अक्टूबर आते ही देश में त्योहारों की धूम शुरू हो जाती है। कहीं दुर्गा पूजा के पंडाल सजते हैं, तो कहीं गरबा और डांडिया की मस्ती होती है, लेकिन अगर आप इस बार घूमने का प्लान बना रही हैं, तो सिर्फ बड़े और फेमस फेस्‍ट‍िवल्‍स तक ही खुद को सीम‍ित न रखें।

दरअसल, अक्टूबर में देश के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे कई शानदार फेस्टिवल्स होते हैं, जिनके बारे में शायद आपने ज्यादा न सुना हो। कहीं नदी के जन्म का जश्न मनाया जाता है, तो कहीं फूलों और लोकल कल्चर का खूबसूरत कॉम्‍ब‍िनेशन देखने को मिलता है। वहीं अंडमान में

तो नारियल के नाम पर पूरा कार्निवल होता है। ऐसे में इस बार की ट्र‍िप को अगर आप अलग रंग में रंगना चाहती हैं तो अक्टूबर 2026 में होने वाले ऐसे ही 5 खास फेस्टिवल्स के बारे में जान लें।

अक्टूबर 2026: भारत के 5 फेस्टिवल कैलेंडर

फेस्टिवल का नाम जगह तारीख मेन अट्रैक्‍शन
दुर्गा पूजा कोलकाता, वेस्‍ट बंगाल 16-20 अक्टूबर भव्य थीम वाले पंडाल, मां दुर्गा की मूर्तियां और सांस्कृतिक रंग
कावेरी संक्रामण कोडागु (तालकावेरी), कर्नाटक 17 अक्टूबर तीर्थोद्भव (कुंड से पानी उठना), पवित्र स्नान और कावेरी जात्रे मेला
अंथूरियम फेस्टिवल रीएक रिजॉर्ट, मिजोरम 14-17 अक्टूबर अंथूरियम फूल, मिजो लोक नृत्य, हस्तशिल्प और लोकल व्यंजन
आइलैंड्स कोकोनट कार्निवल अंडमान और निकोबार 17-18 अक्टूबर नारियल के खाने-पीने की चीजें, इको-फ्रेंडली प्रोडक्ट्स और लोकल आर्टिस्ट परफॉर्मेंस
नवरात्रि (गरबा/डांडिया) गुजरात (देशभर में) 11-20 अक्टूबर गरबा-डांडिया रास, ढोल-धमाके और लोक नृत्य

अक्टूबर में मनाए जाएंगे ये फेस्‍ट‍िवल्‍स

अक्‍टूबर में त्‍योहारों की भरमार है। देश के अलग-अलग ह‍िस्‍सों में रंगीन झलक देखने को म‍िलेगी। इनके जगहों के कल्‍चर के बारे में जानने का इससे बेहतर कोई और मौका हो ही नहीं सकता है। इससे आपकी ट्र‍िप आम ट्र‍िप से काफी अलग हो जाएगी।

image credit- incredible india

1. दुर्गा पूजा, कोलकाता

अक्टूबर में अगर दुर्गा पूजा की असली रौनक देखनी है तो कोलकाता पहुंच जाइए। साल 2026 में दुर्गा पूजा के मुख्य दिन 16 से 20 अक्टूबर तक रहेंगे, जिसमें षष्ठी से लेकर दशमी तक खास पूजा होती है। वैसे तो यह त्योहार असम, त्रिपुरा, ओडिशा और बिहार में भी मनाया जाता है, जहां मां दुर्गा की पूजा करके महिषासुर पर उनकी जीत का जश्न मनाया जाता है, लेकिन कोलकाता की बात ही अलग है। इन दिनों पूरे शहर में जगह-जगह बड़े-बड़े पंडाल सजते हैं। यहां मां दुर्गा की खूबसूरत मूर्तियों के साथ-साथ शानदार और अनोखी सजावट देखने लायक होती है।

image credit- incredible india

2. कावेरी संक्रामण, कर्नाटक

अगर कुछ हटके देखना है, तो कर्नाटक के कोडागु का यह त्योहार बहुत मजेदार रहेगा। यह हर साल 17 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसे तालकावेरी में मनाते हैं, जहां से कावेरी नदी शुरू होती है। यह जगह ब्रह्मगिरि पहाड़ियों पर करीब 1276 मीटर की ऊंचाई पर है। इस दिन यहां एक कमाल की घटना होती है, जिसे तीर्थोद्भव कहते हैं। माना जाता है कि एक फ‍िक्‍स समय पर ब्रह्म कुंडिके नाम के छोटे से कुंड से पानी अपने-आप ऊपर उठता है। लोग इस पवित्र पानी में डुबकी लगाते हैं और घर भी ले जाते हैं। साथ ही यहां कावेरी जात्रे मेला भी लगता है, जहां आप खाने-पीने, शॉपिंग और झूलों का मजा ले सकती हैं।

image credit- incredible india

3. अंथूरियम फेस्टिवल, मिजोरम

फूल और पहाड़ पसंद हैं, तो मिजोरम का अंथूरियम फेस्टिवल भी आपके ल‍िए बहुत मजेदार रहेगा। साल 2026 में यह 14 से 17 अक्टूबर तक रीएक (Reiek) रिजॉर्ट में मनाया जाएगा। यहां खूबसूरत अंथूरियम फूलों के साथ-साथ मिजोरम का लोकल कल्चर भी देखने को मिलता है। इसे 2006 में शुरू किया गया था। इसका मकसद लोकल महिलाओं को फूलों की खेती से कमाई का मौका देना है। इस मेले में आपको ये सब देखने को मिलेगा-

