गर्मियों में दिनभर राहत देने वाला AC सर्दियों में अक्सर कई महीनों तक बंद रहता है। ऐसे में लोग इसे बंद करके भूल जाते हैं, लेकिन लंबे समय तक इस्तेमाल न होने पर AC के अंदर धूल, नमी और गंदगी जमा हो सकती है। ऐसे में जब अगले सीजन यानी गर्मी में इसे खोला जाता है, तो इसका असर कूलिंग, बिजली की खपत और मशीन के वर्किंग पर देखने को मिलता है। अगर आप चाहती हैं कि अगली गर्मी में AC बिना किसी परेशानी के ठंडी हवा दे, तो सीजन खत्म होने के बाद भी इसकी सही देखभाल करना जरूरी है। आज के इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी बातों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे भूलकर भी न करें।

एसी को पैक करते समय ध्यान रखें ये बातें

नवंबर का महीना शुरू होते ही हल्की-हल्की ठंडक मौसम में नजर आने लगी है। ऐसे में कई घरों में एसी तो छोड़िए, पंखे भी बंद कर दिए गए हैं। अगर आप एसी को आने वाली गर्मी तक बंद करने जा रही हैं, तो कुछ बातों का खास ध्यान देने की जरूरत है ताकि यह सही से काम करता रहे। नीचे जानें-

1. AC का फिल्टर साफ करना न भूलें

AC को लंबे समय के लिए बंद करने से पहले उसके एयर फिल्टर की सफाई जरूर करें। इस्तेमाल के दौरान फिल्टर में धूल, मिट्टी और छोटे-छोटे कण जमा हो जाते हैं। अगर इन्हें साफ किए बिना AC बंद कर दिया जाए, तो कई महीनों तक गंदगी जमा रह सकती है। इसके लिए सबसे पहले AC का पावर बंद करें और एसी बुक में दिए गए नियम के अनुसार फिल्टर बाहर निकालें। इसके बाद इसे हल्के हाथों से साफ करें और जरूरत पड़ने पर सामान्य पानी से धो लें। फिल्टर को दोबारा लगाने से पहले पूरी तरह सुखाना जरूरी है।

Image Credit-Magnific

2. AC के अंदर की नमी खत्म करें

AC को बंद करने से पहले उसके अंदर मौजूद नमी को खत्म करना जरूरी है। लंबे समय तक नमी रहने से बदबू, फफूंद और बैक्टीरिया पनप सकते हैं। अगर आपके AC में ड्राई या सेल्फ-क्लीन मोड है, तो बुक में दिए गए निर्देशों के अनुसार इसका इस्तेमाल करें। कुछ AC में कूलिंग बंद करने के बाद फैन मोड चलाकर अंदर की नमी सुखाने का ऑप्शन भी होता है। ऐसा फीचर न होने पर टेक्निशियन से सही तरीका पूछ सकती हैं। ध्यान रखें कि केवल कुछ मिनट AC बंद कर देने से अंदर की नमी पूरी तरह खत्म नहीं होती।

3. मेन पावर स्विच बंद करें

AC की सफाई और सुखाने के बाद केवल रिमोट से एसी बंद करना काफी नहीं है। इसका मेन पावर स्विच भी जरूर बंद करें। अगर AC के लिए अलग सर्किट ब्रेकर लगा है, तो जरूरत के अनुसार उसे भी बंद किया जा सकता है। इससे बिजली की अनावश्यक खपत और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण होने वाले नुकसान से बचाव होता है।

Image Credit-magnific

बता दें कि सिर्फ रिमोट से AC बंद करने से मशीन पूरी तरह बिजली से अलग नहीं होती। अगर AC का प्लग लगा है, तो उसे सुरक्षित तरीके से निकाल सकते हैं। स्विच या प्लग को छूते समय हाथ सूखे होने चाहिए।

4. स्प्लिट AC की आउटडोर यूनिट को सुरक्षित रखें

स्प्लिट AC में बाहर लगी आउटडोर यूनिट धूप, बारिश और धूल के संपर्क में रहती है। लंबे समय तक AC बंद रहने पर आउटडोर यूनिक सफाई और सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए।

यूनिट को ढकने के लिए ऐसा कवर इस्तेमाल करें जो बारिश और धूल से बचाए। इसके साथ ही वेंटिलेशन का भी ध्यान रखें। पूरी यूनिट को एयरटाइट प्लास्टिक या मोटे कपड़े से न लपेटें। इससे नमी फंस सकती है और जंग लगने का खतरा बढ़ सकता है। कवर लगाते समय बिजली के तारों और पाइपों को नुकसान न पहुंचाएं।

5. AC बंद करते समय इन गलतियों से बचें

AC को लंबे समय के लिए बंद करते समय कुछ गलतियां मशीन को नुकसान पहुंचा सकती हैं। सबसे पहले, गीले फिल्टर को वापस न लगाएं। दूसरी बात, आउटडोर यूनिट को पूरी तरह सील करके न ढकें। AC की अंदरूनी सफाई के लिए खुद से मशीन न खोलें और न ही इलेक्ट्रिकल हिस्सों पर पानी डालें।

इसके अलावा, AC को दोबारा चालू करने से पहले फिल्टर, कवर और बिजली के कनेक्शन की जांच जरूर करें। अगर मशीन से बदबू आ रही हो, पानी टपकता हो या आवाज आती हो, तो इस्तेमाल से पहले तकनीशियन से जांच करवाएं।

Image Credit- herzindgai

अगली गर्मी से पहले एक बार जांच जरूर करें

कई महीनों तक बंद रहने के बाद AC को सीधे तेज कूलिंग पर चलाने के बजाय पहले इसकी सामान्य जांच करें। आउटडोर यूनिट से कवर हटाएं, फिल्टर साफ करें और आसपास जमा पत्तियां या धूल हटा दें। इसके बाद AC को चालू करके देखें कि हवा सही आ रही है या नहीं। अगर कूलिंग असामान्य समस्या दिखाई दे, तो समय रहते सर्विस करवा लें। सही देखभाल से AC की कार्य क्षमता बनी रहती है और अगली गर्मियों में अचानक खराब होने की परेशानी से भी बचा जा सकता है।

इन बातों का ध्यान रखकर आप अपनी एसी को अगले सीजन तक एकदम सही रख सकती हैं।  अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी के साथ।

Image Credit-magnific