पेड़-पौधों का शौक केवल घर की खूबसूरती ही नहीं बढ़ाता, बल्कि यह कमाई का एक बेहतरीन जरिया भी बन सकता है। आजकल लोग केवल बागवानी के लिए ही नहीं, बल्कि घर को सजाने, किचन गार्डन बनाने, हवा साफ रखने और ऑफिस की खूबसूरती बढ़ाने के लिए भी पौधे खरीदते हैं। इसी बढ़ती मांग ने पौधों की नर्सरी के बिजनेस को महिलाओं के लिए एक फायदे का सौदा बना दिया है।

खास बात यह है कि इस काम को शुरू करने के लिए बहुत बड़ी जमीन या भारी बजट की जरूरत नहीं होती। सही प्लानिंग के साथ एक छोटे से हिस्से से शुरू की गई नर्सरी भी आगे चलकर बड़ा मुनाफा दे सकती है। जानते हैं इसके बारे में...

क्या है प्लांट नर्सरी का बिजनेस?

सरल शब्दों में कहें तो नर्सरी का बिजनेस विभिन्न प्रकार के छोटे-बड़े पौधों को उगाने, उनकी देखभाल करने और उन्हें ग्राहकों को बेचने का काम है। इसमें फूलों वाले पौधे, इनडोर प्लांट्स, फलदार पौधे, जड़ी-बूटियां और गार्डनिंग से जुड़ा सामान शामिल होता है। आपके ग्राहक आम लोगों से लेकर बड़े बिल्डर, लैंडस्केपर और कॉर्पोरेट ऑफिस भी हो सकते हैं।

नर्सरी बिजनेस के अलग-अलग मॉडल

अपनी जगह, बजट और ग्राहकों की पसंद के हिसाब से आप सही मॉडल चुन सकती हैं-

  • होम-बेस्ड नर्सरी: अगर बजट सीमित है, तो इसे घर की छत, बालकनी या आंगन से शुरू किया जा सकता है।
  • रिटेल नर्सरी: इसमें सीधे आम ग्राहकों को घर और ऑफिस के लिए पौधे बेचे जाते हैं।
  • होलसेल नर्सरी: इसमें बड़े पैमाने पर पौधे उगाकर दुकानदारों, लैंडस्केपर्स और बिल्डरों को थोक में सप्लाई किया जाता है।
  • ऑनलाइन नर्सरी: सोशल मीडिया या अपनी वेबसाइट के जरिए ऑर्डर लेकर घर तक पौधे पहुंचाए जाते हैं।
  • खास पौधों की नर्सरी: इसमें केवल एक जैसे पौधे जैसे इनडोर प्लांट्स, बोन्साई या औषधीय पौधों पर ध्यान दिया जाता है।

यह भी पढ़ें- घर बैठे क्रोशिया का बिजनेस कैसे शुरू करें? जानें शुरुआती से लेकर मुनाफे तक की पूरी गाइड

नर्सरी बिजनेस शुरू करने के आसान तरीके

यहां दिए गए कुछ तरीके से आप आसानी से अपना नर्सरी बिजनेस शुरू कर कर सकती हैं-

  • शुरुआत में ही तय कर लें कि आप किस तरह के पौधे बेचेंगी, आपका ग्राहक कौन है और आपका बजट कितना है।
  • अगर घर से शुरुआत कर रही हैं तो छत या बालकनी काफी है। बड़े स्तर पर काम करने के लिए ऐसी जगह चुनें जहां अच्छी धूप, पानी की सुविधा और आने जाने का आसान रास्ता हो।

  • छोटे स्तर पर यह काम बेहद कम पैसों में शुरू हो सकता है। आपको गमले, खाद, बीज, शेड नेट, सिंचाई के साधन और औजारों पर खर्च करना होगा।
  • बिजनेस को कानूनी रूप देने के लिए एमएसएमई रजिस्ट्रेशन और जीएसटी नंबर लिया जा सकता है। 
  • शुरुआत में उन पौधों को प्राथमिकता दें जिनकी मांग बाजार में हमेशा रहती है, जैसे सजावटी पौधे, मनी प्लांट, स्नेक प्लांट, तुलसी और मौसमी फूल।

कमाई की संभावनाएं और मुनाफा

नर्सरी के काम में लागत की तुलना में मुनाफा अच्छा मिलता है। आम तौर पर इस बिजनेस में 20% से 50% तक का मुनाफा आसानी से कमाया जा सकता है। इनडोर और फैंसी सजावटी पौधों में मार्जिन और भी बेहतर होता है।

बिक्री और मार्केटिंग कैसे करें?

बिक्री और मार्केटिंग के लिए यहां दिए गए निम्न तरीके आपके काम आ सकते हैं-

  • लोकल जगह पर करें संपर्क: आसपास के लोगों और स्थानीय सोसायटियों में प्रचार करें।
  • बिल्डर्स और लैंडस्केपर्स से हाथ मिलाएं: नए बन रहे मकानों और ऑफिस में हरियाली के लिए थोक ऑर्डर लें।
  • ऑनलाइन की लें मदद: इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए पौधों की तस्वीरें शेयर करें और लोकल डिलीवरी की सुविधा दें।

निष्कर्ष

घर की बालकनी या छोटे से प्लॉट से शुरू हुआ यह बिजनेस महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का एक शानदार जरिया है। सही जानकारी, थोड़ी सी देखभाल और बेहतर मार्केटिंग के साथ आप अपने इस हरियाली भरे शौक को एक सफल बिजनेस में बदल सकती हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।