पहले मिट्टी के दीयों की याद आती है। इनकी हल्की सुनहरी रोशनी घर के माहौल को बेहद खूबसूरत और सुकूनभरा बनाने में मदद करती है। अगर आपके पास सजावट के लिए ज्यादा समय नहीं है, तो मिट्टी के दीये आपके लिए सबसे आसान और पारंपरिक विकल्प हैं। आप इन्हें घर के मुख्य दरवाजे, बालकनी, खिड़कियों और पूजा रूम के आसपास सजा सकते हैं। दीयों को और खूबसूरत दिखाने के लिए आप उन्हें रंगों से सजा सकते हैं। इसके अलावा, आप असली और एलईडी लाइट वाले मोमबत्ती का भी इस्तेमाल कर सकते हैं जो घर को रोशन करने में मदद करेंगी।
मुख्य दरवाजा को सजाने के लिए इस्तेमाल करें गेंदे के फूल और आम के पत्ते
घर का मुख्य दरवाजा मेहमानों का स्वागत करने के साथ-साथ पूरे घर की सजावट की पहली झलक देने का काम करता है। इसलिए अगर आप आखिरी समय में घर को त्योहार वाला लुक देना चाहते हैं, तो दरवाजे को गेंदे के फूलों की मालाएं और आम के पत्तों का तोरण बनाकर कुछ ही मिनटों में दरवाजे की खूबसूरती बढ़ा सकते हैं। आप चाहे तो बाजार से भी तोरण ले सकते हैं या फिर घर पर ही फूलों को धागे में पिरोकर एक सुंदर माला बना सकते हैं। अगर आपको ताजे फूलों से एलर्जी है या फिर उपलब्ध नहीं है, तो आर्टिफिशियल फूलों का उपयोग भी किया जा सकता है।
फेयरी लाइट्स से कोनों और दीवारों को बनाएं जगमगाता हुआ
अगर आपके पास सजावट के लिए केवल कुछ मिनट हैं, तो फेयरी लाइट्स यानी छोटी-छोटी डेकोरेशन वाली लाइट्स काफी बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं। इनकी मदद से आप घर के साधारण कोनों को भी खूबसूरत बना सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें लगाने के लिए ज्यादा मेहनत की जरूरत नहीं होती है। आप फेयरी लाइट्स को खिड़कियों के किनारों, बालकनी की रेलिंग, दीवारों या पर्दों के आसपास लगा सकते हैं। इसमें आपको एक जैसी पीली या सफेद रोशनी वाली लाइट भी मिल जाएगी और रंग-बिरंगी लाइट्स भी मिल जाएंगी, जिसे आप अपनी पसंद के अनुसार घर में लगा सकती हैं।
पुराने कांच के जार और बोतलों से बनाएं DIY डेकोरेशन
क्या आपको भी लगता है कि दिवाली में घर सजाने पर हर बार बाहर से ही सामान लेना पड़ता है? तो आपको बता दें, कई बार घर में रखी पुरानी और बेकार समझी जाने वाली चीजें भी खूबसूरत डेकोरेशन आइटम में बदल सकती हैं। पुराने कांच के जार, बोतलें, छोटी ट्रे और सजावटी कटोरियां जैसी चीजों की मदद से भी आप आराम से DIY डेकोरेशन आइटम बना सकते हैं। जैसे कांच की बोतल में बैटरी से चलने वाली फेयरी लाइट्स डालकर और रंगीन रिबन से उसे बांधकर खूबसूरत Decoration Item बनाया जा सकता है। इसके अलावा, छोटी ट्रे में फूलों की पंखुड़ियां, सजावटी दीये और कुछ रंगीन मोमबत्तियां रखकर टेबल डेकोर भी बना सकते हैं।
घर की चीजों से बनाएं आसान रंगोली डिजाइन
अक्सर दिवाली की सजावट रंगोली के बिना अधूरी-सी लगती है। लेकिन आप बाजार से रंगोली कलर लाना भूल गए हैं और अब समझ नहीं आ रहा क्या करें, तो चिंता छोड़िए। क्योंकि अब आप घर में मौजूद चीजों की मदद से ही झटपट रंगोली बना सकते हैं। आप चावल को अलग-अलग होली वाले रंगों से रंग कर तैयार कर सकते हैं और इससे खूबसूरत डिजाइन बना सकते हैं। इसके साथ ही, फूलों की पंखुड़ियों और रंग-बिरंगे दीयों की मदद से साफ-सुथरी रंगोली बनाई जा सकती है। अगर आपके पास समय कम है तो आप रंगोली स्टेंसिल की मदद भी ले सकती हैं जो कई सारे डिजाइन में आपको मिल जाएंगे।
पुराने कपड़ों का इस्तेमाल करके इस दिवाली सजाएं घर
दिवाली की सफाई में अक्सर ऐसे पुराने कपड़े निकल जाते हैं जिनका कोई इस्तेमाल नहीं होता। लेकिन क्या आप इन कपड़ों को फेंक देते हैं, तो जरा रुकिए। आप अपने पुराने कपड़ों की मदद से सुंदर और आकर्षक डेकोरेशन कर सकते हैं। जी हां, आप अपने पुराने दुपट्टों में गोटा पट्टी या लटकन लगाकर वॉल हैंगिंग डेकोरेशन आइटम बना सकते हैं। इसके अलावा, पुरानी साड़ियों, सूट या कपड़ों की कतरनों में मौजूद फूल, गोटा-पट्टी और मोतियों का इस्तेमाल करके घर के मुख्य दरवाजे के लिए रंग-बिरंगा तोरण या झालर भी बनाया जा सकता है।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।