आज कल लोग पूरे घर की सजावट के साथ ही अपनी बालकनी को भी सुंदर बनाने के लिए नए-नए तरीके आजमाते रहते हैं। इसके लिए मेहनत के साथ ही लोग काफी सारी महंगी-महंगी चीजें भी खरीद कर लाते हैं, ताकि उनकी बालकनी सबसे सुंदर और आलिशान दिख सके। वहीं कुछ लोग तो इसके लिए इंटीरियर डिजाइनर की भी मदद ले लेते हैं, जिससे उनका काफी सारा पैसा खर्च हो जाता है और कभी-कभी मनमुताबिक सजावट भी नहीं मिल पाती है। जबकि आप कम पैसों में खुद से ही अपने घर की बालकनी को सुंदर और आलीशान लुक दे सकते हैं। बस इसके लिए आपको कुछ टिप्स फॉलो करने होंगे। आज हम साज-सज्जा के तहत आपको ऐसे ही तरीके बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप अपनी बालकनी को नया और आलिशान लुक दे सकते हैं, वो भी कम पैसों में। चलिए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से-
कम बजट में इस तरह दें अपनी बालकनी को नया लुक
- पौधे- बालकनी को सजाने के लिए पौधे अच्छी पसंद हो सकते हैं। पौधे बालकनी को हरा-भरा और आकर्षक दिखाने का काम करते हैं और इनके लिए आपको ज्यादा पैसे भी खर्च करने की आवश्यकता नहीं होगी।
- वॉलपेपर- अगर आपको लगता है कि बालकनी की दीवार बोरिंग और पुरानी हो गई है, तो आप उसे नया लुक देने के लिए वॉलपेपर का इस्तेमाल कर सकते हैं। कम पैसों में आपको काफी सारे कलर और प्रिंट वाले वॉलपेपर आसानी से मिल जाएंगे।
- पेंटिंग- बालकनी दीवार पर आप फोटो फ्रेम या फिर पेंटिंग लगा सकते हैं, जो कि आपको 200 से 500 रुपये तक की कीमत में आसानी से मिल जाएंगे।
- एलईडी लाइट्स- एलईडी लाइट्स भी बालकनी को आकर्षक बना सकती हैं। आप अपनी बालकनी को सुंदर रूप देने के लिए कम बजट में एलईडी लाइट्स लाकर उन्हें बालकनी में लगा सकते हैं।
- रंग बिरंगे पर्दे और कुशन- अगर आपकी बालकनी में फर्निचर रखा हुआ है, तो उस पर आप रंग बिरंगे कवर लगा सकते हैं और अलग-अलग डिजाइन वाले कुशन रख सकते हैं। साथ ही अलग-अलग रंग के पर्दों की मदद से भी आप अपनी बालकनी को खूबसूरत बना सकते हैं।
