अक्सर हम कीवी खाते हैं और उसके छिलके को कचरा समझकर फेंक देते हैं। हमें लगता है कि काम की चीज तो सिर्फ अंदर वाला फल है, लेकिन असली खजाना तो उसी छिलके में छिपा है। कीवी के छिलकों में विटामिन सी, विटामिन ई और नेचुरल एंजाइम होते हैं, जो रूखी और बेजान त्वचा को फिर से चमकदार बना सकते हैं। अगर आप महंगी क्रीम से परेशान हो गए हैं, तो एक बार घर पर ही इस नेचुरल क्रीम को जरूर ट्राई करें।
रूखी त्वचा के लिए सबसे सस्ता और नेचुरल इलाज
सर्दियों में या बदलते मौसम में त्वचा रूखी हो जाती है। चेहरा फटने लगता है, खिंचाव महसूस होता है और मेकअप भी अच्छा नहीं लगता है। ऐसे में बाजार की क्रीम भी कई बार काम नहीं करती है। ऐसे में कीवी के छिलकों से बनी ये होममेड क्रीम बहुत काम आ सकती है। इसे बनाना बहुत आसान है। एलोवेरा, शहद और कीवी के छिलकों के पाउडर से ये क्रीम तैयार हो जाती है। ये त्वचा को नमी देती है और धीरे-धीरे चेहरे पर नेचुरल चमक भी लाती है।
Photo Credit: Magnific
नेचुरल क्रीम बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
इस क्रीम को बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान नहीं चाहिए। सारा सामान घर पर ही मिल जाएगा।
सामग्री
- कीवी के छिलकों का पाउडर- 1 चम्मच
- शुद्ध एलोवेरा जेल- 1 चम्मच
- कच्चा शहद- आधा चम्मच
- ग्लिसरीन- आधा चम्मच
- गुलाब जल- कुछ बूंदें
कीवी के छिलकों का पाउडर कैसे बनाएं?
स्टेप 1
सबसे पहले कीवी के छिलकों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। ताकि मिट्टी और ऊपर की हल्की रोएं निकल जाएं।
स्टेप 2
अब इन्हें साफ कपड़े पर फैलाकर पूरी तरह सुखा लें। जब तक ये पूरी तरह सूख न जाएं, तब तक पाउडर न बनाएं।
स्टेप 3
सूखे छिलकों को मिक्सर या मसाला ग्राइंडर में डालकर बारीक पीस लें। पाउडर एकदम चिकना और गांठ से मुक्त होना चाहिए। अगर मोटे टुकड़े रह जाएं, तो छलनी से छान लें, ताकि त्वचा पर खरोंच न आए।
Photo Credit: Pinterest (Beauty)
घर पर कीवी के छिलकों की क्रीम बनाने की आसान विधि
स्टेप 1
एक साफ कटोरी में 1 चम्मच कीवी के छिलकों का पाउडर और 1 चम्मच एलोवेरा जेल डालें। दोनों को अच्छे से मिलाकर चिकना पेस्ट बना लें।
स्टेप 2
अब इसमें आधा चम्मच शहद और आधा चम्मच ग्लिसरीन डालें। शहद त्वचा में नमी खींचकर लाता है और त्वचा को सॉफ्ट बनाता है।
स्टेप 3
अगर क्रीम ज्यादा गाढ़ी लग रही है, तो इसमें गुलाब जल की कुछ बूंदें डालें। इससे क्रीम लगाने में आसान हो जाएगी। बस, आपकी नेचुरल कीवी क्रीम तैयार है।
इस क्रीम को लगाने का सही तरीका
- क्रीम को हमेशा साफ चेहरे पर लगाएं। आंखों और होठों के आसपास न लगाएं।
- क्रीम को सिर्फ 5 मिनट के लिए लगाएं और फिर गुनगुने पानी से धो लें। इससे पता चल जाएगा कि आपकी त्वचा को ये सूट कर रही है या नहीं।
- क्रीम को 10 से 15 मिनट तक हाइड्रेटिंग मास्क की तरह लगाकर रखें और फिर धो लें।
- कीवी में नेचुरल फ्रूट एसिड और एंजाइम होते हैं। इसलिए इस्तेमाल से पहले थोड़ी सी क्रीम को हाथ के अंदर वाले हिस्से पर लगाकर देखें। अगर जलन या खुजली हो, तो इसे न लगाएं।
Photo Credit: Magnific
क्रीम को कैसे स्टोर करें?
ये क्रीम ताजी चीजों से बनी है और इसमें कोई प्रिजर्वेटिव नहीं है। इसलिए इसे ज्यादा दिन तक नहीं रखा जा सकता है। हमेशा छोटी मात्रा में बनाएं। बची हुई क्रीम को एयरटाइट डिब्बे में डालकर फ्रिज में रखें। इसे 3 से 4 दिन के अंदर ही इस्तेमाल कर लें। ज्यादा पुरानी क्रीम त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती है।
कीवी के छिलके त्वचा के लिए क्यों हैं फायदेमंद?
कीवी का छिलका सिर्फ कचरा नहीं है। इसमें ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो त्वचा के लिए बहुत अच्छे माने जाते हैं।
- विटामिन C: यह त्वचा को ब्राइट करने में मदद करता है और दाग-धब्बों को हल्का करता है।
- विटामिन E: ये त्वचा को नमी देता है और रूखेपन को दूर करता है।
- नेचुरल एंजाइम: ये हल्के-हल्के डेड स्किन हटाने में मदद करते हैं, जिससे चेहरा साफ और फ्रेश दिखता है।
जब इन छिलकों को एलोवेरा और शहद के साथ मिलाया जाता है, तो यह एक बेहतरीन होममेड मॉइस्चराइजर बन जाता है।
यह भी पढ़ें- सर्दियों में महंगे लोशन का झंझट खत्म, किचन की चीजों से बनाएं होममेड ब्राइटनिंग क्रीम; मखमली हो जाएंगे हाथ-पैर
किन बातों का ध्यान रखें?
- क्रीम को गंदे हाथों से न लगाएं।
- धूप में निकलने से पहले इसे लगाकर न जाएं।
- अगर त्वचा बहुत ज्यादा सेंसिटिव है, तो पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
- एक साथ ज्यादा मात्रा न बनाएं।
महंगी क्रीम खरीदने से पहले एक बार किचन में नजर डाल लीजिए। जो चीज आप कचरा समझकर फेंक देते हैं, वही आपकी त्वचा के लिए सबसे अच्छा इलाज बन सकती है। कीवी के छिलकों की ये नेचुरल क्रीम रूखी त्वचा को नमी देगी और चेहरे पर धीरे-धीरे नेचुरल चमक भी लेकर आएगी।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
