हरियाली तीज पर शिव-पार्वती की पूजा की जाती है। इस दिन कई महिलाएं व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं। 2026 में हरियाली तीज 15 अगस्त यानी क‍ि आज शनिवार को मनाई जा रही है। अगर आप भी आज शाम की पूजा के लिए घर पर ही मिट्टी से शिव-पार्वती की छोटी मूर्ति बनाना चाहती हैं, तो इसके लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं है।

घर पर कैसे बनाएं मि‍ट्टी के श‍िव-पार्वती की मूर्ती?

खास बात यह है कि अगर आप सुबह से तैयारी शुरू करती हैं तो शाम तक इन्हें पूजा के लिए तैयार किया जा सकता है। बस मिट्टी को सही तरह से तैयार करना और मूर्ति को बहुत मोटा न बनाना जरूरी है। आइए जानते हैं क‍ि घर पर जल्दी से मिट्टी के शिव-पार्वती को आप कैसे बना सकती हैं?

मिट्टी के शिव-पार्वती बनाने के लिए क्या चाहिए?

इसके लिए आपको बहुत ज्यादा सामान इकट्ठा करने की जरूरत नहीं है। आप साफ और छनी हुई मिट्टी, थोड़ा पानी, एक छोटी लकड़ी या टूथपिक, पूजा के लिए लाल या हरा कपड़ा और सजाने के लिए हल्दी-कुमकुम रख सकती हैं। चाहें तो माता पार्वती के लिए छोटी चुनरी और भगवान शिव के लिए बेलपत्र भी पूजा के समय रख सकती हैं। अगर आपके पास पूजा वाली साफ मिट्टी है तो उसका ही इस्तेमाल करें। मिट्टी में पत्थर, कंकड़ या दूसरी गंदगी नहीं होनी चाहिए।

ऐसे बनाएं मिट्टी के शिव-पार्वती

मि‍ट्टी के श‍िव पार्वती बनाने के ल‍िए आपको यह तरीका अपनाना होगा-

  • सबसे पहले मिट्टी को अच्छी तरह से छान लें।
  • अगर इसमें छोटे पत्थर या कंकड़ दिखाई दें तो उन्हें निकाल दें।
  • अब मिट्टी में थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर इसे गूंथ लें।
  • ध्यान रखें कि मिट्टी बहुत ज्यादा गीली न हो।
  • ऐसी मिट्टी लें जिससे आसानी से आकार बनाया जा सके और वह हाथ में चिपके भी नहीं।
  • अब मिट्टी के दो हिस्से कर लें।
  • एक हिस्सा भगवान शिव के लिए और दूसरा माता पार्वती के लिए रख दें।
  • अगर आप शिवलिंग भी बनाना चाहती हैं तो मिट्टी का थोड़ा हिस्सा उसके लिए अलग बचा सकती हैं।

भगवान शिव की मूर्ति बनाएं

शिवजी के लिए मिट्टी का छोटा सा शरीर बनाएं। सबसे पहले नीचे का हिस्सा थोड़ा चौड़ा रखें और ऊपर सिर का शेप दें। बहुत ज्यादा बारीकी करने की जरूरत नहीं ह‍ै। अब चेहरे पर आंख, नाक और मुंह का ड‍िजाइन लकड़ी या टूथपिक से बना सकती हैं। इसके बाद शिवजी के सिर पर जटाओं जैसा छोटा आकार मिट्टी से बना दें। चाहें तो एक छोटी सी मिट्टी की आकृति लगाकर इसे जटाओं जैसा लुक दे सकती हैं। ध्यान रखें कि मूर्ति बहुत पतली न हो, वरना सूखते समय इसके टूटने का डर रहेगा।

अब माता पार्वती की मूर्ति बनाएं

माता पार्वती के लिए भी मिट्टी का छोटा सा आकार बनाएं। नीचे का हिस्सा थोड़ा चौड़ा रखें, जिससे मूर्ति खड़ी या बैठी हुई आसानी से टिक सके। अब चेहरे पर आंख और दूसरी छोटी आकृतियां लकड़ी की मदद से बनाई जा सकती हैं। माता के सिर पर मिट्टी से छोटा मुकुट जैसा ड‍िजाइन भी बना दें। बाद में सूखने के बाद आप उन्हें हल्दी-कुमकुम और छोटी चुनरी से सजा सकती हैं।

