रोशनी का त्योहार, दिवाली, अपने साथ ढेर सारी सजावट और खुशियां लेकर आता है। दिवाली पर दीयों और रंगोली से हर किसी का घर यकीनन बहुत सुंदर लगता है, लेकिन असली परेशानी त्योहार की चीजों को हटाने में आती है। जिसमें सबसे बड़ी दिक्कत है स्टिकर वाली रंगोली हटाना। आधी उखड़ी हुई रंगोली पूरे फर्श को खराब कर देती है। हालांकि, लोगों को स्टिकर वाली रंगोली हटाना बहुत ही आसाम काम लगता है, लेकिन फर्श पर लगे स्टिकर के चिपचिपेपन को हटाना कभी-कभी मुश्किल हो सकता है।
स्टिकर रंगोली कैसे हटाएं?
स्टिकर रंगोली का गोंद गर्मी और नमी से फर्श में और ज्यादा चिपक जाता है। उसे जोर से खुरचने पर टाइल्स पर निशान पड़ जाते हैं। कोई भी नुस्खा पूरे फर्श पर लगाने से पहले उसे कोने में थोड़ी सी जगह पर ट्राई करके देखें। अगर वहां दाग या रंग न उतरे, तभी उसे आगे इस्तेमाल करें। तो आइए जानते हैं उन चीजों के बारे में जिनसे रंगोली के स्टिकल आसानी से हट सकते हैं।
Photo Credit: Pinterest (Tua Casa)
1. गर्म पानी और डिशवॉश लिक्विड का जादू
अगर स्टिकर रंगोली अपना निशान छोड़ रही है तो एक बर्तन में गर्म पानी लें और उसमें 2-3 बूंद डिशवॉश लिक्विड डालें। उस पानी को स्टिकर वाली जगह पर डालें और 5 मिनट के लिए छोड़ दें, तब तक गोंद नरम हो जाएगा। अब प्लास्टिक स्केल से हल्के हाथ से खुरचें। ठंडे पानी से ये काम मुश्किल होता है, गर्म पानी से गोंद जल्दी पिघलता है।
2. सिरका है असरदार नुस्खा
सफेद सिरका घर की सफाई के लिए बेस्ट माना जाता है। एक साफ कपड़े को सिरके में भिगोएं और उसे चिपचिपी जगह पर 5-7 मिनट के लिए रख दें। जब गोंद नरम हो जाए तो कपड़े से ही रगड़कर साफ कर दें। किचन के सामान और टाइल्स पर भी ये तरीका खूब काम करता है।
Photo Credit: AI
3. खाने वाला तेल या जैतून का तेल
अगर स्टिकर बहुत जिद्दी है तो थोड़ा सा सरसों का तेल, नारियल तेल या जैतून का तेल लगाएं। तेल को 10 मिनट तक लगा रहने दें। तेल से गोंद ढीला हो जाएगा। अब कपड़े से पोंछें। बाद में उस जगह को साबुन वाले पानी से धो दें ताकि तेल की चिकनाहट न रह जाए।
4. अल्कोहल और सैनिटाइजर से हटाएं
हैंड सैनिटाइजर या रबिंग अल्कोहल प्लास्टिक, कांच और लकड़ी के फर्श के लिए अच्छा माना जाता है। रुई या कपड़े को अल्कोहल में भिगोकर चिपकी जगह पर रखें। 2-3 मिनट बाद रगड़ें, पूरा गोंद निकल जाएगा। आखिर में साफ कपड़े से पोंछ दें।
Photo Credit: Pinterest (Hello Glow)
5. टूथपेस्ट
सुनने में अजीब लगेगा, लेकिन सफेद टूथपेस्ट भी गोंद हटाने में काम आता है। ध्यान रखें, जेल वाला टूथपेस्ट नहीं लेना है, सफेद वाला लेना है। थोड़ा सा टूथपेस्ट चिपचिपी जगह पर लगाएं और पुराने ब्रश से हल्के हाथ से रगड़ें। फिर गीले कपड़े से साफ कर दें। इससे दाग भी हल्का हो जाता है।
6. नेल रिमूवर और केरोसिन
नेल पॉलिश रिमूवर भी गोंद को जल्दी घोल देता है। रुई को रिमूवर में भिगोकर हल्के हाथ से पोंछें, लेकिन इसे पेंट वाली दीवार या पॉलिश वाले फर्नीचर पर न लगाएं।
सबसे आखिरी ऑप्शन है केरोसिन। जब कोई तरीका काम न करें तभी इसका इस्तेमाल करें। कपड़े में थोड़ा केरोसिन लेकर रगड़ें और फिर गर्म पानी से फर्श धो दें। पेंट वाली दीवार पर केरोसिन कभी न लगाएं।
Photo Credit: Pinterest (Jaon Lang)
स्टिकर रंगोली हटाना कोई बड़ा काम नहीं है, बस सही तरीका अपनाने की जरूरत है। जोर-जबरदस्ती खुरचने से फर्श खराब होता है, जबकि गर्म पानी, सिरका, तेल या टूथपेस्ट जैसे घरेलू नुस्खों से काम मिनटों में हो जाता है। अगली बार जब भी स्टिकर रंगोली लगाएं, तो उसके नीचे थोड़ा सा तेल या पाउडर लगा दें, ताकि दिवाली के बाद उसे उतारने में मेहनत न करनी पड़े। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
-1794467266616_m.webp)