Sofa Cleaning Home Hacks: दिन भर सोफे पर बैठना, खाना-पीना और बच्चों का खेलना होता रहता है। इसी वजह से सोफे के कपड़े पर धूल, पसीने के दाग, चाय-कॉफी के निशान और तेल के धब्बे जम जाते हैं। धीरे-धीरे सोफे का रंग फीका पड़ जाता है और उसमें से अजीब सी स्मेल भी आने लगती है। कई बार तो सोफा साफ दिखता है, लेकिन कपड़े के अंदर गंदगी भरी होती है। इसलिए सोफे की सफाई सिर्फ ऊपर से नहीं, अंदर तक होनी चाहिए।

ऐसे करें सोफे की सफाई

लिविंग रूम में रखा सोफा कितना भी महंगा क्यों न हो, अगर उस पर दाग और धूल जम जाए तो पूरा कमरा गंदा लगने लगता है। मेहमान आते ही सबसे पहले नजर सोफे पर ही जाती है। अब सोफे को साफ करने के लिए महंगे क्लीनर या सर्विस वाले को बुलाने की जरूरत नहीं है। घर में रखी 4 छोटी-छोटी चीजों से ही सोफा एकदम नया जैसा चमकने लगता है। ये उपाय इतना आसान है कि महिलाएं इसे 15 मिनट में ही कर लेती हैं।

Photo Credit: Pinterest (Estrela Movies)

सोफा साफ करने के लिए क्या-क्या चाहिए?

इस हैक के लिए कोई महंगी चीज नहीं चाहिए। सारा सामान घर में ही मिल जाता है।

गर्म पानी- 1 कटोरी
बेकिंग सोडा- 1 बड़ा चम्मच
फैब्रिक सॉफ्टनर- थोड़ा सा
डेटॉल- 1 ढक्कन
एक साफ सूती तौलिया
एक छोटी कटोरी या कुकर का ढक्कन

सोफा साफ करने का 1 आसान तरीका

  •  सबसे पहले एक कटोरी में गर्म पानी लें। पानी इतना गर्म हो कि हाथ न जले, लेकिन गंदगी को काट सके।
  •  अब इसमें 1 बड़ा चम्मच बेकिंग सोडा डालें। इसके बाद थोड़ा सा फैब्रिक सॉफ्टनर और 1 ढक्कन डेटॉल मिला दें। इस मिश्रण को चम्मच से अच्छे से चला लें।
  •  अब एक साफ तौलिया लें और उसे इसी पानी में डुबोएं। तौलिये को अच्छे से निचोड़ लें, ताकि उसमें से पानी न टपके।
  •  इस तौलिये को किसी छोटे बर्तन या ढक्कन के ऊपर लपेट लें। ढक्कन को हाथ में पकड़कर सोफे पर धीरे-धीरे रगड़ें।
  •  ढक्कन से रगड़ने पर सोफे के कपड़े पर दबाव बराबर पड़ता है और अंदर जमी गंदगी बाहर आ जाती है।

Photo Credit: Pinterest (Odor Exorcism)

सोफे के किस हिस्से को पहले साफ करें?

  1.  सबसे पहले सोफे की पीठ और हाथ रखने वाली जगह को साफ करें। इन्हीं जगहों पर सबसे ज्यादा गंदगी और तेल जमाता है।
  2.  इसके बाद बैठने वाली गद्दी को साफ करें। अगर सोफे पर कोई पुराना दाग है, तो उस जगह पर तौलिये को 2-3 बार घुमाएं।
  3.  आखिर में सोफे के नीचे और कोनों को साफ करें। इन्हीं कोनों में सबसे ज्यादा धूल और खाने के कण फंसे रहते हैं।

बेकिंग सोडा और डेटॉल क्या काम करते हैं?

  • बेकिंग सोडा सोफे के कपड़े से दाग और बदबू को खींच लेता है। ये कपड़े का रंग भी खराब नहीं करता है।
  • फैब्रिक सॉफ्टनर से सोफे का कपड़ा मुलायम हो जाता है और उसमें से अच्छी खुशबू आने लगती है।
  • डेटॉल से सोफे पर बैठे कीटाणु और बैक्टीरिया खत्म हो जाते हैं।
  • गर्म पानी इन तीनों चीजों को अच्छे से मिलाकर गंदगी को जल्दी काट देता है। इसी वजह से ये छोटा सा उपाय इतना असरदार साबित होता है।

सोफा साफ करते समय इन गलतियों से बचें

  1.  सोफे पर ज्यादा गीला तौलिया नहीं रगड़ना चाहिए। ज्यादा पानी से सोफे के अंदर फोम गीला हो जाएगा और उसमें से बदबू आने लगेगी।
  2.  सफेद या हल्के रंग के सोफे पर पहले किसी छुपी हुई जगह पर ये मिश्रण लगाकर देख लें। अगर रंग न उतरे, तो ही पूरे सोफे पर लगाएं।
  3.  सोफे को साफ करने के बाद उसे धूप में नहीं रखना चाहिए। पंखे की हवा में ही सूखने दें। धूप से कपड़े का रंग फीका पड़ सकता है।

Photo Credit: Pinterest (Jeanhines)

सोफे को नया जैसा बनाए रखने के टिप्स

  • हफ्ते में एक बार सोफे को सूखे कपड़े से झाड़ लें। महीने में एक बार इस गर्म पानी वाले उपाय को जरूर अपनाएं।
  • सोफे पर खाने-पीने की चीजें गिरने पर तुरंत सूखे कपड़े से पोंछ लें। दाग सूखने के बाद उसे निकालना मुश्किल हो जाता है।
  • बच्चों के खेलने वाली जगह पर सोफे पर पुरानी बेडशीट बिछा दें। इससे सोफा लंबे समय तक साफ रहेगा।

गंदे सोफे के लिए महंगी क्लीनिंग सर्विस की जरूरत नहीं है। गर्म पानी, बेकिंग सोडा, फैब्रिक सॉफ्टनर और डेटॉल वाला ये 1 आसान उपाय ही काफी है। बस तौलिये को ढक्कन में लपेटकर सही तरीके से रगड़ें, सोफा नया जैसा चमकने लगेगा। हफ्ते में थोड़ी सी देखभाल से लिविंग रूम का लुक हमेशा अच्छा बना रहेगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।