Latest Study Table Decoration Ideas: बच्चों को पढ़ाई के लिए बैठाना कई बार माता-पिता के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होता। कभी उन्हें खिलौनों की याद आती है, तो कभी पढ़ाई के बीच में ही उनका मन खेलने का करने लगता है। ऐसे में अगर बच्चे का स्टडी कॉर्नर ही उसकी पसंद का और रंग-बिरंगा हो, तो पढ़ाई के प्रति दिलचस्पी बढ़ती है। जरूरी नहीं कि इसके लिए आप महंगे फर्नीचर या डिजाइनर डेकोरेशन पर हजारों रुपये खर्च करें।

आप बाजार में मिलने वाले छोटे खिलौनों, रंगीन पेन, स्टिकर्स, लाइट्स और DIY डेकोरेशन की मदद से बच्चे की स्टडी टेबल को बेहद खूबसूरत बना सकती हैं। बस बच्चे की पसंद को ध्यान में रखते हुए एक थीम चुनें और उसी के हिसाब से टेबल सजाएं। यहां जानिए 7 ऐसे क्रिएटिव स्टडी टेबल डेकोरेशन आइडियाज, जिन्हें आप कम बजट में घर पर तैयार कर सकती हैं।

1. स्पेस थीम

अगर आपके बच्चे को चांद, तारे, ग्रह और रॉकेट पसंद हैं, तो उसके लिए स्पेस थीम वाली स्टडी टेबल तैयार करें। टेबल के पीछे वाली दीवार पर चांद और तारों के स्टिकर्स लगाएं। छोटे रॉकेट और एस्ट्रोनॉट के खिलौने टेबल के एक कोने में रख सकती हैं। पेंसिल रखने के लिए रॉकेट शेप का पेन स्टैंड भी खरीद सकती हैं।

सामान कहां मिलेगा: सदर बाजार या किसी लोकल स्टेशनरी शॉप से स्टार स्टिकर्स, रंगीन पेन और पेन स्टैंड लें। छोटे एस्ट्रोनॉट और रॉकेट खिलौने टॉय शॉप या ऑनलाइन मिल जाएंगे।

image credit-pinterest (Nimrabloom)

2. व्हाइट और पेस्टल थीम

अगर आप बच्चे के कमरे को साफ-सुथरा और खूबसूरत दिखाना चाहती हैं, तो व्हाइट और पेस्टल ग्रीन थीम चुनें। सफेद रंग की स्टडी टेबल के साथ हल्के हरे रंग की कुर्सी रखें। किताबों के लिए छोटी शेल्फ बनाएं और पेन, पेंसिल व कलर रखने के लिए अलग-अलग ऑर्गेनाइजर लगाएं। टेबल पर छोटा सा आर्टिफिशियल प्लांट भी रख सकती हैं।

सामान कहां मिलेगा: फर्नीचर मार्केट से टेबल और कुर्सी, जबकि स्टेशनरी शॉप से ऑर्गेनाइजर और डेकोरेशन का सामान खरीद सकती हैं।

image credit-pinterest (velora finds)

3. मिंट ब्लू थीम

मिंट ब्लू रंग आंखों को सुकून देने वाला और देखने में काफी आकर्षक लगता है। इस थीम के लिए दीवार पर बादल के आकार का DIY कटआउट लगाएं। उसके नीचे 'Be Fearless' जैसा छोटा मोटिवेशनल साइन लगाएं। किताबों के लिए फ्लोटिंग शेल्फ और टेबल पर सॉफ्ट लाइट वाली स्टडी लैंप रखें। कुर्सी के कुशन का रंग भी इसी थीम से मिलता-जुलता रखें।

सामान कहां मिलेगा: क्राफ्ट शॉप से फोम शीट, चार्ट पेपर और कटआउट बनवाने का सामान लें। एलईडी लाइट और शेल्फ डेकोरेशन लोकल इलेक्ट्रॉनिक या होम डेकोर शॉप में मिल जाएंगे।

image credit-pinterest (cozy home)

4. पिंक क्लाउड थीम

अगर आपकी बेटी को पिंक रंग पसंद है, तो उसके लिए पिंक क्लाउड थीम तैयार करें। दीवार पर बादलों के आकार के कटआउट लगाएं और टेबल पर पिंक पेन स्टैंड, पेंसिल बॉक्स और छोटी डायरी रखें। फूलों के आकार वाली छोटी लाइट या टेबल लैंप से सजावट पूरी करें। कुर्सी पर सॉफ्ट पिंक कुशन भी रख सकती हैं।