  • फूलों की शानदार किस्में
  • मिजो लोक नाच और गाने
  • टेस्टी लोकल खाना और पारंपरिक खेल
  • हाथ से बनी खूबसूरत चीजें (हैंडीक्राफ्ट)
 
image credit- pinterest/yoonaD
 

4. आइलैंड्स कोकोनट कार्निवल, अंडमान

अक्टूबर में समंदर किनारे कुछ अलग मजा लेना चाहती हैं, तो अंडमान का कोकोनट कार्निवल एकदम बढ़िया जगह है। साल 2026 में यह 17 और 18 अक्टूबर को मनाया जाएगा। आप नाम से ही समझ रही होंगी कि यहां सब कुछ नारियल के आसपास ही होता है। इस मेले में आपको नारियल से बनी खाने-पीने की स्वादिष्ट चीजें म‍िलेंगी। इसके अलावा पर्यावरण के लिए फायदेमंद (इको-फ्रेंडली) प्रोडक्ट्स भी आप खरीद सकती हैं। इस दौरान यहां पर लोकल आर्टिस्‍ट शानदार परफॉर्मेंस भी देते हैं। यह मेला नारियल से जुड़े छोटे बिजनेस और वहां के लोगों के काम को आगे बढ़ाने के लिए किया जाता है।

image credit- tourmyindia

5. नवरात्रि, गुजरात

अक्टूबर में नवरात्रि का त्योहार देशभर में धूम मचा देता है। साल 2026 में शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू होकर 20 अक्टूबर को दशहरे के साथ खत्म होगी। अगर आपको नाच-गाना पसंद है, तो गुजरात की नवरात्रि का मजा ही कुछ और है। यहां गरबा और डांडिया की रातों में लोग बड़ी संख्या में झूमते नजर आते हैं। कई दिनों तक चलने वाले इन कार्यक्रमों में ढोल-धमाकों की आवाज और धुनों पर लोग गोल घेरा बनाकर गरबा खेलते हैं, जो देखने में बहुत सुंदर लगता है। आप भी इसका मजा ले सकती हैं।

अक्टूबर में इन जगहों को क्यों करें ट्रैवल लिस्ट में शामिल?

अब आपके मन में ख्‍याल आ रहा होगा क‍ि इन जगहों को अपनी ट्रैवल ल‍िस्‍ट में क्‍यों शामि‍ल करना चाह‍िए? दरअसल, ये आपके ट्र‍िप को आम ट्र‍िप से थोड़ा अलग बना देंगे। आपको कुछ अलग जानने का मौका म‍िलेगा।

  • कोलकाता में दुर्गा पूजा के बड़े और खूबसूरत पंडाल देखने को म‍िलेंगे, जो एकदम भव्‍य लगते हैं।
  • कोडागु में कावेरी संक्रामण और तालकावेरी का खास नजारा दि‍खेगा।
  • मिजोरम में अंथूरियम फूलों के साथ लोकल कल्‍चर को करीब से जान सकती हैं।
  • अंडमान में नारियल पर बेस्‍ड अनोखा कार्निवल देख सकती हैं।
  • गुजरात में नवरात्रि के गरबा और डांडिया का मजा ले सकती हैं।

यात्रा के दौरान ध्यान रखने वाली बातें

अगर आप इन जगहों पर ट्र‍िप की प्‍लान‍िंग कर रही हैं, तो कुछ बातों का ध्‍यान भी रखना होगा। जैसे-

  • त्योहारों के सीजन में भीड़ बहुत होती है, इसलिए ऐन मौके की जगह होटल कमरे की बुकिंग पहले से करा लें ताकि भटकना न पड़े।
  • फेस्टिवल की तारीखों के आसपास ट्रेन, बस या फ्लाइट की टिकटें जल्दी फुल हो जाती हैं, इसलिए आने-जाने का इंतजाम टाइम से देख लें।
  • आप जिस भी जगह जा रही हैं, वहां के पहनावे और रीति-रिवाजों को ध्यान में रखकर ही कपड़े पहनें।
  • जहां ज्यादा भीड़ होने की उम्मीद हो, वहां सुबह-सुबह जल्दी पहुंच जाएं ताकि बिना किसी धक्का-मुक्की के घूम सकें।
  • निकलने से पहले वहां के मौसम का हाल चेक कर लें और उसी हिसाब से छाता या कपड़े साथ रखें।
  • किसी भी बड़े मेले या फेस्टिवल में जाने से पहले वहां की एंट्री फीस, पास या जरूरी नियमों की जानकारी पहले ही ले लें।

इस तरह अक्टूबर सिर्फ छुट्टियां बिताने का महीना नहीं है बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों की संस्कृति को करीब से देखने का भी अच्छा मौका है। अगर इस बार ट्रैवल के साथ कोई फेस्टिवल भी देखना चाहती हैं, तो इन जगहों को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकती हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI