'बिग बॉस 13' में शुरू हुआ हिमांशी खुराना और आसिम रियाज का रिश्ता काफी वक्त पहले ही टूट चुका है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से दोनों एक बार फिर अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में हैं। कुछ दिन पहले हिमांशी खुराना, पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट का हिस्सा बनी थीं और वहां आसिम का नाम लिए बिना उन्होंने दावा किया था कि उनके पिछले रिश्ते में उन पर 'धर्म परिवर्तन' का दबाव बनाया गया था और इसलिए उन्होंने वह रिश्ता तोड़ दिया था। अब आसिम रियाज ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर इन दावों को सिरे से खारिज किया है और इन पर कड़े शब्दों में पलटवार किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने पारस छाबड़ा को भी आड़े हाथों लिया है। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है?

तुम किस हद तक गिर सकती हो...

आसिम रियाज ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा है और हिमांशी खुराना के धर्म परिवर्तन वाले दावे पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी से धर्म बदलने के लिए नहीं कहा। आसिम ने लिखा, "मैंने कभी किसी से अपना धर्म बदलने के लिए नहीं कहा... एक बार भी नहीं। असल में, मैंने ही तुम्हें फिटनेस की ओर बढ़ाया छा.... मुझसे मिलने के बाद ही तुम शेप में आई थीं...सबको पता था कि उससे पहले तुम कैसी दिखती थीं...इसलिए प्लीज, धर्म का इस्तेमाल हथियार की तरह मत करो। यह बहुत सेंसिटिव टॉपिक है है और इतनी निजी चीज को लोगों के मन में मेरे लिए नफरत पैदा करने का जरिया बनाना बचकाना हरकत है। इससे पता चलता है कि अटेंशन पाने के लिए तुम किस हद तक गिर सकती हो।"

पैसा इंसान के चरित्र का पैमाना नहीं होता है...

आसिम रियाज यही नहीं रूके। उन्होंने आगे लिखा, "जहां तक रही मेरे करियर की बात....तो मुझे मेरा करियर बनाने के लिए कभी किसी की जरूरत नहीं थी और न ही मैं उसमें बिना किसी योगदान के किसी और को उसका क्रेडिट लेने दूंगा। किसके पास ज्यादा पैसा है और किसके पास कम...अगर सच में यह जानना है, तो बैंक स्टेटमेंट से इसका पता चल सकता है, लेकिन पैसा कभी भी इंसान के चरित्र का पैमाना नहीं रहा। कैरेक्टर का पता तो तब पता चलता है जब अटेंशन, अहमियत या कुछ व्यूज पाने की चाहत में इंसान किस हद तक गिर सकता है। सालों बाद, सिर्फ गॉसिप फैलाने के लिए पुराने रिश्तों और निजी जिंदगी को खोदकर निकालना, उस व्यक्ति के बारे में ज्यादा बताता है जो ऐसा कर रहा है, न कि उस व्यक्ति के बारे में जिसके बारे में बात हो रही है।"

यह भी पढ़ें- Himanshi Khurana and Asim Riaz Break Up: बिग बॉस 13 फेम आसिम रियाज और हिमांशी खुराना का हुआ ब्रेकअप, सोशल मीडिया पोस्ट कर दी जानकारी

पारस छाबड़ा पर भी साधा निशाना

आसिम रियाज ने अपनी इस पोस्ट में पारस छाबड़ा पर भी निशाना साधा और कहा, "और माइक के पीछे बैठे उस आदमी से, जिसका पेट सूअर की तरह बाहर निकला हुआ है और जिसने गॉसिप को ही अपना प्रोफेशन बनाया हुआ है...उससे मैं सम्मान के साथ कहना चाहूंगा कि भाई, दूसरों की जिंदगी पर चर्चा करने में थोड़ा कम और जिम में थोड़ा ज्यादा वक्त बिताओ।"

हिमांशी खुराना ने क्या कहा था?

हिमांशी खुराना ने पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में कहा था कि उन पर धर्म बदलने का दबाव बनाया गया था और एक रात उनसे कहा गया था कि अब यह सब पूजा-पाठ नहीं चलेगा। उन्होंने आसिम का नाम लिए बिना उस पर कई आरोप लगाए थे और कहा था कि एक वक्त पर उनके दिमाग में ऐसी बातें आने लगी थीं कि उन्हें सारे मंदिरों के दर्शन कर लेने चाहिए, क्योंकि इसके बाद वह अपने भगवान से कभी नहीं मिल पाएंगी।

यह भी पढ़ें- 'मेरी बातों का बतंगड़...', धर्म बदलने वाले बयान पर हिमांशी खुराना ने दी सफाई; जानें क्या है पूरा मामला?


अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही, टीवी, ओटीटी, बॉलीवुड इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।