लंच बॉक्स के लिए रोज कुछ नया, स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाना हर मां के लिए एक बड़ी चुनौती होता है। ऐसे में सिंपल खाने को मॉडर्न टेस्ट के साथ जोड़कर टिफिन को बेहद खास बनाया जा सकता है। ओट्स, रागी, पनीर और दालों से बनी ये खास रेसिपीज न केवल बच्चों की सेहत का ख्याल रखती हैं, बल्कि दिखने में भी इतनी आकर्षक हैं कि बच्चे अपना लंच बॉक्स पूरा खत्म करके ही घर लौटेंगे। आइए जानते हैं, घर पर आसानी से बनने वाले इन 5 स्वादिष्ट और न्यूट्रिशियस टिफिन स्नैक्स को बनाने का सही तरीका। पढ़ते हैं आगे...
1. ओट्स-रागी पिनव्हील रोल
इसे बनाने के लिए आधा कप रागी का आटा, 2 टेबलस्पून ओट्स का आटा, 1 टीस्पून सोयाबीन का आटा, 1 टीस्पून गेहूं का आटा, चुटकीभर बेकिंग पाउडर, 1 चुटकी नमक, आवश्यकता के अनुसार दूध या पानी होना जरूरी है।
- भरावन की सामग्री : चौथाई कप पनीर मसला हुआ, 2 टेबलस्पून अंजीर काट कर भिगोए हुए, 2 टेबलस्पून मेवा कटी हुई, 2 टीस्पून टूटी-फ्रूटी, 2 टीस्पून चीनी पाउडर
- अन्य सामग्री : तलने के लिए तेल, स्प्रेड के लिए मनपसंद फलों का जैम, सजाने के लिए भुनी खसखस और चेरी
- एक बड़े बर्तन में पैनकेक की सभी सामग्री मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें। 10 मिनट बाद इस घोल से नॉन-स्टिक तवे पर चीले बनाएं। जब सारे चीले बन जाएं, तो भरावन की सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं। अब प्रत्येक चीले पर जैम लगाने के बाद भरावन की पतली परत फैलाएं। सामग्री को चीले के तीन-चौथाई हिस्से तक ही फैलाएं, ताकि रोल करते समय वह बाहर न गिरे। जब सारे चीले तैयार हो जाएं, तो उन्हें सावधानी से रोल करके एल्युमिनियम फॉयल में लपेटें और 2 से 3 घंटे के लिए फ्रिज में सेट होने रख दें। सेट हो जाने पर रोल्स को पतले-पतले टुकड़ों में काटकर पिनव्हील का आकार दें। अंत में भुनी खसखस और चेरी से सजाकर लंच बॉक्स में पैक करें।
2. मीठा मलाई सैंडविच
इसके लिए 3 स्लाइस ब्रेड, 4 टेबलस्पून ताज़ी मलाई, 3 टीस्पून या स्वादानुसार चीनी पाउडर, थोड़े-से चीनी के दाने (छिड़कने के लिए), 2 टेबलस्पून मिक्स ड्राई फ्रूट्स, 2 टेबलस्पून मक्खन होना जरूरी है।
सजाने के लिए सामग्री: मिक्स ड्राई फ्रूट्स और ग्लेज्ड चेरी।
विधि : मलाई में चीनी पाउडर डालकर अच्छी तरह फेंटें और मेवे काट लें। एक ब्रेड स्लाइस पर मलाई फैलाएं, फिर ऊपर से थोड़ी चीनी और कटे हुए मेवे छिड़कें। इसे सेट करने के बाद दूसरे ब्रेड स्लाइस से ढक दें। अब दूसरे स्लाइस पर भी मलाई फैलाकर चीनी और मेवे डालें। इसे तीसरे ब्रेड स्लाइस से कवर करें। इसके दोनों तरफ मक्खन लगाएं और ग्रिल्ड सैंडविच मेकर में करारा होने तक सेकें। सैंडविच तैयार है, इसे बीच से काटें और मेवे व चेरी से सजाकर ठंडा होने पर लंच बॉक्स में रख दें।
3. रागी ओट्स वॉफल्स
इसके लिए 1 कप रागी का आटा, 1/4 कप ओट्स पाउडर, 1/4 कप गेहूं का आटा, 1 टीस्पून अदरक का पेस्ट, स्वादानुसार नमक, 1/4 टीस्पून खाने का सोडा, आवश्यकतानुसार ऑलिव ऑयल, थोड़ा-सा कद्दूकस किया हुआ ताज़ा नारियल, ताजा हरा धनिया कटा हुआ, मनपसंद सॉस होना जरूरी है।
