Reuse Ideas: अगर आपको बागवानी का शौक है और आप घर की बालकनी या छत पर नए-नए पौधे लगाना पसंद करती हैं, तो यह छोटा-सा जुगाड़ आपके बहुत काम आ सकता है। अक्सर पौधों के बीज लगाने के लिए हम बाजार से छोटे प्लास्टिक के गमले या सीडलिंग ट्रे (जिसमें बेबी प्लांट्स ग्रो किए जाते हैं) खरीदते हैं। मगर क्या आप जानती हैं कि घर में इस्तेमाल होने वाले दूध के खाली पैकेट से भी छोटे पौधे उगाने के लिए बेहतरीन कंटेनर तैयार किए जा सकते हैं? जी हां, जिस दूध के पैकेट को आप रोजाना इस्तेमाल के बाद कूड़ेदान में डाल देती हैं, उसे थोड़ी सी मेहनत से दोबारा काम में ला सकती हैं। नीचे लेख में पढ़ें दूध के पैकेट का गार्डनिंग में रीयूज।

दूध के खाली पैकेट से सीडलिंग पॉट कैसे बनाएं?

सीडलिंग या नर्सरी पॉट बनाने के लिए आपको किसी खास सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी। बस ये चीजें इकट्ठा कर लें, जानें चीजें।

  • दूध के खाली पैकेट
  • कैंची
  • साफ पानी
  • गमले की मिट्टी
  • खाद या कोकोपीट
  • पौधों के बीज

दूध के पैकेट से सीडलिंग पॉट बनाने का तरीका

सबसे पहले दूध के खाली पैकेट को ऊपर से काटकर खोल लें। इसके अंदर बचा हुआ दूध पानी से अच्छी तरह साफ कर दें। अगर पैकेट में दूध की कुछ बूंदे रह जाएंगी तो उसमें बदबू आने और बैक्टीरिया पनपने की आशंका हो सकती है। यह करने के बाद जानें नर्सरी पॉट बनाने का आसान तरीका।

  • दूध के पैकेट को साफ करने के बाद इसे उल्टा करके सूखने के लिए रख दें।
  • ध्यान रखें कि पैकेट के अंदर बिल्कुल दूध न बचा हो।
  • पैकेट जब सूख जाए तो उसकी ऊंचाई के हिसाब से ऊपर का हिस्सा काट लें।
  • अब पैकेट के निचले हिस्से में कैंची की मदद से 3-4 छोटे ड्रेनेज होल बना दें।
  • इन छेदों से अतिरिक्त पानी बाहर निकल सकेगा और मिट्टी में पानी जमा नहीं होगा।
  • अगर पैकेट बहुत पतला है तो उसे सीधा खड़ा रखने के लिए किसी छोटे डिब्बे या ट्रे का सहारा ले सकती हैं।
  • अब पैकेट में बागवानी वाली मिट्टी, कोकोपीट और थोड़ी वर्मी कंपोस्ट मिलाकर भरें।
  • मिट्टी को बहुत ज्यादा दबाएं नहीं, क्योंकि इससे बीजों को अंकुरित होने में परेशानी हो सकती है।
  • अब अपनी पसंद के अनुसार टमाटर, मिर्च, धनिया या फूलों के बीज डालें।
  • बीज के आकार के हिसाब से मिट्टी की हल्की परत डालकर पानी का छिड़काव करें।
  • बीज लगाने के बाद पैकेट को ऐसी जगह रखें जहां पौधों को उनकी जरूरत के अनुसार रोशनी मिल सके।
  • मिट्टी में नमी बनाए रखें, लेकिन ज्यादा पानी न डालें। कुछ दिनों में बीज अंकुरित होने लगेंगे।
  • पौधों में 2-4 असली पत्तियां आने और जड़ें मजबूत होने पर उन्हें गमले में शिफ्ट कर सकती हैं।

जरूरी बातें-

दूध के पैकेट से बने सीडलिंग पॉट को लंबे समय तक इस्तेमाल करने के बजाय शुरुआती पौधों के लिए ही रखें। हर बार इस्तेमाल से पहले पैकेट की सफाई करें। एक ही पैकेट को बार-बार इस्तेमाल करने पर उसकी मजबूती कम हो सकती है।

अब दूध का खाली पैकेट फेंकने से पहले एक बार जरूर सोचें। थोड़ी सी मेहनत से इससे कई छोटे सीडलिंग पॉट तैयार किए जा सकते हैं। इससे बागवानी का खर्च भी कम होगा और घर के बेकार सामान का सही इस्तेमाल भी हो जाएगा। ऐसे ही कारगर और कमाल के रीयूज आइडियाज पढ़ने के लिए जुड़े रहे हरजिंदगी के साथ। अगर आपको यह लेख पसंद आया है, तो इसे शेयर करें।