मानसून के अंत में घूमना-फिरना हर किसी को पसंद होता है। इस मौसम में लोग अलग-अलग जगह एक्सप्लोर करते हैं। अगर आप भी सितंबर के महीने में किसी शांत, ऐतिहासिक और सुंदरता से भरपूर जगह पर जाना चाहती हैं, तो मध्य प्रदेश का ओरछा शहर आपके लिए सबसे बेस्ट हो सकता है। बुंदेलखंड की गोद में बसा यह शहर परिवार वालों या दोस्तों के साथ घूमने के लिए एक बेहतरीन डेस्टिनेशन है। ओरछा अपने भव्य महलों, ऐतिहासिक इमारतों और बेतवा नदी के लिए पूरे देश में जाना जाता है।
ओरछा में घूमने की सबसे खूबसूरत जगहें
बरसात के मौसम में बेतवा नदी का दृश्य और भी खूबसूरत हो जाता है। यहां आसपास मौजूद हरी-भरी पहाड़ियां आपकी ट्रिप को यादगार बना देंगी। आइए जानते हैं ओरछा की इन्हीं खूबसूरत जगहों के बारे में।
1. श्री राम राजा मंदिर
इस मानसून आप ओरछा के राम राजा मंदिर के दर्शन करने के लिए जा सकती हैं। यह देश के सबसे अनोखे मंदिरों में से एक माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, यहां के लोग भगवान राम को केवल देवता ही नहीं, बल्कि ओरछा के राजा के रूप में भी पूजते हैं।
2. बेतवा नदी और कंचना घाट
मानसून के अंत में बेतवा नदी का मनमोहक रूप आपका दिल जीत लेगा। यहां का नजारा देखने के लिए लोग दूर-दूर से इस मौसम में आते हैं। बेतवा नदी के किनारे पर कंचना घाट बना हुआ है, जो शाम के समय बेहद खूबसूरत लगता है। आप भी इस घाट पर शाम को सुकून से कुछ पल बिता सकती हैं।
3. राजा महल और जहांगीर महल
इन जगहों के अलावा आप ओरछा के विशाल महलों का दीदार भी कर सकती हैं। यहां के किले बुंदेला राजपूत राजाओं की बेहतरीन कला को दर्शाते हैं। जहांगीर महल 16वीं सदी में बना था। इस किले को मुगल और राजपूत, दोनों तरह की वास्तुकला शैली में डिजाइन किया गया है। इस किले की सबसे ऊपरी मंजिल से पूरे ओरछा शहर का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है।
यह भी पढ़ें- ईश्वर की भक्ति में लीन होना है तो जरूर जाएं ओरछा
4. लक्ष्मी नारायण मंदिर
ओरछा शहर में एक खूबसूरत लक्ष्मी नारायण मंदिर भी मौजूद है। यह मंदिर बाहर से एक किले की तरह दिखता है, लेकिन अंदर से एक भव्य मंदिर है। ऊंचे टीले पर बने इस मंदिर से आप ठंडी हवाओं का लुत्फ उठा सकती हैं। बारिश के मौसम में यह एक बेहतरीन अनुभव हो सकता है।
5. ओरछा वाइल्डलाइफ सेंचुरी
अगर आपको वन्यजीव और एडवेंचर पसंद है, तो आप बेतवा और जामनी नदी के संगम पर बनी ओरछा वाइल्डलाइफ सेंचुरी देखने जा सकती हैं। यह जगह मानसून के अंत में घने हरे-भरे जंगल में बदल जाती है। यहां आप ट्रेकिंग, राफ्टिंग और कई तरह की एक्टिविटीज का आनंद ले सकती हैं।
यह भी पढ़ें- पैसा वसूल ट्रिप..! मानसून में ओरछा और खजुराहो घूमने का IRCTC का धांसू ऑफर, होटल और खाने का खर्च शामिल
ओरछा तक कैसे पहुंचें?
अगर आप भी बरसात में ओरछा जाने का मन बना चुकी हैं, तो यहां पहुंचने के आसान रास्ते दिए गए हैं -
ओरछा का अपना एक छोटा रेलवे स्टेशन है, लेकिन सबसे बड़ा और नजदीकी मुख्य रेलवे स्टेशन झांसी जंक्शन है। झांसी स्टेशन या ओरछा स्टेशन से आपको ऑटो, ई-रिक्शा या टैक्सी आसानी से मिल जाएगी, जिसकी मदद से आप सीधे ओरछा पहुंच सकती हैं। इसका सबसे नजदीकी हवाई अड्डा ग्वालियर और खजुराहो है। इन दोनों ही एयरपोर्ट से ओरछा के लिए आसानी से टैक्सी और पर्सनल कैब मिल जाती है।
निष्कर्ष: बरसात के मौसम में ओरछा एक बेहद खूबसूरत डेस्टिनेशन साबित हो सकता है। चारों तरफ फैली हरियाली, राजा राम का धाम और बेतवा नदी की लहरों के बीच आप अपनों के साथ कुछ यादगार पल बिता सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
-1788276246594_m.webp)