मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी फिलहाल बिग बॉस 20 में नजर आ रही हैं। शो में वह लगातार अपने अजीबोगरीब दावों और लड़ाई-झगड़े को लेकर सुर्खियों में हैं। एक टास्क के दौरान उन्होंने उदिति सिंह को गाली दी थी और काफी गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसे लेकर वीकेंड के वार पर सलमान खान ने उनकी क्लास लगाई थी। शो में उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें अपने खर्चे के लिए घर से सिर्फ 25 हजार रुपये मिलते थे और उन्होंने काफी संघर्ष देखा है। इन सारे दावों को लेकर पंजाबी सिंगर एकम बावा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से कई वीडियोज शेयर किए थे। उन्होंने खुद को रीति का स्टेपफादर बताया था और कहा था कि रीति के सारे दावे बेबुनियाद हैं। अब इन बातों पर रीति की टीम की तरफ से रिएक्शन आया है। चलिए आपको बताते हैं कि उनकी टीम ने क्या स्टेटमेंट जारी किया है?

रीति तिवारी की टीम ने एकम बावा के दावों को बताया गलत

रीति तिवारी की टीम ने उनके ऑफिशियल अकाउंट से एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में लिखा है, "हम रीति तिवारी और उनके परिवार के खिलाफ एकम बावा के किए गए झूठे दावों से बेहद निराश हैं, जिन्हें कई मीडिया प्लेटफॉर्म ने भी आगे बढ़ाया है। रीति फिलहाल बिग बॉस 20 के घर में हैं और खुद इन इल्जामों का जवाब नहीं दे सकती हैं। ऐसे में हम मीडिया हाउजेस से निवेदन करते हैं कि किसी के बारे में ऐसे असम्मानजनक दावों को सच मानने से पहले उनकी पूरी जांच कर लें और रीति की फैमिली को भी अपने बात कहने का मौका दें। उन झूठे दावों के लिए एकम बावा के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।"

एकम बावा ने रीति तिवारी के बारे में क्या कहा था?

एकम बावा ने अपने वीडियोज में कहा था कि वह और रीति की मां रानी कुछ सालों तक लिव इन रिलेशन में थे और फिर दोनों ने शादी कर ली थी। एकम ने यह भी कहा था कि रीति के पास महंगे बैग और कपड़े हैं और वह लाखों रुपये कमाती हैं। ऐसे में वो लोगों को पागल बनाने के लिए झूठे दावे न करें। एकम ने कहा था कि रीति और उनकी मां ने उन्हें बहुत टॉर्चर किया है और वह बिग बॉस 20 में भी सब कुछ झूठ बोल रही हैं। बता दें कि एकम बावा एक पंजाबी फोक और पॉप सिंगर हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, सेलेब्स और टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।