स्टाफ सेलेक्शन कमीशन की तरफ से सीपीओ भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी होते ही उम्मीदवारों में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। दिल्ली पुलिस सब इंस्पेक्टर वैकेंसी में पुरुषों के लिए 205 पद और महिलाओं के लिए 112 पद खाली हैं। वहीं, CAPF में एसआई की 1320 वैकेंसी हैं। अगर आप भी दिल्ली पुलिस या अर्धसैनिक बलों (CAPFs) में सब-इंस्पेक्टर (SI) बनने का सपना देख रही हैं, तो आपके लिए यह जानना बहुत जरूरी है कि इस जॉब में हर महीने हाथ में कितनी सैलरी आती है? 7वें वेतन आयोग के मुताबिक चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-6 में जगह मिलती है। जानते हैं पूरी जानकारी...
एसएससी सीपीओ इन-हैंड सैलरी 2026
सबसे पहला सवाल यही होता है कि सारे कटौतियों के बाद हर महीने खाते में कितना पैसा आएगा। अगर शुरुआती हिसाब देखें तो बेसिक पे 35,400 रुपये होता है और सारे भत्ते मिलाकर ग्रॉस सैलरी करीब 47,496 रुपये बनती है। इसमें से एनपीएस और अन्य सरकारी कटौतियों के बाद इन-हैंड सैलरी लगभग 41,231 रुपये बनती है।
- दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर: यह ग्रुप 'C' की पोस्ट है। इसका ग्रेड पे 4,200 रुपये है और पे-स्केल 35,400 रुपये से 1,12,400 रुपये तक रहता है।
- CAPF में सब-इंस्पेक्टर: बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी में एसआई की पोस्ट ग्रुप 'B' में आती है। इसका ग्रेड पे भी 4,200 रुपये और पे-स्केल 35,400 से 1,12,400 रुपये है।
- सीआईएसएफ में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर: यह ग्रुप 'C' की पोस्ट है। इसका ग्रेड पे 2,800 रुपये है और पे-स्केल 29,200 रुपये से 92,300 रुपये तक रहता है।
(photo credit - shutterstock)
ट्रेनिंग के दौरान कितनी मिलती है सैलरी?
भर्ती होने के बाद जब आपकी ट्रेनिंग शुरू होती है, तब भी आपको अच्छी-खासी सैलरी दी जाती है। दिल्ली पुलिस और बाकी सभी सीएपीएफ बलों में ट्रेनिंग के दौरान ग्रॉस सैलरी एक जैसी ही होती है।
- सब-इंस्पेक्टर (दिल्ली पुलिस व CAPFs): 35,400 रुपये बेसिक पे, 6,018 रुपये डीए (17%), और 3,483 रुपये बाकी भत्ते मिलते हैं। इसमें से 4,142 रुपये एनपीएस कटने के बाद ट्रेनिंग के दौरान हाथ में लगभग 40,759 रुपये आते हैं।
- असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (CISF): 29,200 रुपये बेसिक पे, 4,964 रुपये डीए, 3,033 रुपये मेस अलाउंस और 450 रुपये वाशिंग अलाउंस मिलता है। इसमें 3,416 रुपये एनपीएस कटने के बाद टोटल इन-हैंड सैलरी 34,231 रुपये बनती है।
यह भी पढ़ें- SSC CHSL में महिलाओं के लिए हजारों कमाने का मौका, सरकारी नौकरी की यहां से लें जानकारी
ट्रेनिंग पूरी होने के बाद शहरों के हिसाब से इन-हैंड सैलरी
ट्रेनिंग खत्म होने के बाद आपकी इन-हैंड सैलरी इस बात पर निर्भर करती है कि आपकी पोस्टिंग किस शहर में हुई है। सरकार ने शहरों को तीन केटेगरी - X, Y और Z में बांटा है। बड़े शहरों (X केटेगरी) में एचआरए और टीए ज्यादा मिलता है, जिससे वहां इन-हैंड सैलरी भी ज्यादा होती है।
(photo credit - shutterstock)
- X केटेगरी शहर (जैसे दिल्ली, मुंबई): बेसिक पे 35,400 रुपये, डीए 6,018 रुपये, एचआरए 8,496 रुपये, टीए 3,600 रुपये और टीए पर डीए 612 रुपये मिलता है। कुल ग्रॉस सैलरी 54,126 रुपये होती है। एनपीएस (4,142 रुपये), सीजीएचएस (250 रुपये) और बीमा (30 रुपये) मिलाकर कुल 4,422 रुपये कटते हैं। इसके बाद हाथ में 49,704 रुपये सैलरी आती है।
- Y केटेगरी शहर: यहां एचआरए 5,664 रुपये और टीए 1,800 रुपये मिलता है। कुल ग्रॉस सैलरी 49,188 रुपये बनती है और कटौतियों के बाद इन-हैंड सैलरी 44,766 रुपये रहती है।
- Z केटेगरी शहर: यहां एचआरए 2,832 रुपये और टीए 1,800 रुपये मिलता है। ग्रॉस सैलरी 46,356 रुपये बनती है और कटौतियों के बाद लगभग 41,934 रुपये इन-हैंड सैलरी मिलती है।
सैलरी स्लिप में क्या-क्या जुड़ा और कटा होता है?
हर महीने मिलने वाली सैलरी स्लिप में आपकी कुल कमाई और कटौतियों का पूरा हिसाब-किताब दिया होता है।
- इसमें आपकी बेसिक सैलरी, महंगाई भत्ता (DA), मकान का किराया (HRA), आने-जाने का खर्च (TA) और स्पेशल ड्यूटी के लिए मिलने वाले खास भत्ते (जैसे रिस्क या यूनिफॉर्म अलाउंस) शामिल होते हैं।
- प्रोविडेंट फंड/एनपीएस का पैसा, इनकम टैक्स, प्रोफेशनल टैक्स और हेल्थ इंश्योरेंस या सीजीएचएस का चार्ज काटा जाता है।
- ग्रॉस कमाई में से सारी कटौतियां घटाने के बाद जो पैसा आपके बैंक अकाउंट में ट्रांसफर होता है, उसे नेट सैलरी कहते हैं। स्लिप में पूरे साल का ब्योरा (YTD) भी दिया रहता है।
निष्कर्ष
एसएससी सीपीओ 2026 के जरिए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों में सब-इंस्पेक्टर बनना न सिर्फ देश सेवा का शानदार मौका देता है, बल्कि एक मजबूत और सुरक्षित करियर भी देता है।
यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1936 पदों पर निकली भर्ती, जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Main Images: ssc website
