रसोई में खाना बनाते समय कई छोटी-छोटी परेशानियां सामने आ जाती हैं। कभी आपका रायता जल्दी खट्टा हो जाता है, तो कभी दही की ग्रेवी परफेक्ट नहीं बना पाती है। ऐसे ही कई लोगों की इडली मनचाही मुलायम नहीं बन पाती है। ऐसे ही ग्रेवी वाली सब्जी बनाने में भी काफी समय लग जाता है। किचन से जुड़ी ऐसी समस्याओं का समाधान हमारी दादी-नानी के पास हमेशा से रहता है। इन सभी परेशानियों का समाधान वर्षों के अनुभव से तैयार किए गए आसान नुस्खों में छिपा है। ये टिप्स न केवल आपका समय बचाएंगे बल्कि खाने का स्वाद भी बढ़ाएंगे। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ असरदार किचन नुस्खे, जो आपकी कुकिंग को और आसान बना सकते हैं।

रायता बनाते समय तुरंत खट्टा हो जाता है, जबकि मैं इसमें चीनी भी मिलाती हूं। रायते में खटास बनी रहती है। इसको ठीक करने के लिए क्या करना चाहिए?

दादी-नानी का नुस्खा: रायता बनाते समय उसमें नमक न डालें बल्कि सर्व करते समय डालें इससे आपका रायता खट्टा नहीं होगा। इसके अलावा अगर लंच में रायते को पैक करके ले जा रहे हैं तो इसमें बर्फ के टुकड़े डालें।

दही की कोई भी ग्रेवी बनाते समय ग्रेवी फट जाती है। ऐसे में इसका स्वाद ठीक रखने और ग्रेवी फटे भी नहीं, इसके लिए क्या कर सकते हैं? कुछ आसान उपाय सुझाएं।

दादी-नानी का नुस्खा: दही से बनी हुई सारी सब्जियों में नमक तब तक न डालें, जब तक सब्जि़यों में उबाल न आ जाए। पहले से नमक डालने पर दही से बनी हुई सब्जि़यां फट जाती हैं। इसके अलावा, दही अच्छी तरह फेंटा हुआ होना चाहिए।

यह भी पढ़ें- Kitchen Tips: बिना प्याज-लहसुन के ग्रेवी को गाढ़ा करने से लेकर इडली को सॉफ्ट बनाने तक, दादी-नानी के ये देसी नुस्खे बढ़ा सकते हैं खाने का स्वाद

ग्रेवी वाली सब्जी देर से बनती है। इसका कोई आसान और झटपट तरीका बताएं?

दादी-नानी का नुस्खा: ग्रेवी वाली सब्ज़ी बनाने के लिए सफेद प्याज इस्तेमाल करें। यह लाल प्याज के मुकाबले बहुत कम पानी रिलीज करता है, जिससे ग्रेवी जल्दी गाढ़ी हो जाती है। साथ ही, ग्रेवी में धनिया पाउडर का इस्तेमाल कर रही हों, तो उसे भी जल्दी डालें। इससे मसाला जल्दी भुन जाता है।

सूजी या चावल की इडली बनाते समय भी वह हर बार ठोस ही रहती है। सॉफ्ट इडली बनाने का नुस्खा बताएं।

दादी-नानी का नुस्खा: आपकी इडली नर्म बने, इसके लिए इडली के बैटर में ज़रा-सा साबूदाना और उड़द की दाल पीसकर डालें तो अंतर आपको आसानी से दिखाई देगा। इससे आपकी इडलियां सॉफ्ट बनने लगेंगी।

यह भी पढ़ें- Kitchen Tips: बिना प्याज-लहसुन के ग्रेवी को गाढ़ा करने से लेकर इडली को सॉफ्ट बनाने तक, दादी-नानी के ये देसी नुस्खे बढ़ा सकते हैं खाने का स्वाद

स्पेशल टिप्स: पनीर को ब्लोटिंग पेपर में लपेटकर फ्रिज में रखने से यह काफी देर तक ताजा बना रहता है। 

आप भी किचन में इन नुस्खों को आजमाकर खाने के स्वाद को कई गुना बढ़ा सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: Magnifik.com