आज धनतेरस है और बाजार में सुबह से ही रौनक है। सोने-चांदी की दुकानों के साथ-साथ बर्तनों की दुकानों पर भी सबसे ज्यादा भीड़ है। हर कोई चाहता है आज के दिन घर में कुछ नया, कुछ शुभ आए, लेकिन जल्दबाजी में अक्सर हम वही गलती कर देते हैं, जो बाद में पछतावा बन जाती है। चमक देखकर बर्तन उठा लिया, ऑफर देखकर सेट खरीद लिया और घर आकर पता चला कि वह हमारी जरूरत का है ही नहीं।

अगर आप आज बर्तन खरीदने निकल रही हैं, तो 10 मिनट रुककर ये बातें पढ़ लीजिए। ये छोटी-छोटी चेकलिस्ट आपके पैसे भी बचाएगी और धनतेरस की खरीदारी को सच में शुभ बनाएगी।

बर्तन खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

आज के दिन अगर आप बर्तन खरीदने जा रही हैं, तो इन बातों का जरूर ख्याल रखें।

1. लिस्ट बनाकर निकलें

आज दुकान पर सैकड़ों डिजाइन देखकर मन डोलना तय है। इसलिए घर से निकलने से पहले किचन में एक बार झांक लीजिए कौन सी कड़ाही काली पड़ गई है? कौन सा भगोना टेढ़ा हो गया है? क्या सच में नए तवे की जरूरत है? जो चीज सच में चाहिए, उसे फोन में लिख लीजिए। आज के दिन लिस्ट से खरीदारी करने वाला ही समझदार खरीदार कहलाता है। बिना लिस्ट के गए तो 2 बर्तन की जगह 6 बर्तन घर आ जाएंगे।

2. भारी ही अच्छा नहीं होता

अक्सर लोग सोचते हैं भारी बर्तन ही अच्छा बर्तन होता है। यह आधा सच है। बहुत ज्यादा भारी कड़ाही रोज उठाने में मुश्किल होगी और बहुत ज्यादा हल्की कड़ाही जल्दी जल जाएगी। बर्तन को हाथ में उठाइए, उंगलियों से ठोककर देखिए। आवाज भारी और ठोस लगे तो समझिए मटेरियल दमदार है। पतली टिन जैसी आवाज आए तो उसे वहीं रख दीजिए।

image credit-magnific

3. स्टील में भी होता है फर्क

सारे स्टील एक जैसे नहीं होते। आजकल बाजार में 200 सीरीज और 300 सीरीज दोनों तरह के स्टील मिलते हैं। दुकानदार से सीधे पूछें ये फूड ग्रेड है? इसमें जंग तो नहीं लगेगा? रोज के खाने के लिए ठीक रहेगा? जो दुकानदार साफ-साफ जवाब दे, उसी से खरीदें। जो सिर्फ चमक दिखाए, उससे बचें।

4. खरीदने से पहले 360 डिग्री चेक करें

धनतेरस की भीड़ में दुकानदार जल्दी में होगा, लेकिन आप जल्दी मत कीजिए। बर्तन को पलटकर अंदर-बाहर दोनों तरफ देखें। कहीं हल्का सा स्क्रैच, डेंट या जोड़ पर उभार तो नहीं है? ढक्कन वाला बर्तन है तो उसे लगाकर देखें, ढक्कन ढीला तो नहीं है? 30 सेकंड का यह चेक करना घर जाकर होने वाले झगड़े से बचा लेगा।

5. तवा-कड़ाही को समतल जगह पर रखकर देखें

यह सबसे बड़ी गलती है जो लोग करते हैं। ऊपर से बर्तन सुंदर लगता है, लेकिन नीचे से टेढ़ा होता है। दुकान के काउंटर पर ही बर्तन को रखकर देखें। क्या वह बिना हिले टिक रहा है? अगर वह एक तरफ झुक रहा है तो गैस पर खाना एक तरफ जलेगा और दूसरी तरफ कच्चा रहेगा। खासकर तवे के लिए ये टेस्ट आज ही कर लें।

image credit-magnific

6. बिल लेना शुभ होता है

आज के दिन कई लोग कहते हैं - बिल रहने दीजिए, थोड़ा डिस्काउंट दे दीजिए। यही सबसे बड़ी भूल है। बिल ही आपकी गारंटी है। अगर बर्तन में बाद में कोई दिक्कत आती है, तो बिना बिल के आप उसे बदल भी नहीं पाएंगे। छोटा हो या बड़ा, हर बर्तन का बिल लें और बिल में कीमत और सामान का नाम जरूर मिलाएं।

7. ऑफर के चक्कर में एक्स्ट्रा सामान मत उठाएं

आज दुकानों पर 'एक के साथ एक फ्री' और 'फुल सेट पर भारी छूट' जैसे बोर्ड लगे होंगे। सोचिए, घर में अगर पहले से 3 भगोने सही चल रहे हैं, तो क्या चौथे की जरूरत है? धनतेरस का मतलब जरूरत का सामान लाना है, घर को गोदाम बनाना नहीं। आज वही खरीदें, जो अगले 1 साल तक रोज काम आए।

धनतेरस पर बर्तन खरीदना सिर्फ एक परंपरा नहीं है, बल्कि समझदारी भरी खरीदारी का मौका है। आज के दिन बाजार की चमक और ऑफर आपको भटका सकते हैं, लेकिन अगर आप अपनी जरूरत, बर्तन की क्वालिटी और बिल जैसी छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखेंगे तो आपकी खरीदारी कभी बेकार नहीं जाएगी।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

 main image credit-gemini