Gardening Tips: घर में करी पत्ते का पौधा सब लगाते हैं, लेकिन कुछ समय बाद उस पौधे की ग्रोथ रुक जाती है। कभी नई पत्तियां नहीं आती हैं तो कभी पौधे की पत्तियां पीली पड़ जाती है, जिसकी वजह से कड़ी या करी पत्ते का पौधा सूख जाता है। ऐसे में लोग समझन लगते हैं कि पौधा खराब हो गया है। असल में पौधा खराब नहीं हुआ, उसे अच्छे से खाना नहीं मिल रहा है। करी पत्ते को नाइट्रोजन वाली और थोड़ी खट्टी चाहिए होती है। अगर ये मिल जाए, तो पौधा फिर से हरा-भरा हो जाता है।

करी पत्ते को घना करने का है किचन में देसी इलाज

करी पत्ते के लिए बाजार से महंगी खाद लाने की जरूरत नहीं है। आपके किचन में ही इसका इलाज रखा है। खट्टी छाछ, चावल का पानी और एक चुटकी हींग, ये तीन चीजें आपके पौधे की रुकी हुई ग्रोथ को फिर से शुरू कर देंगी। माली भी यही देसी नुस्खा अपनाते हैं। चलिए जानते हैं पूरा तरीका।

करी पत्ते की ग्रोथ क्यों रुक जाती है?

पहले वजह समझ लीजिए, तभी इलाज काम करेगा।

  • बार-बार एक ही गमले में पौधा लगा रहता है, तो मिट्टी की ताकत खत्म हो जाती है।
  • करी पत्ते को रोज 5-6 घंटे की सीधी धूप चाहिए। कम धूप में पौधा पतला और पीला हो जाता है।
  • ज्यादा पानी देने से जड़ें सड़ जाती हैं और कम पानी से पौधा सूख जाता है।
  • अगर पौधे की ऊपर से कटाई नहीं की जाए, तो वो लंबा तो हो जाता है, लेकिन घना नहीं होता है।

Photo Credit: Pinterest (Anu Patel)

हैक नंबर 1

करी पत्ते के लिए सबसे अच्छी खाद खट्टी छाछ मानी जाती है।

कैसे बनाएं?

  •  2-4 दिन पुरानी खट्टी छाछ लें।
  •  2 से 3 चम्मच छाछ को एक बाल्टी या एक मग पानी में मिला लें।
  •  अब इस पानी को पौधे की मिट्टी में डालें।

कब डालें: हर 15 से 30 दिन में एक बार।

फायदा क्या होगा: छाछ से मिट्टी थोड़ी खट्टी हो जाती है, जो करी पत्ते को बहुत पसंद है। इससे पौधे को नाइट्रोजन मिलता है और नई पत्तियां तेजी से आती हैं। ध्यान रखें, छाछ ज्यादा गाढ़ी न हो, हमेशा पानी में पतला करके ही डालें।

हैक नंबर 2

चावल धोने के बाद हम पानी फेंक देते हैं, लेकिन यही पानी करी पत्ते के लिए अमृत है।

कैसे बनाएं?

  •  चावल को पानी में भिगोकर रख दें।
  •  थोड़ी देर बाद पानी को छान लें।
  •  इस पानी को सीधे पौधे की मिट्टी में डाल दें।

कब डालें: हर 15 दिन में एक बार।

फायदा क्या होगा: चावल के पानी से पौधे को हल्का पोषण मिलता है। इससे जड़ें मजबूत होती हैं और पौधा धीरे-धीरे हरा-भरा होने लगता है।

Photo Credit: Pinterest (Green Garden)

हैक नंबर 3

अगर आपके पास गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट है, तो वो भी बहुत काम की है।

कैसे डालें?

  •  महीने में एक बार एक मुट्ठी अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट लें।
  •  गमले की ऊपर की मिट्टी को हल्के हाथ से खुरच लें।
  •  अब खाद को मिट्टी में मिला दें।

इससे मिट्टी में हवा जाएगी और जड़ों को ताकत मिलेगी।

Photo Credit: Pinterest (Etsy)

हैक नंबर 4

हींग सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाती, पौधे को भी बीमारी से बचाती है।

कैसे बनाएं?

  •  एक चुटकी यानी करीब 1 से 1.5 ग्राम हींग को पानी में घोल लें।
  •  इस पानी को कभी-कभी पौधे की मिट्टी में डालें।

फायदा क्या होगा: हींग से मिट्टी में लगने वाले कीड़े और फंगस खत्म होते हैं। पौधा बीमारी से बचा रहता है।

पौधा घना और हरा-भरा कैसे बनेगा?

  1.  गमले को ऐसी जगह रखें, जहां रोज 5-6 घंटे की सीधी धूप आती हो।
  2.  पौधे के ऊपर के सिरे को हल्के से तोड़ते रहें। इससे साइड से नई डालियां निकलेंगी और पौधा घना होगा।
  3.  खाद डालने से पहले ऊपर की मिट्टी को हल्के से खोद लें। इससे जड़ों तक हवा पहुंचेगी।
  4.  सर्दी में पौधे की ग्रोथ अपने आप धीमी हो जाती है। इस समय भारी खाद न डालें। छोटे पौधों को ठंडी हवा और पाले से बचाकर रखें।

Photo Credit: Pinterest (babita)

ध्यान रखने वाली बातें

  •  छाछ को बिना पानी मिलाए सीधे मत डालें, पौधा जल सकता है।
  •  रोज-रोज खाद मत डालें, 15 दिन का गैप जरूर रखें।
  •  गमले में पानी जमा न होने दें।
  •  पीली पत्तियों को समय-समय पर हटा दें, ताकि नई पत्तियां आ सकें।

करी पत्ते का पौधा अगर रुक गया है, तो उसे फेंकने की जरूरत नहीं है। खट्टी छाछ, चावल का पानी, गोबर की खाद और हींग का छोटा सा घोल ही काफी है। बस धूप, गुड़ाई और थोड़ी सी कटाई का ध्यान रखिए। 15-20 दिन में ही आपको फर्क दिखने लगेगा और आपका पौधा फिर से हरा-भरा और घना हो जाएगा।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।