शाम तक मूर्ति सुखाने की ट्रिक

अगर आप चाहती हैं क‍ि शाम तक मूर्ती सूख जाए तो इन बातों का ध्‍यान जरूर रखें-

  • अगर आप आज ही शाम की पूजा के लिए मूर्ति बना रही हैं, तो सबसे जरूरी है कि मूर्ति का आकार छोटा और पतला रखा जाए। बहुत मोटी मूर्ति को अंदर से सूखने में ज्यादा समय लग सकता है।
  • मूर्ति तैयार करने के बाद उसे हवादार और सूखी जगह पर रखें। अगर मौसम में नमी या बारिश है तो उसे खुले में रखने के बजाय पंखे वाले कमरे में रखें। मूर्ति को बार-बार हाथ से न छुएं, क्योंकि इससे उसका आकार बिगड़ सकता है।
  • धूप तेज हो तो थोड़ी देर धूप में भी रखा जा सकता है, लेकिन बहुत तेज गर्मी में अचानक सुखाने से मिट्टी में दरार आ सकती है। इसलिए आज की पूजा के लिए मूर्ति बनाते समय छोटी प्रतिमा बनाना सबसे आसान तरीका रहेगा।

मूर्ति को ऐसे दें सुंदर लुक

जब मूर्ति पूरी तरह से सूख जाए तो माता पार्वती को छोटी लाल या हरी चुनरी पहना सकती हैं। माथे पर कुमकुम की छोटी बिंदी लगा दें। शिवजी के माथे पर चंदन या भस्म का छोटा सा तिलक लगा सकती हैं। अगर आपके पास कलर हैं तो आंखों और कपड़ों की छोटी-सी डिजाइन बना सकती हैं। हालांकि, अगर समय कम है तो बिना रंग किए भी मिट्टी की मूर्ति पूजा के लिए रखी जा सकती है।

पूजा की चौकी ऐसे सजाएं

अब जब मूर्ती तैयार हो गई है ताे शाम की पूजा के लिए एक साफ चौकी पर कपड़ा बिछा लें। अब इसके ऊपर शिव-पार्वती की मूर्ती रख दें। पूजा की बाकी चीजें अपनी घर की परंपरा के हिसाब से रख सकती हैं। फूल, धूप, दीपक, फल, मिठाई और सुहाग का सामान पूजा की थाली में तो रखा ही जाता है।

मिट्टी की मूर्ति बनाते समय इन 7 बातों का रखें ध्यान

अगर आप म‍िट्टी की मूर्ती बना रही हैं, तो कुछ बातों का ध्‍यान रखना चाह‍िए-

  • मिट्टी में कंकड़, प्लास्टिक या दूसरी गंदगी नहीं होनी चाहिए।
  • ज्यादा पानी डालने से मिट्टी बहुत नरम हो जाएगी और मूर्ति का शेप बिगड़ सकता है।
  • आज ही शाम की पूजा करनी है तो छोटी मूर्ति ही बनाएं, ये जल्‍दी सूख जाएगी।
  • हाथ-पैर या दूसरे हिस्से बहुत पतले होंगे तो टूट सकते हैं। इसलि‍ए इस पर भी ध्‍यान दें।
  • अगर बाहर बारिश है तो कमरे में पंखे के नीचे रखें।
  • मूर्ति को सूखने के दौरान बार-बार छुएं नहीं, वरना आकार बिगड़ सकता है।
  • पहले मूर्ति को अच्छी तरह सूखने दें, फिर कुमकुम, चुनरी और दूसरी चीजों से सजाएं।

इस तरह अगर आप आज सुबह ही मूर्ती बना लेंगी तो हर‍ियाली तीज शाम तक ये पूजा करने लायक हो जाएंगे। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Cover Image Credit- Freepik/AIMita Bhattacharya Biswas

Inside Imafe Credit- Pinterest/Gojo Satoru/Bhakti Ras Govind