भारतीय रसोई में पुदीने का इस्तेमाल जरूर होता है। इसकी चटनी, रायता और शरबत का स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि हम बाजार से पुदीना खरीदकर लाते तो हैं, लेकिन उसकी पत्तियां जल्दी सूख जाती हैं और फिर बार-बार खरीदना पड़ता है। ऐसे में अगर आप भी चाहती हैं कि घर में हमेशा ताजा पुदीना मिला करे तो अब इसके लिए आपको बीज से पुदीना उगाने की जरूरत नहीं है।

बस आप जो बाजार से पुदीना लेकर आती हैं, उसी की कुछ ताजी डंडियों यानी स्टेम की मदद से नया पौधा उगा सकती हैं। दरअसल, पुदीना एक ऐसा पौधा है जो अपनी डंडी से भी नई जड़ें बना लेता है। अगर आप सही तरीका अपनाती हैं तो कुछ ही दिनों में गमलों में हरा-भरा पुदीना उगने लगेगा। आइए जानते हैं कि आप कैसे इसे उगा सकती हैं-

पुदीने की डंडी से कैसे उगाएं नया पौधा?

अगर आप पुदीने की स्टेम से नया पौधा उगाने का सोच रही हैं तो यह तरीका अपना सकती हैं-

  • सबसे पहले बाजार से ताजा और हरा पुदीना लें। कोशिश करें कि डंडियां ज्यादा सूखी या मुरझाई हुई न हों।
  • अब करीब 10 से 15 सेंटीमीटर लंबी डंडी चुनें।
  • नीचे की तरफ जो पत्तियां लगीं हैं उन्हें हटा दें और ऊपर की कुछ पत्तियां रहने दें।
  • अब ध्यान रखें कि डंडी का जो नीचे वाला हिस्सा है वो साफ और फ्रेश होना चाहिए।
  • पुदीना उगाने का सबसे आसान तरीका है कि पहले उसकी डंडी को पानी में रखा जाए। इसके लिए एक साफ गिलास या छोटी बॉटल में पानी भर लें।
  • इसके बाद डंडी का निचला हिस्सा पानी में डुबो दें, लेकिन ऊपर की पत्तियां पानी से बाहर रहें।
  • गिलास को ऐसी जगह रखें जहां अच्छी रोशनी आए, लेकिन तेज धूप न पड़े।
  • हर 2 से 3 दिन में पानी बदलते रहें।
  • आमतौर पर 5 से 10 दिनों के अंदर डंडी में सफेद जड़ें निकलने लगती हैं। जब जड़ें 2 से 3 सेंटीमीटर लंबी हो जाएं, तब इसे गमले में लगा दें।

गमले में कैसे लगाएं?

अब पुदीने को गमले में लगाने के लिए यह तरीका अपनाना होगा-

  • करीब 8 से 10 इंच का गमला लें जिसमें नीचे पानी निकलने का छेद हो।
  • मिट्टी में सामान्य बगीचे की मिट्टी, कंपोस्ट और थोड़ी सी रेत मिला दें, ताकि पानी आसानी से निकल सके।
  • इसके बाद जड़ों वाली डंडी को मिट्टी में लगा दें।
  • ऊपर से थोड़ा सा पानी डाल दें।

पौधे की देखभाल कैसे करें?

पुदीने का पौधा लगाने के बाद उसके देखभाल की बारी आती है। सबसे जरूरी प्रॉसेस तो यही होता है। बता दें कि पुदीना ज्यादा देखभाल नहीं मांगता, लेकिन कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

  • मिट्टी हमेशा हल्की नम रखें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी न डालें।
  • रोज 3 से 5 घंटे की हल्की धूप या तेज रोशनी मिलनी चाहिए।
  • सूखी या पीली पत्तियां दिखें तो समय-समय पर हटा दें।
  • हर 20 से 25 दिन में थोड़ी ऑर्गेनिक खाद या वर्मीकंपोस्ट डाल सकती हैं।

कब आनी शुरू होंगी नई पत्तियां?

अगर मौसम ठीक हुआ तो गमले में लगाने के 10 से 15 दिन के बाद पुदीने की नई पत्तियां निकलनी शुरू हो जाती हैं। करीब 3 से 4 हफ्तों में पौधा काफी घना दिख जाता है। ऐसे में अगर आपको पुदीने की जरूरत है तो आप पत्तियों को तोड़ सकती हैं।

यह भी पढ़ें- बिना सीधी धूप के Indoor Plants को कैसे ग्रो करें? नोट कर लें ये काम के हैक्स

पुदीना तोड़ने का सही तरीका क्या है?

कई लोग सिर्फ पत्तियां तोड़ लेते हैं, लेकिन ऐसा करने से पौधे की ग्रोथ धीमी हो सकती है। इसलिए हमेशा ऊपर से पत्तियों को ही इस्तेमाल करने के लिए काटा करें। एक बार में पूरे पौधे की पत्तियां न तोड़ें। पत्तियों को तोड़ते-तोड़ते बहुत नीचे तक न जाएं, वरना ग्रोथ रुक सकती है।

यह भी पढ़ें- एक्‍स्‍ट्रा केयर मांगते हैं ये 5 पौधे, दादी मां से जान लें देखभाल का तरीका

तो अगर आप भी घर में हमेशा ताजा और हरा-भरा पुदीना पाना चाहती हैं, तो बीज की बजाय डंडी वाला यह तरीका जरूर ट्राई करिएगा। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-Magnific/AI