हर साल त्योहारी सीजन में मिठाइयों की क्वालिटी पर सवाल खड़े होते हैं। हालांकि, इसके बाद भी फिर भी लोग ब्रांडिंग और पैकेजिंग पर भरोसा करके खरीद ही लेते हैं। हाल ही में पनीर और खोवा में हो रही मिलावट की खबरों ने चिंता खड़ी कर दी है। यही नहीं, बाजार की ये मिठाइयां खाने से पेट संबंधित कई तरह की समस्याएं भी हो सकती हैं। दरअसल, बाजार की मिठाइयों में मिलावट होने के कारण पेट का संक्रमण होता है, इसलिए जहां तक हो सके घर पर ही मिठाइ बनाने की कोशिश करनी चाहिए।

रबड़ी, खीर या कलाकंद बना लें

त्योहारी सीजन में बाजार में मिलने वाले दूध, खोवा और पनीर में मिलावट की आशंका ज्यादा रहती है। इसलिए कोशिश करें कि इन चीजों से बनी मिठाइयां कम खरीदें। साथ ही आप चाहें तो घर पर आसानी से दूध के कलाकंद, रबड़ी या खीर बना सकते हैं। ये खाने में स्वादिष्ट और बनाने में सहज है।

रंगीन और खुशबूदार मिठाई खरीदने से बचें

अगर बाजार से मिठाई ले रहे हैं तो ज्यादा रंग और खुशबूदार मिठाई न लें। ऐसी मिठाइयां स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकती हैं। दरअसल, मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए उनमें केमिकल, एसेंस आदि मिलाए जाते हैं, जो मिठाइ की बिक्री में मदद करते हैं। इसलिए बाजार से मिठाई लेते वक्त उसकी गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए।

पैकेटबंद मिठाईयों से करें परहेज

बाजार में मिलने वाली पैकेट बंद मिठाइयां खरीदने से पहले भी कुछ बातें जरूर ध्यान दें। जैसे एक्सपाइरी डेट और इसमें मिलाई गई सामग्रियों की सूची। दरअसल, इन्हें लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए कई तरह के केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं। इसलिए कोशिश करें कि खाद्य सुरक्षा मानकों को पालन करने वाली दुकान से ही मिठाई खरीदें।

-अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, दिल्ली के कायाचिकित्सा विभाग के डीन डा. रमाकांत यादव बताते हैं कि इन दिनों खोया, फूड सेफ्टी के मानकों का पालन करने वाली दुकान से ही मिठाई लेनी चाहिए। मिलावटी चीजों से बनी मिठाइयों से पेट में कई तरह की समस्याएं होती हैं, जैसे अपच, एसिडिटी, उल्टी आदि। ये समस्याएं संक्रमण के कारण होती हैं और ये संक्रमण मिलावटी सामान खाने से होता है। हां, एक कारण और भी है, गर्मियां खत्म हो रही है और हल्की सर्दी शुरू हो रही है। इस बीच के मौसम में इम्युनिटी कमजोर हो जाती है, जिस कारण शरीर जल्दी बीमारी पड़ता है। इसलिए ऐसे मौसम में खान-पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

ध्यान देने वाली बातें

कोशिश करें कि दूध या पनीर की मिठाइयां कम से कम खरीदी जाएं। जितना हो सके ताजी और सूखी मिठाई ही खरीदनी चाहिए।
रंगीन और खुशबूदार मिठाइयों से परहेज करना चाहिए।

लेखिका- सुमन अग्रवाल

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

 Image Credit-ai