सामान कहां मिलेगा: लोकल गिफ्ट शॉप, स्टेशनरी मार्केट और होम डेकोर स्टोर से पिंक डेकोरेशन का सामान खरीद सकती हैं।

image credit-pinterest (home decor ideas)

5. यूनिकॉर्न थीम

छोटे बच्चों को रंग-बिरंगी और फैंटेसी वाली चीजें खूब पसंद आती हैं। ऐसे में यूनिकॉर्न थीम उनकी स्टडी टेबल के लिए शानदार रहेगी। इसके लिए पर्पल, पिंक और लैवेंडर रंगों का इस्तेमाल करें। टेबल पर यूनिकॉर्न सॉफ्ट टॉय, रेनबो पेन स्टैंड और रंगीन नोटबुक रखें। दीवार पर इंद्रधनुष और सितारों वाले स्टिकर्स लगाकर इसे और आकर्षक बनाया जा सकता है।

सामान कहां मिलेगा: टॉय शॉप से यूनिकॉर्न सॉफ्ट टॉय और स्टेशनरी मार्केट से रेनबो पेन, स्टिकर्स व कलरफुल नोटबुक खरीदें।

image credit-pinterest (Ahmed Sami)

6. लैवेंडर थीम

अगर आप कुछ अलग और सॉफ्ट कलर की थीम चाहती हैं, तो लैवेंडर रंग चुन सकती हैं। इस थीम में हल्के बैंगनी रंग का पेन स्टैंड, नोटबुक, टेबल मैट और कुशन इस्तेमाल करें। टेबल के ऊपर छोटी शेल्फ लगाकर उसमें किताबें और कुछ सजावटी सामान रखें। एक छोटी वार्म लाइट वाली टेबल लैंप से इसका लुक और निखर जाएगा।

सामान कहां मिलेगा: कपड़े की दुकान से लैवेंडर रंग का फैब्रिक लेकर टेबल मैट बनवा सकती हैं। स्टेशनरी मार्केट से मैचिंग नोटबुक और पेन खरीदें।

image credit-pinterest (USA Amazon Finds)

7. नोबिता थीम

अगर आपका बच्चा डोरेमोन और नोबिता का फैन है, तो उसकी पसंदीदा कार्टून थीम पर स्टडी टेबल सजाएं। टेबल के पीछे नोबिता और डोरेमोन का पोस्टर लगाएं। डोरेमोन प्रिंटेड पेंसिल बॉक्स, नोटबुक और ब्लू कलर का पेन स्टैंड रखें। चाहें तो एक छोटा डोरेमोन सॉफ्ट टॉय भी टेबल के किनारे रख सकती हैं।

सामान कहां मिलेगा: लोकल टॉय मार्केट, स्टेशनरी की दुकानों और गिफ्ट शॉप पर कार्टून प्रिंटेड सामान मिल सकता है।

image credit-pinterest (desi)

स्टडी टेबल सजाते समय इन बातों का रखें ध्यान

बच्चों की स्टडी टेबल को सजाते समय कुछ बातों का ध्यान जरूर रखे, वरना आपका काम अच्छे से नहीं होगा।

  • बच्चे की उम्र और पसंद के हिसाब से थीम चुनें।
  • टेबल पर जरूरत से ज्यादा खिलौने न रखें, वरना पढ़ाई के समय ध्यान भटक सकता है।
  • किताबों और स्टेशनरी के लिए अलग-अलग बॉक्स बनाएं।
  • बच्चे की लंबाई के अनुसार टेबल और कुर्सी की ऊंचाई रखें।
  • पर्याप्त रोशनी के लिए अच्छी स्टडी लैंप लगाएं।
  • सजावट में इस्तेमाल होने वाली छोटी चीजें बच्चे की पहुंच और उम्र को ध्यान में रखकर चुनें।

बच्चे की स्टडी टेबल को खूबसूरत बनाने के लिए महंगे डेकोरेशन की जरूरत नहीं है। थोड़े से क्रिएटिव आइडियाज और बाजार में मिलने वाले छोटे-छोटे सामान से आप घर पर ही उसका पसंदीदा स्टडी कॉर्नर तैयार कर सकती हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit-ai