क्या आप भी कॉफी बनाने के बाद कॉफी फिल्टर पेपर को बेकार समझकर फेंक देती हैं? अगर हां, तो ऐसा करने से पहले इस लेख को जरूर पढ़ें। कॉफी फिल्टर पेपर दिखने में बेहद साधारण लगता है, लेकिन यह पतला सा पेपर आपके बहुत काम आ सकता है। इसकी मदद से आप अपनी रसोई और घर के रोजमर्रा के कामों को आसान बना सकती हैं। अगर आप भी इसके फायदों से अनजान हैं, तो जानिए इसके 3 स्मार्ट और अनोखे हैक्स, जो आपका समय और पैसा दोनों बचा सकते हैं।

घर और किचन में कॉफी फिल्टर पेपर इस्तेमाल करने के 3 स्मार्ट हैक्स

कॉफी फिल्टर पेपर का इस्तेमाल आपको कई तरह से फायदा पहुंचा सकता है। अगर आपके घर में फिल्टर पेपर रखे हैं, तो आप इन 3 तरीकों से इन्हें डेली लाइफ में इस्तेमाल कर सकती हैं -

1. क्रॉकरी और महंगे बर्तनों को स्क्रैच से बचाएं

कॉफी फिल्टर पेपर का इस्तेमाल आप बर्तनों की सुरक्षा के लिए कर सकती हैं। जब भी हम कांच, चीनी मिट्टी या नॉन-स्टिक के बर्तनों को एक के ऊपर एक रखते हैं, तो उन पर स्क्रैच आने का डर रहता है। इन्हीं खरोंच से बर्तनों को बचाने के लिए आप इन पेपर्स का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए आप प्लेट्स, कटोरियों या नॉन-स्टिक बर्तनों के बीच में एक-एक कॉफी फिल्टर पेपर रख दें। ऐसा करने से बर्तनों के बीच एक सेफ्टी लेयर बन जाती है और उन पर खरोंच नहीं लगती।   

(image credit: magnific)

2. शीशे और चश्मों की चमकीली सफाई के लिए करें इस्तेमाल

खिड़की-दरवाजों के शीशों पर लगे जिद्दी दाग घर की खूबसूरती को कम कर देते हैं। इन्हें साफ करने के लिए अक्सर लोग अखबार या साधारण कपड़े का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अब आप कॉफी फिल्टर पेपर का इस्तेमाल कर सकती हैं। यह न सिर्फ शीशे या चश्मे साफ करता है, बल्कि इसकी मदद से आप टीवी, लैपटॉप या फोन की स्क्रीन भी आसानी से चमका सकती हैं। 

यह भी पढ़ें- इन 6 जापानी तरीकों से करें सफाई, चमकेगा घर और दूर होगा स्ट्रेस

3. तली हुई चीजों का अतिरिक्त तेल सोखना

अगर आप किसी ट्रिप पर जा रही हैं और अपने साथ पकौड़े, पूरी या कोई भी तेल वाला स्नैक रख रही हैं, तो उसे साधारण कागज में रखने के बजाय कॉफी फिल्टर पेपर का इस्तेमाल करें। तली हुई चीजों के नीचे टिश्यू पेपर की जगह कॉफी फिल्टर पेपर बिछाएं और उसके ऊपर खाने-पीने की चीजें रखें। यह तेल को जल्दी सोखता है और स्नैक्स को कुरकुरा बनाए रखता है। 

(image credit: magnific)

इस्तेमाल करने के फायदे 

इन कॉफी फिल्टर पेपर्स को इस्तेमाल करने के कई फायदे हैं। जैसे - 

  • यह नार्मल टिश्यू पेपर के मुताबिक बेहतर तरीके से तेल सोखने में मदद करता है।
  • इससे बर्तनों की कोटिंग पर खरोंच नहीं आती है।
  • यह तेल-सॉस के छीटों से माइक्रोवेव की छत को गंदा होने से भी बचाता है।
घर और रसोई के काम निपटाने के लिए अब महंगे प्रोडक्ट्स खरीदने के बजाय आप इन कॉफी फिल्टर पेपर का इस्तेमाल करके अपने काम को बेहद आसान बना सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।