सर्दियों की सुबह गरम-गरम आलू के पराठे, ऊपर से सफेद मक्खन और साथ में गोभी का चटपटा अचार हो, तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है। बाजार का अचार अक्सर ज्यादा खट्टा या ज्यादा तेल वाला होता है। घर का अचार स्वाद में भी अच्छा होता है और साफ-सुथरा भी रहता है। गोभी का अचार बनाना भी बहुत आसान है, बस कुछ छोटी-छोटी बातें ध्यान रखनी होती हैं।

घर पर ऐसे बनाएं चटपटा गोभी का अचार

कई लोगों को लगता है कि अचार बनाने के लिए तेज धूप ही चाहिए। धूप नहीं होगी तो अचार खराब हो जाएगा। असल में ऐसा नहीं है। अगर गोभी को अच्छे से सुखा लिया जाए और मसाले सही मात्रा में डाले जाएं, तो बिना धूप के भी अचार बहुत अच्छा बनता है। ये अचार महीनों तक खराब नहीं होता और स्वाद भी वैसा ही रहता है।

गोभी का अचार बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

सामग्री

  •  750 ग्राम फूलगोभी, मीडियम साइज के फूलों में कटी हुई
  •  आधा कप सरसों का तेल
  •  2 चम्मच सफेद सिरका या नींबू का रस
  •  2 चम्मच राई / सरसों के दाने
  •  2 चम्मच सौंफ
  •  1 चम्मच मेथी दाना
  •  1 चम्मच कलौंजी
  •  1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  •  1 से 2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, स्वाद के हिसाब से
  •  1 चुटकी हींग
  •  नमक स्वाद के हिसाब से

सभी मसाले साबुत ही लेने हैं। पिसे हुए मसालों से अचार का वो वाला चटपटा स्वाद नहीं आता, जो साबुत मसालों को दरदरा पीसने से आता है।

ऐसे तैयार करें गोभी का अचार

स्टेप 1

सबसे पहले गोभी के फूलों को अच्छे से धो लें। फिर गुनगुने नमक वाले पानी में 5 से 10 मिनट के लिए भिगोकर रख दें। इससे गोभी के अंदर छिपे कीड़े और गंदगी बाहर निकल जाती है। अब एक बर्तन में पानी उबालें। उसमें थोड़ा नमक और हल्दी डालें। गोभी के फूलों को इस पानी में डालकर सिर्फ 2 से 3 मिनट तक ही रखें। गोभी को ज्यादा नहीं गलाना है। हल्की कड़क गोभी ही अचार में अच्छी लगती है।

स्टेप 2

गोभी को छानकर एक साफ कपड़े या थाली पर फैला दें। इसे 2 से 3 घंटे तक हवा में सूखने दें। अगर धूप है तो धूप में रख सकते हैं, नहीं तो पंखे के नीचे भी सुखा सकते हैं। गोभी में जरा भी पानी नहीं रहना चाहिए। अचार खराब होने की सबसे बड़ी वजह ही पानी होता है। जब गोभी पूरी तरह सूख जाए, तब ही मसाले मिलाएं।

स्टेप 3

एक कड़ाही में राई, सौंफ, मेथी और कलौंजी को हल्की आंच पर 1 मिनट तक भून लें। खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें। ठंडा होने के बाद इन्हें मिक्सी में दरदरा पीस लें। बिल्कुल बारीक पाउडर नहीं बनाना है। दरदरे मसाले अचार को चटपटा बनाते हैं और खाने में भी अच्छे लगते हैं।

स्टेप 4

सरसों के तेल को एक कड़ाही में डालकर तेज आंच पर गर्म करें। जब तेल से धुआं उठने लगे, तो गैस बंद कर दें और तेल को पूरी तरह ठंडा होने दें। कच्चा सरसों का तेल अचार में डालने से अचार में कड़वाहट आ जाती है। इसलिए तेल को गरम करके ठंडा करना बहुत जरूरी है। ठंडा होने पर इसमें हींग मिला लें।

स्टेप 5

एक बड़े बर्तन में सूखी हुई गोभी डालें। इसमें दरदरे पिसे मसाले, हल्दी, लाल मिर्च, नमक, ठंडा किया हुआ सरसों का तेल और सिरका या नींबू का रस डालकर अच्छे से मिला लें। मिलाते समय हाथ साफ और सूखे होने चाहिए। गीले हाथ से अचार खराब हो सकता है।

स्टेप 6

अचार को साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में भरें। जार में ऊपर तक अचार भरने के बाद थोड़ा सा तेल ऊपर से डाल दें, ताकि अचार तेल में डूबा रहे। जार का ढक्कन कसकर बंद कर दें। इसे 2 से 3 दिन तक रोज एक बार सूखे चम्मच से चला दें। इससे मसाले गोभी में अच्छे से मिल जाते हैं। 3 दिन बाद अचार खाने के लिए तैयार हो जाता है।

अचार को साल भर तक खराब होने से कैसे बचाएं?

  1. अचार को हमेशा सूखे चम्मच से ही निकालें। गीला चम्मच अचार को खराब कर देता है।
  2. जार को फ्रिज में या ठंडी और सूखी जगह पर रखें।
  3. अचार निकालने के बाद ढक्कन तुरंत बंद कर दें।
  4. अगर अचार में तेल कम लग रहा है, तो ऊपर से थोड़ा गरम करके ठंडा किया हुआ सरसों का तेल डाल दें। तेल अचार को खराब होने से बचाता है।

गोभी का अचार सर्दियों की सबसे पसंदीदा चीजों में से एक है। इसे बनाने के लिए न तो ज्यादा समय चाहिए और न ही धूप का इंतजार करना पड़ता है। बस गोभी को अच्छे से सुखाना, मसालों को दरदरा पीसना और तेल को सही तरीके से तैयार करना है। अगर ये तीन बातें ध्यान रख लीं, तो अचार चटपटा भी बनेगा और महीनों तक खराब भी नहीं होगा।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।