रश्मिका मंदाना, आलिया भट्ट, कैटरीना कैफ और काजोल के बाद अब एक और एक्ट्रेस डीपफेक वीडियो का शिकार हुई हैं। रणवीर सिंह की फिल्म 'जयेशभाई जोरदार' की एक्ट्रेस शालिनी पांडे का मॉर्फ्ड वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है और इसे लेकर एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर जमकर गुस्सा जाहिर किया है। कथित तौर पर इस वीडियो में एक्ट्रेस को टॉपलेस दिखाया गया है। इस अश्लील वीडियो पर एक्ट्रेस ने चुप्पी तोड़ी है और इसे आगे शेयर न करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने इस तरह की घटनाओं की कड़ी निंदा भी की है। चलिए आपको बताते हैं कि क्या है पूरा मामला?

शालिनी पांडे ने वायरल वीडियो पर तोड़ी चुप्पी

एक्ट्रेस शालिनी पांडे ने सोशल मीडिया पर अपने वायरल हो रहे वीडियो पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने इसे पूरी तरह से फेक बताया है और इसे लेकर अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल से एक बयान जारी किया है। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, "मैं अपने एक फेक, एआई जेनरेटेड वीडियो में बारे में बात करना चाहती हूं, जो इस वक्त ऑनलाइन फैल रहा है। यह पूरी तरह से बनावटी वीडियो है और इसमें मैं नहीं हूं। यह देखकर मुझे बहुत परेशानी होती है कि किस तरह टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल लोगों और खासकर महिलाओं को निशाना बनाने व उन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।"

शालिनी ने फैंस से की खास अपील

मैं इस तरह की गलत हरकत की सख्त निंदा करती हूं और मानती हूं कि टेक्नोलॉजी के ऐसे गलत इस्तेमाल को बिल्कुल नॉर्मल नहीं माना जाना चाहिए। अगर आप तक यह वीडियो पहुंचता है, तो इसे शेयर, फॉरवर्ड या डाउनलोड न करें और न ही इसे देखें। मैं सभी लोगों से जिम्मेदार और समझदार बनने की अपील करती हूं व इसे आगे फैलाने के बजाय इसे रोकने में मदद करने की उम्मीद करती हूं। धन्यवाद।

यह भी पढ़ें- साइबर ठगी का शिकार हुईं Kirti Kulhari, गंवाए 2.4 लाख रुपये; दर्ज कराई शिकायत

शालिनी पांडे कौन हैं?

शालिनी पांडे पहली बार साल 2017 में विजय देवरकोंडा और संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म अर्जुन रेड्डी से सुर्खियों में आई थीं। इसके बाद उन्होंने 'जयेशभाई जोरदार', 'महाराज' और 'राहु केतु' जैसी फिल्मों में काम किया है।

कई एक्ट्रेसेस हो चुकी हैं डीपफेक का शिकार

यह पहली बार नहीं है जब किसी एक्ट्रेस के साथ ऐसा हुआ है। इससे पहले आलिया भट्ट, रश्मिका मंदाना, कैटरीना कैफ, काजोल, माधुरी दीक्षित, प्रियंका चोपड़ा और मृणाल ठाकुर समेत कई एक्ट्रेस AI और डीपफेक तकनीक के गलत इस्तेमाल का शिकार हो चुकी हैं। बता दें कि किसी और इंसान की रियल वीडियो, फोटो या ऑडियो में किसी और के चेहरे, आवाज या हाव-भाव को फिट कर देने को डीपफेक का नाम दिया जाता है। आज के तकनीक के युग में इसका इस्तेमाल इतनी सफाई से होता है कि यह बिल्कुल असली जैसा लगता है। इससे टेक्नोलॉजी के दौर पर प्राइवेसी को लेकर सवाल उठते हैं।

 

यह भी पढ़ें- रश्मिका मंदाना और कैटरीना कैफ के बाद आलिया भट्ट की फेक वीडियो हुई वायरल, जानें क्या होती है डीपफेक टेक्नोलॉजी जिससे सभी सितारे हैं परेशान

अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही टीवी, ओटीटी, बॉलीवुड इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ से जुड़ी इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिंदगी के साथ।