बॉलीवुड वेडिंग्स अक्सर 'टॉक ऑफ द टाउन' बन जाती हैं। खासकर आजकल सोशल मीडिया और पैप्स के जमाने में बी टाउन सितारों से जुड़ी हर बात लाइमलाइट में आ जाती है, लेकिन बॉलीवुड में कई ऐसी जोड़ियां भी हैं, जिनकी शादी काफी गुपचुप तरीके से हुई थी और मीडिया या उनके फैंस को भनक तक नहीं लगी थी। चलिए आपको ऐसे 5 सितारों के बारे में बताते हैं, जिनकी सीक्रेट वेडिंग ने सभी को हैरान कर दिया था।

1. जया बच्चन-अमिताभ बच्चन

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और जया भादुरी की शादी काफी सीक्रेट तरीके से हुई थी। फिल्म 'जंजीर' के सेट पर इनका प्यार परवान चढ़ा। यह फिल्म सुपरहिट रही और फिल्म की सफलता के बाद जया और अमिताभ लंदन घूमने जाना चाहते थे, लेकिन हरिवंश राय बच्चन ने कहा था कि अगर साथ जाना है तो पहले शादी करनी होगी। ऐसे में बेहद सादगी और गुपचुप तरीके से 3 जून 1973 को दोनों ने सात फेरे लिए थे। कहा जाता है कि इनकी बारात में केवल 5 लोग ही शामिल हुए थे। घर की रोशनी और बारात देखकर जब आस-पास के लोगों ने इस बारे में जानने की कोशिश की, तो यह कहा गया कि फिल्म की शूटिंग चल रही है।

2. सैफ अली खान-अमृता सिंह

सैफ अली खान ने साल 1991 में उम्र में 12 साल बड़ी अमृता सिंह से गुपचुप तरीके से शादी की थी। कहा जाता है कि इनकी शादी के लिए परिवार राजी नहीं था और ऐसे में दोनों ने घर से भागकर शादी की थी। यहां तक कि इनके परिवारों को भी शादी के बारे में अखबार की हेडलाइंस से पता चला था। हाल ही में एक पॉडकास्ट में सबा और सोहा (सैफ की बहनों) ने भी यह बात कही थी कि वो दोनों स्कूल में थीं और परिवार की तरफ से कॉल पर उन्हें सैफ की शादी की बात बताई गई थी और वो दोनों शादी का हिस्सा नहीं बन सकी थीं।

3. जूही चावला-जय मेहता

बॉलीवुड अभिनेत्री जूही चावला ने जाने-माने उद्योगपति जय मेहता से साल 1995 में सीक्रेटली शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं- बेटी जाह्नवी मेहता और बेटा अर्जुन मेहता। जूही ने सालों तक अपनी शादी को सीक्रेट रखा था। उस दौर में ऐसा माना जाता था कि शादी के बाद हीरोइन का करियर खत्म हो जाता है, कहा जाता है कि इस वजह से दोनों ने अपनी शादी को छुपाकर रखा था। जय की पहली पत्नी की साल 1990 में एक हादसे में मौत हो गई थी। कई रिपोर्ट्स में यह भी कहा जाता है कि जूही और जय की शादी से कुछ वक्त पहले जूही की मां का निधन हो गया था और इस वजह से भी शादी को काफी सादगी भरे ढंग से किया गया था।

4. धर्मेंद्र-हेमा मालिनी

धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की गिनती बड़े परदे की आइकॉनिक जोड़ियों में होती है। जब धर्मेंद्र की जिंदगी में हेमा आईं, तब वह पहले से शादीशुदा और चार बच्चों के पिता थे। दोनों की डेटिंग की खबरें मीडिया में सुर्खियां बटोरने लगी थीं। दोनों ने काफी गुपचुप तरीके से 21 अगस्त 1979 को शादी कर ली थी। कहा जाता है कि धर्मेंद्र ने धर्म बदलकर हेमा से शादी की थी।

5. अजय देवगन-काजोल

अजय देवगन और काजोल ने 24 फरवरी 1999 को अजय के मुंबई स्थित घर की छत पर एक निजी समारोह में शादी की थी। काजोल ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि उन्होंने जान-बूझकर मीडिया के लोगों को शादी का वेन्यू और डेट गलत बताई थी ताकि कोई उनकी शादी में न पहुंच सके।

 

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो, तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें। साथ ही टीवी, ओटीटी, बॉलीवुड और सेलेब्स की लाइफ से जुड़े इसी तरह के अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेंमेंट सेक्शन से।