Blush Ka Itihas: आज मेकअप की बात हो तो ब्लश के बिना कई महिलाओं का मेकअप अधूरा लगता है। कोई गुलाबी रंग से गालों को खूबसूरत बनाता है तो कोई पीच और कोरल शेड पसंद करता है। मगर क्या आपने कभी सोचा है कि जब बाजार में ब्लश, क्रीम और मेकअप ब्रश जैसी चीजें नहीं थीं, तब महिलाएं अपने गालों को लाल कैसे करती थीं? दिलचस्प बात यह है कि गालों को गुलाबी दिखाने का शौक आज का नहीं है। हजारों साल पहले भी महिलाएं चेहरे पर रंग लगाती थीं। इसके लिए वे ऐसी प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल करती थीं, जिनके बारे में जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे।

प्राचीन मिस्र से शुरू हुई गालों को लाल करना

चेहरे पर रंग लगाने का इतिहास काफी पुराना है। प्राचीन मिस्र में महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी खूबसूरत दिखने के लिए मेकअप करते थे। उस समय गालों और होंठों को लाल रंग देने के लिए लाल गेरू का इस्तेमाल किया जाता था। इसे पीसकर बारीक पाउडर बनाया जाता था और फिर तेल या दूसरे पदार्थों के साथ मिलाकर चेहरे पर लगाया जाता था।

इससे गालों पर हल्की लालिमा दिखाई देती थी। मिस्र की महिलाओं के सौंदर्य प्रसाधनों में आंखों का काजल, होंठों का रंग और गालों का रंग भी शामिल था। इसका प्रमाण प्राचीन मिस्र की कब्रों में मिले कॉस्मेटिक डिब्बों और सौंदर्य प्रसाधनों से मिलता है

शहतूत और फूलों प्राकृतिक ब्लश तैयार किया जाता था

प्राचीन ग्रीस में भी महिलाओं को गालों पर गुलाबी रंग लगाना पसंद था। उस समय शहतूत को मसलकर उसका रस निकाला जाता था और गालों पर लगाया जाता था।

इसके अलावा कुछ प्राकृतिक पौधों और खनिजों से भी लाल रंग तैयार किया जाता था। मतलब आज जिस ब्लश को हम मेकअप प्रोडक्ट समझते हैं, उसका शुरुआती रूप प्राकृतिक रंगों से तैयार होता था। हालांकि उस समय हर जगह एक जैसी सामग्री इस्तेमाल नहीं होती थी। अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध चीजों के हिसाब से सौंदर्य प्रसाधन तैयार किए जाते थे।

रोम में लाल गालों के साथ गोरी त्वचा का था फैशन

प्राचीन रोम में महिलाओं के बीच गोरी त्वचा और गुलाबी गालों का चलन काफी लोकप्रिय था। उस समय गोरी त्वचा को सामाजिक हैसियत और घर के अंदर रहने वाले जीवन से जोड़कर देखा जाता था। इसलिए महिलाएं चेहरे को हल्का दिखाने के लिए सफेद रंग के सौंदर्य प्रसाधन लगाती थीं और गालों पर लाल रंग का इस्तेमाल करती थीं।

कुछ कॉस्मेटिक्स में लाल गेरू के अलावा सिनाबार जैसे खनिज रंगों का भी इस्तेमाल होता था। मगर ध्यान देने वाली बात यह है कि सिनाबार में पारे का सल्फाइड होता है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। पुराने समय में मेकअप के लिए इस्तेमाल होने वाली हर चीज सुरक्षित नहीं थी।

बाजार में कब आया ब्लश?

19वीं सदी के आखिरी हिस्से में कंपनियों ने ऐसे कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने शुरू किए, जो महिलाओं को प्राकृतिक गुलाबी लुक दे सकें। 20वीं सदी में मेकअप आम लोगों के बीच ज्यादा लोकप्रिय हुआ और ब्लश भी कॉस्मेटिक किट का हिस्सा बनने लगा। आज बाजार में पाउडर, क्रीम, लिक्विड और टिंट जैसे कई तरह के ब्लश मिलते हैं। 

दिलचस्प बात यह है कि हजारों साल में ब्लश का रूप जरूर बदल गया, लेकिन इसे लगाने की वजह काफी हद तक वही रही।पहले महिलाएं प्राकृतिक मिट्टी, फलों और फूलों से रंग तैयार करती थीं, जबकि आज वही काम कॉस्मेटिक कंपनियां अलग-अलग फॉर्मूले से करती हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-Magnific, main image (ai)