'राम तेरी गंगा मैली' से मंदाकिनी को काफी पॉपुलरिटी मिली थी। इस फिल्म में कुछ ऐसे सीन्स भी थे, जिसके चलते उन्हें विवादों का सामना करना पड़ा था। मंदाकिनी अपने करियर के कहीं ज्यादा उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़ी कॉन्ट्रोवर्सीज की वजह से चर्चा में रही थीं। 80-90 के दशक में उनकी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के साथ एक फोटो वायरल हुई थी, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था। इस फोटो में दोनों एक स्टेडियम में थे। इस फोटो के सामने आने के बाद मंदाकिनी के करियर भी काफी असर हुआ था। अब इसे लेकर सालों बाद मंदाकिनी ने चुप्पी तोड़ी है और इस पूरे विवाद पर रिएक्शन दिया है। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है?

दाऊद ने मुझे नहीं बुलाया था...

मंदाकिनी ने हाल ही में न्यूज एजेंसी ANI को दिए इंटरव्यू में इस पुरानी तस्वीर पर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि शारजाह स्टेडियम में क्रिकेट मैच देखने के लिए दाऊद ने उन्हें नहीं बुलाया था। उन्होंने कहा कि वह दुबई किसी शो के लिए गई थीं और इसके बाद वहां मैच देखने पहुंची थीं। ऐसे में दाऊद ने उन्हें नहीं बुलाया था। मंदाकिनी ने यह भी कहा कि उस मैच के दौरान ली गई तस्वीर विवादों का कारण बन गई और उन्हें इससे काफी नुकसान हुआ।

इस विवाद से मुझे काफी नुकसान हुआ...

मंदाकिनी ने यह भी कहा कि इस विवाद की वजह से उन्हें प्रोफेशनल लेवल पर काफी नुकसान हुआ और दाऊद के साथ उनका नाम जोड़कर कई तरह की अटकलें भी लगाई जाने लगीं। मंदाकिनी ने कहा, "मुझे अंदाजा नहीं था कि यह तस्वीर इतने बड़े विवाद का कारण बनेगी...हमारे साथ उस वक्त स्टेडियम में बहुत लोग थे...एक एक्टर होने के नाते हमें कई लोगों से मिलना पड़ता है...सब कुछ हमारे हाथ में नहीं होता है...मैं हर जगह इस विवाद का खंडन कर रही थी, लेकिन बाद में मुझे लगा कि ऐसी चीजों को हैंडल करने के लिए एक टीम होनी चाहिए, लेकिन मेरे पास ऐसी टीम नहीं थी।"

'राम तेरी गंगा मैली' के चर्चित सीन पर भी की बात

इस इंटरव्यू में मंदाकिनी ने 'राम तेरी गंगा मैली' के विवादित सीन पर भी बात की। इस मूवी को राज कपूर ने डायरेक्ट किया था। फिल्म के चर्चित और विवादित गाने 'तुझे बुलाएं ये मेरी बाहें' में मंदाकिनी सफेद साड़ी पहनकर झरने के नीचे नजर आई थीं। इसके अलावा फिल्म में एक ब्रेस्टफीडिंग का सीन भी था। इन्हें लेकर काफी विवाद हुआ था। मंदाकिनी ने कहा कि इन सीन का मतलब किसी तरह के अश्लीलता दिखना नहीं था, बल्कि गंगा के किरदार की मासूमियत और पवित्रता को दिखाना था। उन्होंने यह भी कहा कि इस सीन को करते वक्त उन्हें घिनौना महसूस नहीं हुआ था। वह उस वक्त 16 साल की थीं। उन्हें नहीं पता था कि आगे चलकर लोग इन्हें किस तरह देखेंगे।


अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री, ओटीटी, फिल्मी गलियारों से जुड़े पुराने किस्से और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।