दिशा सालियान की मौत का मामला पिछले कुछ वक्त से दोबारा सुर्खियों में है। सीबीआई ने कल (14 सितंबर) को इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। बताया जा रहा है कि इस एफआईआर में एक्टर सूरज पंचोली का भी नाम है। सूरज पंचोली पहले भी कई बार विवादों में रह चुके हैं। ऐसे में जब उनका नाम इस केस से जुड़ा, तो एक बार फिरवह सवालों के घेरे में आ गए। उनका नाम पहले भी कई बार इस केस से जोड़ा जाता जा रहा है। दिशा के पिता सतीश सालियान ने भी दावा किया था कि इस मामले में उनके पास सूरज पंचोली, डिनो मोरिया, आदित्य ठाकरे और रिया चक्रवर्ती समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ पुख्ता सुबूत हैं। अब फाइनली सूरज पंचोली ने इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी है और सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष रखा है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट लिखकर दिशा के साथ किसी भी रिश्ते से इंकार किया है। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है?
दिशा सालियान केस पर सूरज पंचोली ने तोड़ी चुप्पी
सूरज पंचोली ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में साफ शब्दों में कहा है कि वह दिशा से कभी नहीं मिले थे और उनका नाम इस पूरे मामले में घसीटा जा रहा है। उन्होंने लिखा, "पिछले कुछ सालों से दिवंगत दिशा सालियान की दुखद मौत से जुड़ी कॉन्ट्रोवर्सी में कई मीडिया रिपोर्ट्स और स्टेटमेंट्स में मेरा नाम घसीटा जा रहा है। मैं यह बहुत साफ शब्दों में कहना चाहता हूं कि मैं अपनी जिंदगी में लेट दिशा सालियान से डायरेक्ट और इनडायरेक्ट किसी भी तरीके से कभी नहीं मिला। मैं अपनी जिंदगी में आदित्य ठाकरे से भी कभी नहीं मिला हूं। किसी ऐसे मामले में मेरा नाम घसीटा जाना जिससे मेरा कोई लेना-देना नहीं है, काफी दुखद और गलत है। खासतौर पर तब जब इस मामले से मेरे जुड़े होने का कोई सुबूत नहीं है।"
मैं लंबे समय तक चुप रहा क्योंकि...
सूरज पंचोली ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, "मैं लंबे समय तक चुप रहा क्योंकि मैं अपने बारे में लिखी जा रही हर रिपोर्ट और कहानी का जवाब नहीं देना चाहता था, लेकिन जब एक ही चीज बार-बार होती रहती है, तो एक ऐसा वक्त आता है जब आपको अपने लिए बोलना पड़ता है। इस मामले में सीबीआई और पुलिस मुझसे पहले ही पूछताछ कर चुकी है और एजेंसियां 4-5 साल पहले ही मेरा स्टेटमेंट दर्ज कर चुकी हैं।"
यह भी पढ़ें- Disha Salian कौन थीं? 6 साल बाद CBI जांच से फिर चर्चा में सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर
मेरे पास छुपाने के लिए कुछ नहीं है...
सूरज पंचोली ने यह भी कहा कि उनके पास छुपाने के लिए कुछ नहीं है और अगर किसी एजेंसी को लगता है कि उनसे दोबारा पूछताछ की जानी चाहिए या उनसे कोई और जानकारी चाहिए, तो वह सहयोग करने और किसी भी तरह की जांच के लिए उपलब्ध होने को पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने आगे अपनी पोस्ट में लिखा, "मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि ऐसे किसी मामले में मेरा नाम घसीटने से पहले सही तथ्यों की जांच कर लें। मैं दिवंगत दिशा सालियन की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु से जुड़ी परिस्थितियों की निष्पक्ष और गहन सीबीआई जांच का समर्थन करता हूं। साथ ही मेरा यह भी मानना है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के इर्द-गिर्द फैलाई जा रहे प्रोपोगैंडा और झूठी कहानियों की जांच होनी चाहिए, क्योंकि किसी एक इंसान की मौत बिना किसी सुबूत के किसी अन्य इंसान की छवि को छूमिल करने के वजह नहीं बननी चाहिए।" इसके साथ ही उन्होंने कानून पर भरोसा जताया और लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी खबर पर बिना सच्चाई जाने यकीन न करने की अपील की।
दिशा सालियान की मौत कैसे हुई थी?
सुशांत सिंह राजपूत की एक्स मैनेजर दिशा सालियान की 8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड में एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई थी। इसके कुछ दिन बाद 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत भी अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे। दोनों की मौत को सुसाइड बताया गया था। हालांकि, इस मामले के कई ऐसे तार हैं, जो आज तक उलझे हुए हैं।
यह भी पढ़ें- Disha Salian Case की पूरी टाइमलाइन, जानें कब क्या हुआ? CBI की FIR के बाद फिर चर्चा में मामला
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री, ओटीटी, फिल्मी गलियारों से जुड़े पुराने किस्से और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।
Image Courtesy: Instagram/Sooraj Pancholi
