भारतीय समाज में सदियों से बेटियों को एक ही बात सिखाई जाती रही है 'एडजस्ट करना सीखो।' बचपन में भाई की खुशी के लिए अपनी पसंद का खिलौना छोड़ना, पढ़ाई के दौरान बंदिशें सहना और शादी के बाद अपने सपनों की बलि देकर रिश्ता बचाना, यही एक महिला की नियति मान ली जाती है, लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या किसी रिश्ते को चलाने और निभाने का पूरा ठेका सिर्फ महिला का ही है? जब समानता का अधिकार स्त्री और पुरुष दोनों को है, तो फिर समझोते की उम्मीद केवल महिलाओं से ही क्यों की जाती है?

किसी भी रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए आपसी समझ बेहद जरूरी है। हर महिला को अपने करियर में आगे बढ़ने और अपने सपने पूरे करने का पूरा हक है। शादी के बाद छोटी-मोटी बातों में तालमेल बिठाना स्वाभाविक हो सकता है, लेकिन अगर जीवनभर सिर्फ एक ही इंसान को झुकना पड़े, तो वहां ठहरकर सोचने की जरूरत है।

रिश्ते बचाने की कीमत सिर्फ महिला क्यों चुकाए?

अक्सर बेटियों को विदा करते समय माता-पिता कहते हैं, अब वही तुम्हारा घर है, वहां सबका दिल जीतकर नाम रोशन करना, लेकिन ससुराल कोई स्कूल या कॉलेज नहीं है, जहां किसी परीक्षा को पास करके नाम कमाना हो। यह एक ऐसा रिश्ता है जो बराबरी और सम्मान पर टिकता है।

अगर पति या ससुराल वाले कुछ गलत करते हैं, तब भी समाज महिला को ही सलाह देता है कि थोड़ा सहन कर लो, मामला शांत हो जाएगा। लेकिन सच तो यह है-

  • गलती जिसकी हो, सुधार भी उसी को करना चाहिए: शादी दो लोगों की साझेदारी है। अगर कोई आपके साथ गलत व्यवहार कर रहा है, तो उस रिश्ते में आ रही दरार के जिम्मेदार आप नहीं, बल्कि वह इंसान है।
  • अपनी खुशी और फैसला चुनने का हक: किसी रिश्ते में रहना है या उससे बाहर निकलना है, इसका फैसला करने की पूरी आजादी महिला को होनी चाहिए।
  • सहनशीलता की सीमा तय करना: हर बात पर चुप रहना और अत्याचार सहना समझदारी नहीं है। अगर आप आज अपने हक के लिए आवाज नहीं उठाएंगी, तो आने वाले समय में परिस्थितियां और कठिन हो जाएंगी।

बच्चों की जिम्मेदारी और सपनों से समझौता

बच्चे की परवरिश मां और बाप दोनों की संयुक्त जिम्मेदारी होती है, लेकिन आज भी हमारे समाज में यह मान लिया जाता है कि पिता केवल कमाकर लाएगा और मां अपने करियर, नौकरी और व्यक्तिगत पहचान को पूरी तरह भूलकर बच्चों और घर के कामकाज में लग जाएगी।

अगर कोई महिला काम पर जाना चाहती है, तो उससे यह उम्मीद की जाती है कि वह घर के सारे काम निपटाकर ही बाहर कदम रखे। अपनी आजादी या करियर के लिए महिलाओं को किसी की इजाजत की जरूरत नहीं होनी चाहिए। बच्चा दोनों का है, इसलिए जिम्मेदारियों का बंटवारा भी बराबर होना चाहिए।

शादी को लेकर मानसिक दबाव क्यों?

शादी का दबाव हमेशा चिल्लाकर या जबरदस्ती के रूप में सामने नहीं आता। यह दबाव किसी रिश्तेदार की शादी में माता-पिता की मायूस निगाहों के रूप में दिखता है। यह 'बस एक बार इस लड़के से मिल लो' जैसी बार-बार की जाने वाली गुजारिशों में छिपा होता है। जब एक-एक करके दोस्त सेटल होने लगते हैं, तो न चाहते हुए भी महिला एक अनदेखी दौड़ में पीछे छूटने का अनजाना डर महसूस करने लगती है।

परिवार की नीयत शायद खराब न हो, वे अपनी बेटी का भविष्य सुरक्षित देखना चाहते हैं, लेकिन इसका नतीजा यह होता है कि जो फैसला पूरी तरह व्यक्तिगत होना चाहिए था, उस पर पूरे समाज का नियंत्रण हो जाता है। शादी के दबाव के मुख्य कारण और संकेत निम्न प्रकार हैं-

  • उम्र का अनचाहा डर: एक निश्चित उम्र बीत जाने के बाद ऐसा माहौल बना दिया जाता है जैसे समय निकला जा रहा है, भले ही महिला मानसिक रूप से तैयार न हो।
  • दूसरों से तुलना करना: खुद की तैयारी और इच्छा को देखने के बजाय कजिन्स, दोस्तों और पड़ोसियों की शादियों से अपनी तुलना करना।
  • पसंद से ज्यादा शांति का एहसास: किसी जीवनसाथी को चुनते समय खुशी या उत्साह महसूस होने के बजाय परिवार की हां सुनकर सिर्फ राहत महसूस होना।
  • मजबूरी में दी गई सहमति: किसी रिश्ते के लिए इसलिए हां कह देना क्योंकि बार-बार मना करते-करते इंसान मानसिक रूप से पूरी तरह थक चुका होता है।

इस दबाव का मुख्य जरिया हमारा सामाजिक ताना-बाना और पुरानी सोच है। जब तक हम इस दबाव के कारणों को स्पष्ट रूप से नहीं पहचानेंगे, तब तक इससे बाहर निकलना आसान नहीं होगा।

निष्कर्ष

'चुप रहकर रिश्ता निभाने' की यह पुरानी सोच महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य और आत्मसम्मान को गहराई से नुकसान पहुंचा रही है। एक स्वस्थ शादी वही है जहां प्यार, बराबरी और आपसी सम्मान हो।