गणपति बप्पा मोरया! 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के साथ ही देशभर में भगवान गणेश के भव्य पंडाल सज चुके हैं और बप्पा का आगमन हो गया है। एक वक्त पर महाराष्ट्र में ही गणेश उत्सव की धूम देखने को मिलती थी, लेकिन अब देश के अलग-अलग हिस्सों में गणपति के कई पंडाल सजते हैं, जहां भक्त अपने बप्पा से मिलने जाते हैं। मुंबई के लालबागचा राजा के दर्शन के लिए हर साल लाखों भक्त पहुंचते हैं, लेकिन अगर आप दिल्ली में रहते हैं और बप्पा के इसी स्वरूप के दर्शन करना चाहते हैं, तो दिल्ली में भी लालबाग के राजा पधारते है। लाल बाग का राजा ट्रस्ट, दिल्ली की ओर से राजधानी में कई सालों से गणपति महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस साल यह उत्सव कहां हो रहा है और कैसे गणपति के दर्शन के लिए पहुंच सकती हैं, चलिए आपको पूरी जानकारी देते हैं।
दिल्ली में कहां विराजे हैं लालबाग के राजा?
इस साल दिल्ली में लाल बाग का राजा गणपति महोत्सव डी.डी.ए. ग्राउंड, पैसिफिक मॉल के पास, नेताजी सुभाष प्लेस, पीतमपुरा में आयोजित किया जा रहा है। ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, 14 सितंबर से 24 सितंबर तक इसी स्थान पर गणपति महोत्सव से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। 25 सितंबर को सुबह 11.30 बजे से बप्पा का विसर्जन किया जाएगा। यहां रोजाना शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक बप्पा के दर्शन किए जा सकते हैं।
दिल्ली में लालबाग के राजा के दर्शन के लिए कैसे पहुंचे?
- यहां आने के लिए सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन नेताजी सुभाष प्लेस है। यह मेट्रो स्टेशन रेड और पिंक लाइन से जुड़ा है।
- स्टेशन के गेट नंबर 2 से बाहर निकलें। यहां से पंडाल कुछ ही दूरी पर है।
- आप पीतमपुरा (मधुबन चौक) मेट्रो स्टेशन से भी यहां पहुंच सकती हैं। इन दोनों ही मेट्रो स्टेशन से आपको बप्पा के पंडाल के लिए आसानी से ई-रिक्शा मिल जाएंगी।
- आप नेताजी सुभाष पैलेस या पीतमपुरा के लिए मिलने वाली डीटीसी बसों का भी उपयोग कर सकती हैं।
- आप यहां निजी वाहन, ऑटो या कैब के जरिए भी पहुंच सकती हैं।
क्या लालबाग के राजा पंडाल के लिए एंट्री फ्री है?
- यहां की एंट्री सभी के लिए बिल्कुल मुफ्त है।
- अगर आप लंबी कतार से बचना चाहती हैं, तो कुछ ऑनलाइन ऐप्स पर इसके लिए एक्सप्रेस एंट्री भी बुक की जा सकती है। इसके लिए आपको चार्ज देना होगा।
यह भी पढ़ें- Ganesh Utsav 2026: दिल्ली के 3 गणेश पंडाल जहां आपको जरूर जाना चाहिए
इस पंडाल में क्या खास है?
यहां बप्पा के दर्शन के साथ ही अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार, 19 सितंबर को यहां भजन क्लबिंग की जाएगी। इसके अलावा अलग-अलग दिन पर अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसकी जानकारी आपको लालबाग का राजा दिल्ली के ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज पर मिल जाएगी। यहां कई फूड और शॉपिंग स्टाल्स भी हैं।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
