सर्दी आते ही घर में पकौड़े, समोसे और चाट का दौर शुरू हो जाता है। इन सबके साथ अगर चटनी अच्छी न हो, तो मजा अधूरा रह जाता है। अब अगर धनिया-पुदीने की हरी चटनी खाकर मन भर गया है, तो इस बार कुछ नया ट्राई कीजिए। अमरूद की खट्टी-मीठी चटनी, जो सिर्फ 10 मिनट में बन जाती है और खाने का स्वाद दोगुना कर देती है।

घर पर कैसे बनाएं अमरूद की चटनी?

अमरूद को अक्सर हम ऐसे ही काटकर खा लेते हैं। कभी नमक लगाकर, कभी ऐसे ही, लेकिन क्या आपने कभी अमरूद की चटनी खाई है? ये चटनी खट्टी भी है, मीठी भी है और हल्की तीखी भी। पकौड़ों से लेकर पराठों तक, हर चीज के साथ यह चटनी एकदम परफेक्ट लगती है। सबसे बड़ी बात, इसे बनाने के लिए ना ज्यादा सामान चाहिए और ना ही ज्यादा टाइम।

अमरूद की चटनी क्यों है खास?

सर्दियों में अमरूद खूब मिलते हैं। ये सस्ते भी होते हैं और सेहत के लिए भी बहुत अच्छे माने जाते हैं। इस चटनी में अमरूद का कुरकुरापन, हरी मिर्च का तीखापन, अदरक की खुशबू और नींबू की खटास, सब कुछ एक साथ मिल जाता है। भुना जीरा और काला नमक इसका स्वाद और भी बढ़ा देते हैं। जो लोग रोज एक ही तरह की चटनी खाकर बोर हो गए हैं, उनके लिए यह एकदम नया स्वाद है।

Photo Credit: Pinterest (Cooking Ideas)

अमरूद की चटनी बनाने के लिए क्या चाहिए?

अमरूद की चटनी के लिए सबकुछ घर की आसानी से मिल जाता है।

सामग्री

  • ताजे और कुरकुरे अमरूद- 250 ग्राम
  • ताजा हरा धनिया- आधा कप
  • अदरक- 1 चम्मच, मोटा कटा हुआ
  • हरी मिर्च- 1 चम्मच, मोटी कटी हुई
  • नींबू का रस- 2 चम्मच
  • भुना जीरा पाउडर- आधा चम्मच
  • काला नमक- आधा चम्मच
  • सादा नमक- स्वाद के अनुसार
  • ठंडा पानी- 2 से 3 चम्मच

अमरूद की चटनी बनाने की आसान विधि

स्टेप 1
सबसे पहले अमरूद को अच्छे से धोकर पोंछ लें। अब इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अमरूद के अंदर के बड़े और सख्त बीज निकाल दें, ताकि चटनी एकदम चिकनी बने। छिलका उतारने की जरूरत नहीं है।

स्टेप 2
अब कटे हुए अमरूद, हरा धनिया, अदरक, हरी मिर्च, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, नींबू का रस और 2 से 3 चम्मच ठंडा पानी मिक्सी के जार में डाल दें।

स्टेप 3
मिक्सी को चलाकर चटनी को चिकना पीस लें। बीच-बीच में जार के किनारों पर लगी चटनी को चम्मच से नीचे कर दें। अगर चटनी ज्यादा गाढ़ी लगे, तो थोड़ा सा ठंडा पानी और डाल लें।

स्टेप 4
अब चटनी को चखकर देखें। नमक या नींबू कम लगे, तो अपने स्वाद के हिसाब से और डाल लें।

स्टेप 5
चटनी को एक कटोरी में निकाल लें। इसे ठंडा करके या सामान्य तापमान पर ही परोसें। बस, आपकी खट्टी-मीठी अमरूद की चटनी तैयार है।

Photo Credit: Pinterest (Whisk Affair)

अमरूद की चटनी को किसके साथ खाएं?

ये चटनी हर चीज के साथ अच्छी लगती है।

  • गरमा-गरम पकौड़ों और समोसों के साथ।
  • आलू की चाट और टिक्की के साथ।
  • पराठे, पूरी और दाल-चावल के साथ।
  • सैंडविच और कटलेट के साथ।

सर्दियों की शाम को जब चाय के साथ पकौड़े बनें, तो ये चटनी खाने का मजा दोगुना कर देगी।

अमरूद की चटनी को टेस्टी बनाने के 3 टिप्स

  1.  अमरूद हमेशा कुरकुरे लें: ज्यादा पके और नरम अमरूद से चटनी अच्छी नहीं बनेगी। हल्के कच्चे और सख्त अमरूद ही चुनें।
  2.  पानी ज्यादा न डालें: पानी थोड़ा-थोड़ा करके डालें। ज्यादा पानी डालने से चटनी पतली हो जाएगी और स्वाद फीका लगेगा।
  3.  ताजा ही बनाएं: यह चटनी ताजी ही सबसे अच्छी लगती है। बनाने के बाद ज्यादा देर तक न रखें।

अमरूद की चटनी को कितने दिन तक रख सकते हैं?

इस चटनी को फ्रिज में एयरटाइट डिब्बे में रखकर 1 से 2 दिन तक इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन सबसे अच्छा स्वाद ताजा बनाई हुई चटनी में ही आता है। इसलिए जितनी जरूरत हो, उतनी ही बनाएं।

इस सर्दी अगर आप खाने में कुछ नया स्वाद जोड़ना चाहते हैं, तो धनिया-पुदीने की चटनी को एक दिन के लिए भूल जाइए। अमरूद की ये खट्टी-मीठी चटनी बनाइए, जो 10 मिनट में तैयार हो जाती है। एक बार इसे चखने के बाद घर वाले बार-बार बनाने के लिए कहेंगे।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।