मोबाइल फोन आज हमारे जीवन काअहम हिस्सा बन चुके हैं। इनके बिना एक पल भी गुजारना मुश्किल लगता है। सुबह आंख खुलने से लेकर रात को सोने तक फोन हमारे हाथों में रहता है, जिसके कारण यह लगातार चलता रहता है। ऐसे में बैटरी खर्च होना स्वाभाविक सी बात है, लेकिन बैटरी अगर तेजी से डिस्चार्ज होने लग जाए, तो यह दिक्कत की बात है। इस समस्या से बचने के लिए हर कोई यही चाहता है कि उनके फोन की बैटरी हेल्थ लंबे समय तक अच्छी रहे। बता दें कि पुरानी बैटरियों के मुकाबले आज के स्मार्टफोन में आधुनिक लिथियम-आयन बैटरियां आती हैं, जिन्हें संभालकर रखने के लिए अब पुराने तरीकों को छोड़कर कुछ नए चार्जिंग रूल्स अपनाने की सख्त जरूरत है।
अगर आप भी बार-बार फोन चार्ज करने की आदत से परेशान हैं, तो कुछ बातों को अपनाकर फोन की बैटरी लाइफ को सुरक्षित रख सकती हैं। नीचे लेख में जानें 5 मॉडर्न चार्जिंग रूल्स के बारे में, जिन्हें हर स्मार्टफोन यूजर को फॉलो करना चाहिए।
फोन की बैटरी हेल्थ को खराब होने से बचाने के लिए क्या करें?
आईफोन यूजर हो या एंड्रॉयड दोनों को फोन के चार्जिंग से जुड़ी बात का खास ध्यान रखने की जरूरत है। अगर आप भी अपने फोन की बैटरी हेल्थ को बेहतर रखना चाहती हैं, तो नीचे बताए गए प्वाइंट को आज से ही फॉलो करना शुरू कर दें।
1. 20-80 प्रतिशत वाला रूल करें फॉलो
बैटरी हेल्थ को लंबे समय तक 90% या उससे ऊपर बनाए रखने के लिए बैटरी को कभी भी 0% तक पूरी तरह खत्म न होने दें। साथ ही फोन को कभी भी 100% चार्ज न करें। जब आपके फोन की बैटरी 20% के आसपास पहुंचे, तभी उसे चार्जर पर लगा दें और बैटरी 80% या 85% होते ही उसे अनप्लग कर दें।
इसे भी पढ़ें- चार्जिंग के समय बम की तरह दहकता है आपका मोबाइल? तुरंत बंद करें ये बैकग्राउंड ऐप्स, कभी नहीं होगा ओवरहीट
2. चार्जिंग के दौरान फोन के इस्तेमाल से बचें
जब फोन चार्जिंग पर लगा हो, तब उस पर गेम खेलना, वीडियो कॉलिंग करना या ऑनलाइन मूवी देखना बिल्कुल बंद कर दें। चार्जिंग के वक्त फोन का प्रोसेसर पहले से ही गर्म हो रहा होता है, और ऐसे में जब आप उस पर भारी टास्क डालते हैं, तो फोन का तापमान खतरनाक स्तर तक बढ़ जाता है। इस दौरान निकलने वाला हीट बैटरी के लिए नुकसानदायक है, जो धीरे-धीरे बैटरी सेल्स को अंदर से कमजोर कर देती है।
3. हमेशा ओरिजिनल और सर्टिफाइड चार्जर का ही इस्तेमाल करें
बाजार में मिलने वाले सस्ते या बिना किसी ब्रांड के लोकल चार्जर भले ही आपके फोन को जल्दी चार्ज करने का दावा करें, लेकिन वे वोल्टेज को सही से कंट्रोल नहीं कर पाते हैं। हमेशा अपने आईफोन या एंड्रॉइड डिवाइस के साथ मिलने वाले ऑरिजिनल एडाप्टर और केबल का ही उपयोग करें। अगर नया चार्जर खरीदना पड़े, तो हमेशा कंपनी-सर्टिफाइड या अच्छी ब्रांडेड एक्सेसरीज ही चुनें। खराब या अनियंत्रित करंट फ्लो सीधे तौर पर बैटरी सर्किट को नुकसान पहुँचाता है और बैटरी की उम्र को भारी रूप से घटा देता है।
4. ओवरनाइट चार्जिंग से दूर रहे
कई बार लोग रात के समय फोन चार्ज पर लगाकर सो जाते हैं। अगर आपकी भी यह आदत है, तो इसे आज ही छोड़ दें। बता दें कि रात को सोते वक्त फोन को चार्जिंग पर लगाकर सुबह तक छोड़ देना स्मार्टफोन की बैटरी की उम्र को तेजी से कम करता है। हालांकि आज के आधुनिक स्मार्टफोन्स में स्मार्ट चार्जिंग फीचर्स आने लगे हैं जो रात में बैटरी को 80% पर रोक लेते हैं, फिर भी लंबे समय तक हाई वोल्टेज से जुड़े रहना बैटरी के लिए सही नहीं है।
5. फोन पर भारी कवर लगाकर चार्ज करने से बचें
आजकल लोग अपने फोन को सुरक्षित रखने के लिए महंगे और मोटे बैक कवर या रफ-टफ केस का इस्तेमाल करते हैं।
मगर जब आप इस तरह के मोटे केस के साथ फोन को चार्जिंग पर लगाते हैं, तो चार्जिंग के दौरान पैदा होने वाली प्राकृतिक गर्मी बाहर नहीं निकल पाती है। यह अंदर ही अंदर ट्रैप होकर फोन और बैटरी को अत्यधिक गर्म कर देती है। इसलिए चार्जिंग करते समय हमेशा फोन का बैक कवर निकाल देना चाहिए ताकि बैटरी ठंडी रहे और उसकी हेल्थ सुरक्षित बनी रहे।
इसे भी पढ़ें- Charger Safety Tips: कहीं आप भी तो नहीं कर रहीं सस्ते चार्जर का इस्तेमाल? आज ही जान लें ये 5 बड़े नुकसान
क्या आप भी इसमे ंसे कोई गलती करती हैं। अगर हां, तो इसे आज ही छोड़ दें। ऐसा इसलिए क्योंकि यह आपके फोन और बैटरी हेल्थ दोनो ंके लिए नुकसानदायक है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Magnific
