Bombay High Court Cook Recruitment 2026: 12वीं पास करने के बाद स्टूडेंट्स सरकारी नौकरी की तैयारी में लग जाते हैं। आमतौर पर लोगों को ऐसा लगता है कि गवर्नमेंट जॉब पाने के लिए अधिक पढ़ा लिखा होना चाहिए। बता दें कि ऐसा नहीं है, बॉम्बे हाई कोर्ट ने चौथी पास उम्मीदवारों के लिए कुक पदों के लिए भर्ती निकाली है। हालांकि, इसके लिए कैंडिडेट्स के पास चौंथी कक्षा की मार्कशीट के साथ-साथ खाना बनाने में महारत हासिल होनी चाहिए। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार बॉम्बे हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट bombayhighcourt.gov.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। नीचे पढ़ें आवेदन से जुड़ी जरूरी जानकारी-

बॉम्बे हाई कोर्ट कुक के कितने पदों पर भर्ती निकली है?

बॉम्बे हाई कोर्ट कुक भर्ती 2026 की अधिसूचना 17 अगस्त 2026 को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की गई है। बॉम्बे हाई कोर्ट कुक के कुल 18 खाली पदों पर भर्ती निकाली गई हैं। इन पदों के लिए 18 से 38 वर्ष की आयु के उम्मीदवार (पिछड़े वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 43 वर्ष तक) आवेदन करने के योग्य हैं। कुल पदों में से 1 पद दिव्यांग कैंडिडेट के लिए है।

इसे भी पढ़ें- 12वीं के बाद इंडियन एयर फोर्स में करियर कैसे बनाएं? यहां पढ़ें भर्ती से जुड़ी जरूरी जानकारी

बॉम्बे हाई कोर्ट कुक के पदों पर आवेदन के लिए योग्यता

बॉम्बे हाई कोर्ट कुक के पदों पर आवेदन के लिए कम से कम चौथी कक्षा उत्तीर्ण की हो। साथ ही मराठी, हिंदी भाषा में बात करना, पढ़ना और बोलना आता हो। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन है। इच्छुक उम्मीदवार 10 सितंबर 2026 को शाम 5:00 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

बॉम्बे हाई कोर्ट कुक के पद पर कौन आवेदन कर सकता हैं?

बॉम्बे हाई कोर्ट कुक के पद पर आवेदन करने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता चौथी कक्षा उत्तीर्ण होना है। जिन उम्मीदवारों ने दसवीं, बारहवीं या डिप्लोमा उत्तीर्ण की है, लेकिन उनके पास चौथी कक्षा की मार्कशीट नहीं है, उन्हें आवेदन भरते समय चौथी कक्षा की योग्यता के लिए 50% (100 में से 50) अंक अनुमानित रूप से दर्ज करने होंगे। मान्यता प्राप्त पाक कला डिप्लोमा या प्रमाण पत्र पाठ्यक्रम उत्तीर्ण उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

बॉम्बे हाई कोर्ट में कुक भर्ती 2026 सैलरी

वे उम्मीदवार, जो इस पद पर चयनित होते हैं, उन्हें 7वें वेतन आयोग के वेतन मैट्रिक्स स्तर एस-3 के अनुसार 16,600 रुपये से 52,400 रुपये के वेतनमान में वेतन दिया जाएगा। साथ ही लागू नियमों के अनुसार अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे।

बॉम्बे हाई कोर्ट कुक भर्ती 2026 आवेदन शुल्क

आवेदन जमा करने के समय कोई शुल्क आवश्यक नहीं है। हालांकि, आवेदनों की स्क्रीनिंग के बाद चयनित उम्मीदवारों को ही 200 रुपये का शुल्क "रजिस्ट्रार, उच्च न्यायालय बेंच, औरंगाबाद" के नाम पर जारी किए गए डिमांड ड्राफ्ट या पोस्टल ऑर्डर के रूप में जमा करना होगा, जो किसी राष्ट्रीयकृत बैंक से देय हो।

इसे भी पढ़ें- बिहार में 32 हजार से ज्यादा शिक्षक पदों पर निकली भर्ती, जानें कौन-कौन कर सकता है आवेदन?

आवश्यक दस्तावेज

उम्मीदवारों को आवेदन के साथ निम्नलिखित दस्तावेजों की सेल्फ वेरिफाई फोटो कॉपी संलग्न करनी होगी। नीचे जानें जरूरी दस्तावेज-

  • शैक्षणिक योग्यताओं के लिए मार्कशीट और प्रमाण पत्र (चौथी, सातवीं, एसएससी/दसवीं, एचएससी/बारहवीं, और कुकिंग कोर्स/डिप्लोमा)
  • जन्म तिथि का प्रमाण (स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र या एसएससी बोर्ड प्रमाण पत्र)
  • विकलांगता प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
  • जाति प्रमाण पत्र (पिछड़े वर्ग के उम्मीदवारों के लिए)
  • किसी होटल/कैटरिंग प्रतिष्ठान से सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी किया गया कुकिंग एक्सपीरियंस सर्टिफिकेट(यदि लागू हो), जिसमें नाम, पता, वेतन, सेवा अवधि और जारी करने की तिथि अंकित हो।
  • खाना पकाने से संबंधित किसी विशेष प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
  • महाराष्ट्र निवास प्रमाण पत्र
  • विवाहित महिला उम्मीदवारों के लिए नाम परिवर्तन का प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
  • रोजगार एक्सचेंज पंजीकरण प्रमाण पत्र (यदि पंजीकृत हो)
  • किसी विशेष योग्यता का प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
  • आधार कार्ड की प्रति
  • न्यायालय प्रशासन द्वारा मांगे गए कोई अन्य दस्तावेज

बॉम्बे हाईकोर्ट कुक पद के लिए कैसे आवेदन करें?

बॉम्बे हाईकोर्ट कुक अधिसूचना में ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। आवेदन ऑफलाइन करने होंगे। नीचे आसान भाषा में जानें पूरी प्रक्रिया-

  • निर्धारित आवेदन प्रारूप प्राप्त करें
  • आवेदन पत्र को पूरी तरह और सही-सही भरें, अपने नाम की वर्तनी को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों से मिलाएं।
  • आवेदन पत्र में दिए गए स्थान पर पासपोर्ट आकार की हाल ही की कलर फोटो लगाएं।
  • ऊपर सूचीबद्ध सभी आवश्यक प्रमाण पत्रों और दस्तावेजों की स्व-सत्यापित फोटोकॉपी लगाएं। 
  • लिफाफे पर स्पष्ट रूप से "स्वयम्पाकी पद के लिए आवेदन" लिखें।
  • भरा हुआ आवेदन पत्र केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से नीचे दिए गए पते पर 10 सितंबर 2026 को शाम 5:00 बजे या उससे पहले भेजें ।

आवेदन भेजने का पता

प्रबंधक (प्रशासन)
मुंबई उच्च न्यायालय, खंडपीठ औरंगाबाद
जालना रोड, छत्रपति संभाजीनगर - 431009

इसे भी पढ़ें- 8th Pass Govt Jobs for Female: 8वीं पास के बाद कौन-कौन सी सरकारी नौकरी मिलती है? देखें पूरी लिस्ट

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific