ओटीटी पर इन दिनों एक वेब सीरीज खूब ट्रेंड कर रही है। इसका नाम है 'मुसाफिर कैफे'। अगर आप सुकून भरी प्यारी लव स्टोरीज देखने की शौकीन हैं, तो या तो आपने चंदर-सुधा और प्रीति की इस कहानी को देख लिया होगा या इसे अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर लिया होगा। नेटफ्लिक्स की इस सीरीज ने 24 घंटे के अंदर ही ऐप के सभी शोज को पछाड़ दिया था और नंबर 1 पर पहुंच गई थी। इस सीरीज में विक्रांत मैसी (चंदर), वेदिका पिंटो (सुधा) और महिमा मकवाना (प्रीति) के रोल में हैं। महिमा को उनके इस किरदार के लिए काफी तारीफ मिल रही हैं। बता दें कि महिमा बचपन से ही एंटरटेंमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी हैं और कई टीवी सीरियल्स का हिस्सा रही हैं। वह सलमान खान की एक फिल्म में भी नजर आ चुकी हैं। चलिए आपको उनके सफर के बारे में बताते हैं।
विक्रांत मैसी के साथ चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर कर चुकी हैं काम
'मुसाफिर कैफे' में आपने महिमा मकवाना को विक्रांत मैसी के अपोजिट देखा होगा, लेकिन क्या आपको पता है कि एक वक्त पर वो विक्रांत मैसी के साथ चाइल्ड एक्टर के तौर पर काम कर चुकी हैं।
करीब 15 साल पहले 'बालिका वधू' सीरियल में महिमा विक्रांत के साथ काम कर चुकी हैं। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया कि उस वक्त वो विक्रांत के पास फोटो क्लिक करवाने के लिए गई थीं और आज उनके साथ शो कर रही हैं। यह अपने आप में काफी खूबसूरत एहसास है।
6 महीने की उम्र में उठ गया था पिता का साया
महिमा मकवाना ने केवल 6 महीने की उम्र में ही अपने पिता को खो दिया था। उनकी मां ने काफी मेहनत करके उन्हें और उनके भाई को पाला। महिमा मुंबई में ही जन्मी हैं और घर की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने कम उम्र से ही काम करना शुरू कर दिया था और एंटरटेंमेंट इंडस्ट्री से जुड़ गई थीं। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि पहला टीवी शो मिलने से पहले उन्हें लगभग 500 बार रिजेक्शन झेलना पड़ा था।
यह भी पढ़ें- क्या वाकई 'तारक मेहता...' छोड़ रहे हैं जेठालाल? दिलीप जोशी ने खुद दिया जवाब
कई सीरियल्स और फिल्मों में कर चुकी हैं काम
महिमा मकवाना 'बालिका वधू', 'झांसी की रानी' और 'मिले जब हम तुम' सीरियल में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट नजर आई थीं। इसके बाद वो 'मोहे रंग दे' सीरियल का हिस्सा रहीं।
उन्हें असली पहचान 'सपने सुहाने लड़कपन' सीरियल में रचना का किरदार निभाकर मिली। उन्होंने तेलुगू फिल्म 'वेंकटपुरम' से फिल्मों में डेब्यू किया था। वह वेब सीरीज 'रंगबाज सीजन 2' और 'फ्लैश' का हिस्सा रही हैं। इसके साथ ही वो सलमान खान की फिल्म 'अंतिम' से बॉलीवुड में भी कदम रख चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- OTT पर ट्रेंड कर रही है Adarsh Baal Vidyalaya, आपको स्कूल के दिनों में ले जाएगी यह सीरीज
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही टीवी, ओटीटी, बॉलीवुड और सेलेब्स की लाइफ से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
