'बिग बॉस 20' में 13 अक्टूबर, मंगलवार की रात को घर के अंदर गुल्लू और नकुल के बीच हुए झगड़े ने सारे घरवालों के होश उड़ा दिए। नकुल ढुल की पिछले वीकेंड पर ही शो में एंट्री हुई थी और ऐसा लग रहा था कि वह शो में जमकर धमाल मचाने वाले हैं, लेकिन घर के अंदर उनका खेल शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया। नकुल और गुल्लू के झगड़े के बाद सारे घरवाले नकुल के खिलाफ हो गए। माही ने कहा कि ये दो दिन का आया हम पर राज कर रहा है...ये लोग बाहर से दुश्मनी लेकर आते हैं और यहां मारा-पीटी करते हैं? अरिश्फा उन्हें खतरनाक इंसान कहती हैं। इसके बाद उनका एविक्शन लगभग तय माना जा रहा था और बीती रात के एपिसोड में वह फाइनली घर से बाहर हो चुके हैं। चलिए आपको बताते हैं कि बीबी हाउस में क्या कुछ खास हो रहा है?

नकुल ढुल हुए घर से एविक्ट

बिग बॉस हाउस में हुई हिंसा के बाद घर में काफी तनाव देखने को मिलता है। घर के सदस्य इस मुद्दे पर अपने-अपने नजरिये से बात करते दिखाई देते हैं। माही विज इस पूरी घटना के बाद काफी गुस्से में नजर आती हैं और नकुल से उनकी खूब बहस होती है। आसिफ खान, माही विज और घर के कई अन्य सदस्य यह कहते हुए नजर आते हैं कि अगर नकुल को घर से बाहर नहीं किया गया, तो वो सभी घर से बाहर चले जाएंगे। इसके बाद बिग बॉस सभी घरवालों को लिविंग एरिया में इकट्ठा होने का आदेश देते हैं। बिग बॉस कहते हैं, "आज नकुल और गुल्लू के बीच अप्रिय हादसा हुआ....इस घर में हिंसा के लिए 20 साल पहले भी जगह नहीं थी और आज भी नहीं है...ऐसे में घर का नियम तोड़कर हिंसा करने के लिए नकुल आप इसी वक्त घर से बाहर होते हैं।" इसी के साथ नकुल का सफर तीसरे दिन ही खत्म हो जाता है।

काजी और गुल्लू ने कही यह बात

नकुल के एविक्शन के बाद काजी और गुल्लू कहते हैं कि हम लोग यहां कभी हिंसा और मारपीट नहीं करेंगे, हम शांति फैलाने वाले लोगों में से हैं और ऐसा ही करेंगे। गुल्लू और नकुल से झगड़े के बाद यह बात भी समझ आती है कि दोनों के बीच कोई पुराना विवाद है। हालांकि, बाद में जब घरवाले इस बारे में पूछते हैं तो नकुल कहते हैं कि वह गुल्लू को नहीं जानते, वह तो उनके उस्ताद की बात कर रहे थे।

लव के खिलाफ हुए घरवाले

नकुल और गुल्लू की हाथापाई के बाद जब लव नकुल के पास जाती हैं, तो सारे घरवाले उनसे नाराज हो जाते हैं। आसिफ कहते हैं- उसके पास बात करने क्यों गई थी? लव कहती हैं- उसके हाथ पर चोट लगी थी, तो मैं वहीं पूछने गई थी। इसके बाद सारे घरवाले उन पर बिफर जाते हैं। आसिफ उन्हें चापलूस कहते हैं, तो लव भी गुस्से में चीखने लगती हैं।

क्या घर में होगी नकुल की वापसी?

नकुल ढुल फिलहाल शो से एलिमिनेट हो गए हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर खबरें हैं कि वह शो में वापसी कर सकते हैं और इसे लेकर मेकर्स और उनकी टीम के बीच बातचीत चल रही है। हालांकि, इसे लेकर कोई ऑफिशियल कंफर्मेशन नहीं है, लेकिन वीकेंड के वार पर उनकी वापसी की चर्चा जोरों पर है।

कैप्टेंसी टास्क हुआ शुरू

'बिग बॉस 20' के बीती रात के प्रोमो में कैप्टेंसी टास्क की झलक दिखाई गई है। इस बार कैप्टेंसी टास्क में बड़ा ट्विस्ट है, जहां चारों एक्स कैप्टन इस बार कप्तानी की दावेदारी में खड़े नहीं हो सकते, लेकिन उनके पास विशेष अधिकार है कि वह दो घरवालों को कैप्टेंसी की रेस से बाहर कर सकते हैं। ऐसे में इस टास्क के दौरान जमकर हंगामा होना तय है।


अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।
Image Courtesy: Jio Hotstar