IBSF World Snooker Championship: आज महिलाएं हर एक फील्ड में अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं। खेल की दुनिया में भी कई महिला खिलाड़ी ऐसे मुकाम हासिल कर रही हैं, जिन पर पूरे देश को गर्व है। ऐसी ही एक खिलाड़ी हैं चेन्नई की अनुपमा रामचंद्रन, जिन्होंने स्नूकर की दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने लगातार दूसरी बार IBSF वर्ल्ड महिला स्नूकर चैंपियनशिप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। नीचे लेख में जानें कौन हैं अनुपमा रामचंद्रन, कैसे शुरू हुआ उनका खेल का सफर? 

कौन हैं अनुपमा रामचंद्रन?

अनुपमा रामचंद्रन भारत की जानी-मानी महिला स्नूकर और इंग्लिश बिलियर्ड्स खिलाड़ी हैं। वह तमिलनाडु के चेन्नई की रहने वाली हैं। उनका जन्म 19 मई 2002 को हुआ था। उन्होंने बहुत कम उम्र में ही क्यू स्पोर्ट्स (बिलियर्ड्स और स्नूकर) में अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी थी।

अनुपमा ने खेल के साथ अपनी पढ़ाई को भी जारी रखा। वह चेन्नई के M.O.P. वैष्णव कॉलेज फॉर वुमेन से जुड़ी रही हैं और पब्लिक पॉलिसी में पोस्टग्रेजुएशन की पढ़ाई भी कर चुकी हैं। 

13 साल की उम्र में शुरू हुआ था स्नूकर का सफर

अनुपमा की स्नूकर में दिलचस्पी किसी बड़े प्लान के तहत नहीं, बल्कि एक समर कैंप के दौरान शुरू हुई थी। करीब 13 साल की उम्र में वह चेन्नई के मायलापुर क्लब में आयोजित समर कैंप में शामिल हुई थीं। यहां उन्होंने पहली बार स्नूकर और बिलियर्ड्स को करीब से जाना।

धीरे-धीरे इस खेल में उनकी दिलचस्पी बढ़ती गई और उन्होंने इसे गंभीरता से लेना शुरू कर दिया। साल 2017 में उन्होंने अंडर-18 नेशनल स्नूकर चैंपियनशिप और IBSF वर्ल्ड ओपन अंडर-16 स्नूकर चैंपियनशिप जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

पहली बार साल 2025 में जीता था वर्ल्ड चैंपियनशिप का खिताब

अनुपमा के करियर का सबसे बड़ा पड़ाव नवंबर 2025 में आया, जब उन्होंने कतर के दोहा में आयोजित IBSF वर्ल्ड महिला स्नूकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में उनका सामना हांगकांग की दिग्गज खिलाड़ी एनजी ऑन यी (Ng On Yee) से हुआ था। इस मुकाबले में अनुपमा ने 3-2 से जीत हासिल की। इस जीत के साथ वह IBSF वर्ल्ड महिला स्नूकर चैंपियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गईं।

Image Credit- https://www.womenssnooker.com

साल 2026 में दूसरी बार जीता चैंपियनशिप

साल 2026 में अनुपमा ने एक बार फिर अपनी शानदार खेल प्रतिभा दिखाई। इंदौर में आयोजित IBSF वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप के महिला वर्ग के फाइनल में उनका मुकाबला हांगकांग चीन की सो मैन यान (So Man Yan) से हुआ। मुकाबले की शुरुआत में अनुपमा को पहला फ्रेम गंवाना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। शानदार वापसी करते हुए उन्होंने लगातार अगले तीन फ्रेम जीत लिए और 3-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-x