सजाने के लिए : खीरा, टमाटर, ताजा धनिया, ताज़ा नारियल
अन्य सामग्री : वॉफल्स टोस्टर
यह भी पढ़ें- क्या आपने चखी है जोधपुर की 'गुलाब जामुन की सब्जी? जो रोटी और चावल के साथ लगती है जबरदस्त
विधि : रागी के आटे में तेल के अलावा बाकी सभी सामग्री मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें। अब वाफल्स टोस्टर को गरम करके उस पर ऑलिव ऑयल लगाएं। टोस्टर में घोल डालने के बाद ब्रश की मदद से थोड़ा सा तेल ऊपर भी लगाएं। टोस्टर को बंद करके 10 से 12 मिनट तक सेकें। अच्छी तरह सिक जाने पर इसे मनपसंद आकार में काटें, फिर ऊपर से धनिया और नारियल छिड़कें। खीरे और टमाटर से सजाकर लंच बॉक्स में रखें।
4. आलू मसाला स्टफ्ड मिनी पैनकेक
इसके लिए 1 कप ओट्स दरदरे पिसे, चौथाई कप सूजी, 1 कप छाछ, 1/2 टीस्पून खाने का सोडा, 1 टीस्पून काली मिर्च पिसी हुई, 1/2 टीस्पून जीरा पिसा हुआ, स्वादानुसार नमक, आवश्यकतानुसार तेल होना जरूरी है।
भरावन मसाला की सामग्री : 4 आलू उबालकर मसले हुए, 1 कप प्याज कटा हुआ, 2 टेबलस्पून तेल, 1 टीस्पून सरसों के दाने, 6-7 करी पत्ते, स्वादानुसार नमक, 1/4 टीस्पून हल्दी पाउडर
भरावन मसाला बनाने की विधि:
पैन गरम करके सरसों के दाने, प्याज और करी पत्ते को मध्यम आंच पर भूनें। प्याज के हल्का भुन जाने पर नमक और हल्दी मिलाएं। अब इसमें मसले हुए आलू मिलाकर 2 से 3 मिनट तक पकाएं।
पैनकेक बनाने की विधि:
एक कटोरे में तेल के अलावा पैनकेक की बाकी सभी सामग्री मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें। तवा गरम करके हल्का सा तेल लगाएं और उस पर चम्मच से थोड़ा सा घोल चीले की तरह फैलाएं। अब तैयार आलू मसाले की छोटी टिक्की बनाकर चीले के ऊपर रखें और उसके ऊपर एक चम्मच घोल डालकर ढक दें। इसे धीमी आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेकें। इसी तरह बाकी घोल से भी पैनकेक बना लें। प्रत्येक पैनकेक को बीच से काटें और मनपसंद चटनी के साथ टिफिन में पैक करें।
5. ओट्स मसूर दाल स्माइली
1/2 कप काली मसूर उबली हुई, 2 आलू उबालकर कर मसले हुए, 1 टीस्पून अदरक लहसुन का पेस्ट, 2 टेबलस्पून ओट्स का आटा, 2 टीस्पून कॉर्न फ्लोर, स्वादानुसार नमक व काली मिर्च
अन्य सामग्री : तलने के लिए तेल, सजाने के लिए टमाटर, कॉर्न, पनीर, कली उड़द भीगी हुई
विधि : उबली मसूर को छलनी में रखकर पूरा पानी निकाल दें, फिर उसे मिक्सी में पीस लें। अब एक बर्तन में पिसी मसूर और बाकी सभी सामग्री मिलाकर स्माइली का मिश्रण तैयार करें। इस मिश्रण को बराबर भागों में बांटकर गोल आकार दें और स्माइली कटर या चम्मच की मदद से स्माइली का रूप दें। एक कढ़ाई में तेल गरम करके इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें। तली हुई स्माइलीज को प्लेट में रखें और टमाटर से होंठ, कॉर्न से दांत तथा पनीर व काली उड़द से आंखें बनाएं। तैयार स्माइलीज को लंच बॉक्स में रखें।
यह भी पढ़ें- गणपति के लिए घर पर 3 तरह के मोदक कैसे बनाएं?
लेखक: वंदना
रेसिपी सौजन्य: सुमन अग्रवाल
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: sakhi
