फैशन और सुंदरता बढ़ाने के लिए इन दिनों महिलाएं कई तरह के हेयर स्टाइलिंग टूल्स का इस्तेमाल कर रही हैं। हेयर ड्रायर, कर्लर या फिर आयरनिंग, इससे बाल कुछ समय के लिए खूबसूरत लगते हैं लेकिन भविष्य में इनका हाल बुरा हो जाता है। आइए जानते हैं सीमित मात्रा में कैसे इनका उपयोग करें और होने वाले नुकसान से कैसे बालों को बचाएं...

Hair Styling Tools इस्‍तेमाल में बरतें ये सावधानियां

स्टाइलिंग के नाम पर आजकल बाजार में कई तरह के टूल्स उपलब्ध हैं। अधिकतर टूल्स बिजली से चलने वाले होते हैं। ये बालों के संपर्क में आते ही बालों की प्राकृतिक नमी और मजबूती खोने लगती है। यही नहीं, इनके लगातार प्रयोग से बाल धीरे-धीरे खराब होने लगते हैं और आपको लगता है कि शैंपू या फिर किसी और वजह से ऐसा हो रहा है। ऐसा नहीं है कि इनके इस्तेमाल पर किसी तरह की रोक है लेकिन हां, एक्सपर्ट इनके सीमित उपयोग की सलाह देते हैं। वे बताते हैं कि किस तरह से आप इनका इस्तेमाल करें ताकि बाल सुरक्षित रहें।

नष्ट होता केराटिन

केराटिन नामक प्रोटीन बालों की जान है। ये हाइड्रोजन बंधनों से एक साथ बंधे होते हैं। जब 180 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तापमान की गर्मी सीधे बालों पर लगती है, तो ये बंधन टूट जाते हैं। यह टूटना अस्थायी होता है, लेकिन बार-बार होने पर बाल स्थायी रूप से कमजोर हो जाते हैं। केराटिन बालों को मजबूती देने के साथ-साथ चमक भी लाता है। यह कम होने पर बाल टूटने लगते हैं।

नमी का नष्ट होना

अत्यधिक गर्मी बालों के भीतर मौजूद प्राकृतिक पानी, तेल और नमी खत्म करने लगती है। जब बालों की भीतरी परत यानी कॉर्टेक्स में नमी नहीं रहती तो बाल रूखे, कड़े, बेजान और जल्दी टूटने वाले हो जाते हैं।

क्यूटिकल का डैमेज होना

बालों की सबसे बाहरी परत क्यूटिकल एक सुरक्षा कवच की तरह होती है। बार-बार हीट लगाने से यह परत उठकर फट जाती है। एक बार यह क्षतिग्रस्त हो जाए तो बाल अंदर से असुरक्षित हो जाते हैं, जिससे छोटे से खिंचाव से भी टूट जाते हैं।

कैसे बरतें सावधानी?

बालों पर गर्म हवा डालने से पहले हीट प्रोटेक्शन सीरम लगाना बहुत जरूरी है। यह आपके बालों की ऊपरी परत पर एक सुरक्षा कवच बना देता है जिससे ड्रायर या आयरनिंग की सीधी गर्मी बालों पर न लगे।

  • सस्ते स्ट्रेटनर या कर्लर के प्रयोग से बचने की कोशिश करें। एक महीने में एक बार स्पा जरूर लें।
  • हफ्ते में एक बार प्रोटीन या केराटिन से भरपूर हेयर मास्क लगाएं। यह खोई हुई नमी वापस लाने और क्यूटिकल को बंद करने में मदद करता है।
  • सोने से पहले हल्के हाथों से बालों की तेल से मालिश करें। इससे बालों में नमी बनी रहती है और जड़ें मजबूत होती हैं।
  • हर छह से आठ हफ्ते में बालों की ट्रिमिंग जरूर कराएं। इससे दोमुंहे बाल हट जाते हैं और नए बाल आने की संभावना बढ़ जाती है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक- सुमन अग्रवाल

Images: magnific